scorecardresearch

AI के दौर में करियर को बनाना है मजबूत? साल 2027 में इन 5 स्किल्स को सीखना हो सकता है फायदेमंद

AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच नौकरीपेशा लोगों के लिए नई स्किल्स सीखना बेहद महत्वपूर्ण होता जा रहा है। भारत में AI से जुड़े कोर्स की लोकप्रियता भी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में जानिए साल 2027 में किन स्किल्स पर निवेश करना आपके करियर के लिए फायदेमंद हो सकता है।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • भारत में AI से जुड़े माइक्रो-क्रेडेंशियल कोर्स में एनरोलमेंट 181 फीसदी बढ़ा।
  • AI सिक्योरिटी और एजेंटिक वर्कफ्लो कोर्स में एनरोलमेंट क्रमशः 296 और 238 फीसदी बढ़ा।
  • 2030 तक भारत में 3.8 करोड़ नौकरियों के कामकाज का स्वरूप बदल सकता है जनरेटिव AI।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल के साथ कामकाज का तरीका तेजी से बदल रहा है। ऐसे में नौकरीपेशा लोगों के लिए नई स्किल्स सीखना और खुद को अपडेट रखना जरूरी होता जा रहा है। हालांकि, करियर में आगे बढ़ने के लिए सिर्फ नए कोर्स पर पैसा खर्च करना ही नहीं, बल्कि सही स्किल्स का चुनाव करना भी महत्वपूर्ण है।

advertisement

Coursera की ग्लोबल स्किल्स रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, भारत में AI से जुड़े माइक्रो-क्रेडेंशियल कोर्स में एनरोलमेंट सालाना आधार पर 181 फीसदी बढ़ा है, जबकि वैश्विक स्तर पर यह बढ़ोतरी 122 फीसदी रही है। वहीं, AI कोर्स में कुल एनरोलमेंट 57 फीसदी बढ़ा है। रिपोर्ट में शामिल EY के अनुमान के मुताबिक, 2030 तक जनरेटिव AI भारत में 3.8 करोड़ नौकरियों के कामकाज का स्वरूप बदल सकता है। ऐसे में जानते हैं कि 2027 में नौकरीपेशा लोगों के लिए कौन-सी पांच AI स्किल्स सीखना फायदेमंद हो सकता है।

1. AI सिक्योरिटी 

भारत में AI सिक्योरिटी से जुड़े कोर्स में एनरोलमेंट 296 फीसदी बढ़ा है। कंपनियों में AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच संवेदनशील डेटा को सुरक्षित रखना, तकनीकी खामियों की पहचान करना और जोखिमों को मैनेज करना महत्वपूर्ण हो रहा है। साइबर सिक्योरिटी, टेक्नोलॉजी कंसल्टिंग और रिस्क मैनेजमेंट से जुड़े प्रोफेशनल्स के लिए यह स्किल उपयोगी हो सकती है।

2. एजेंटिक AI और वर्कफ्लो ऑटोमेशन

एजेंटिक वर्कफ्लो से जुड़े कोर्स में एनरोलमेंट 238 फीसदी बढ़ा है। यह ऐसी तकनीक है, जिसकी मदद से AI कई चरणों वाले काम कर सकता है। ऑपरेशंस, टेक्नोलॉजी, फाइनेंस और बिजनेस मैनेजमेंट से जुड़े लोग कामकाज की क्षमता बढ़ाने के लिए यह स्किल सीख सकते हैं।

3. जनरेटिव AI 

जनरेटिव AI कोर्स में एनरोलमेंट 125 फीसदी बढ़ा है। Coursera और Udemy पर भारतीय लर्नर्स हर मिनट 12 एनरोलमेंट कर रहे हैं। मार्केटिंग, कंटेंट क्रिएशन, फाइनेंशियल एनालिसिस और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से जुड़े प्रोफेशनल्स के लिए यह स्किल फायदेमंद हो सकती है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

4. AI और मशीन लर्निंग

मशीन लर्निंग की बुनियादी जानकारी से प्रोफेशनल्स को AI की क्षमताओं, सीमाओं और इस्तेमाल को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिल सकती है। तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने की सोच रहे कर्मचारियों के लिए भी यह अच्छी शुरुआत हो सकती है।

5. लार्ज लैंग्वेज मॉडल और प्रॉम्प्टिंग

लार्ज लैंग्वेज मॉडल और प्रॉम्प्टिंग भारत में तेजी से लोकप्रिय हो रही AI स्किल्स में शामिल हैं। इनकी मदद से प्रोफेशनल्स AI से बेहतर नतीजे हासिल करने के साथ अपनी प्रोडक्टिविटी बढ़ा सकते हैं।

advertisement

कोर्स चुनते समय किन बातों का रखें ध्यान?

किसी भी कोर्स पर पैसा खर्च करने से पहले उसकी उपयोगिता, कंपनियों में मान्यता, प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और करियर में संभावित फायदे का आकलन करना चाहिए। जरूरी नहीं कि महंगा कोर्स बेहतर नौकरी या ज्यादा सैलरी की गारंटी दे।

इसके अलावा क्रिटिकल थिंकिंग और मुश्किल समस्याओं को हल करने जैसी स्किल्स भी महत्वपूर्ण हैं। भारत में इनसे जुड़े कोर्स में एनरोलमेंट क्रमशः 65 फीसदी और 55 फीसदी बढ़ा है।