ये 4 फर्जी लोन ऐप्स आपको लगा सकते हैं लाखों की चपत! लिस्ट में NexusLoan, Future Loan सहित ये ऐप शामिल
CyberDost I4C ने Fake Loan Apps को लेकर लोगों को अलर्ट किया है। ये ऐप असली लोन प्लेटफॉर्म जैसे दिखकर आपकी निजी जानकारी और फोन की परमिशन का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। जानिए किसी Loan App को डाउनलोड करने से पहले क्या जांचें और साइबर ठगी होने पर तुरंत कहां शिकायत करें।

In Short
- CyberDost I4C ने Fake Loan Apps से सावधान रहने की सलाह दी है।
- ऐप डाउनलोड करने से पहले डेवलपर, कंपनी और RBI रेगुलेशन की जानकारी जरूर जांचें।
- साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
Fake Loan Apps: Fake Loan Apps: ऑनलाइन लोन लेने की जल्दी कहीं आपको साइबर ठगी का शिकार न बना दे। साइबर अपराधी ऐसे Fake Loan Apps बना रहे हैं, जो देखने में असली लोन देने वाले प्लेटफॉर्म जैसे लगते हैं। ये ऐप आपकी निजी जानकारी चुरा सकते हैं, फोन की परमिशन का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं और आपको फर्जी स्कीम में फंसा सकते हैं।
CyberDost I4C ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लोगों को ऐसे फर्जी Loan Apps से सावधान रहने की सलाह दी है। पोस्ट में चार ऐप के नाम भी दिखाए गए हैं, जिनमें NexusLoan - Credit Line App, Future Loan, CrediFactor और Credit Prairie शामिल हैं। पोस्ट में इन ऐप्स को Fake बताया गया है।
CyberDost I4C ने यह भी बताया है कि किसी भी Loan App को डाउनलोड करने से पहले किन बातों की जांच करना जरूरी है।
Loan App डाउनलोड करने से पहले कंपनी जांचें
CyberDost I4C के मुताबिक, किसी भी Loan App को फोन में डाउनलोड करने से पहले उसके डेवलपर और कंपनी की जानकारी जरूर चेक करनी चाहिए। यह देखना जरूरी है कि ऐप किस कंपनी का है और उससे जुड़ी जानकारी सही है या नहीं।
इसके अलावा यह भी पता करें कि जिस लेंडर से लोन दिया जा रहा है, वह RBI के तहत रेगुलेटेड है या नहीं।
यूजर रिव्यू को नजरअंदाज न करें
Loan App डाउनलोड करने से पहले उसके रिव्यू ध्यान से पढ़ें। अगर यूजर्स किसी संदिग्ध गतिविधि की शिकायत कर रहे हैं तो सावधान हो जाएं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: WhatsApp पर इनकम टैक्स का मैसेज आया है? हो सकता है साइबर ठगों का नया जाल
रिव्यू से आपको यह समझने में मदद मिल सकती है कि ऐप इस्तेमाल करने वाले दूसरे लोगों का अनुभव कैसा रहा है और ऐप में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि तो नहीं दिख रही।
निजी जानकारी शेयर करने में बरतें सावधानी
CyberDost I4C ने लोगों को अपनी संवेदनशील जानकारी और दस्तावेज बिना जांच किए शेयर न करने की सलाह दी है।
साथ ही Loan App को ऐसी परमिशन देने से भी बचना चाहिए जिसकी उसे जरूरत नहीं है। साइबर अपराधी इन परमिशन और निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।
ठगी हो जाए तो तुरंत यहां करें शिकायत
अगर आप किसी Fake Loan App या दूसरी ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं तो तुरंत कार्रवाई करें।
CyberDost I4C के मुताबिक, साइबर फ्रॉड होने पर 1930 पर कॉल किया जा सकता है। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर जाकर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।

