scorecardresearch

Elon Musk को सता रहा किस बात का डर? SpaceX ने नियुक्त किए 5 लॉबिस्ट, अमेरिका में बढ़ी सियासी हलचल

एलन मस्क की कंपनी SpaceX की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अमेरिका में डेमोक्रेट्स के बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच कंपनी ने पांच अनुभवी लॉबिस्ट नियुक्त किए हैं। वहीं, मस्क ने खुद को ट्रंप की MAGA राजनीति से अलग बताया है। आखिर SpaceX को किस बात का डर सता रहा है और क्यों बढ़ सकती है जांच?

Advertisement

In Short

  • SpaceX ने डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े 5 अनुभवी लॉबिस्ट नियुक्त किए।
  • डेमोक्रेटिक सांसद मस्क के कारोबार और सरकारी रिश्तों की जांच कर सकते हैं।
  • चुनावी नतीजों के बाद एलन मस्क ने खुद को MAGA राजनीति से अलग बताया।

अमेरिकी अरबपति एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी SpaceX आने वाले दिनों में राजनीतिक जांच और बढ़ते दबाव का सामना कर सकती है। अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी के कांग्रेस पर नियंत्रण की तैयारी के बीच कंपनी ने डेमोक्रेट्स से जुड़े पांच अनुभवी लॉबिस्ट नियुक्त किए हैं। फॉक्स न्यूज डिजिटल की रिपोर्ट के मुताबिक, डेमोक्रेटिक सांसद मस्क के कारोबारी सौदों, सरकारी रिश्तों और SpaceX की गतिविधियों की जांच करने की तैयारी में हैं।

advertisement

SpaceX ने क्यों नियुक्त किए 5 नए लॉबिस्ट?

सार्वजनिक रिकॉर्ड के मुताबिक, SpaceX ने वॉशिंगटन डीसी की लॉबिंग फर्म Mehlman Consulting के पांच अनुभवी लॉबिस्ट की सेवाएं ली हैं। इनमें कई लोगों के डेमोक्रेटिक पार्टी के बड़े नेताओं और पिछले प्रशासन से करीबी संबंध रहे हैं।

नए लॉबिस्ट में सीनेटर मारिया कैंटवेल के पूर्व डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ भी शामिल हैं। कैंटवेल जनवरी में प्रभावशाली कॉमर्स कमेटी की कमान संभाल सकती हैं। इसके अलावा पूर्व उपराष्ट्रपति अल गोर के एक पूर्व सहयोगी और कई वरिष्ठ डेमोक्रेटिक स्टाफर भी इस टीम का हिस्सा हैं।

रिकॉर्ड के मुताबिक, इनकी नियुक्ति का प्रभावी रजिस्ट्रेशन 1 अक्टूबर से है।

SpaceX के खिलाफ किन मामलों में हो सकती है जांच?

डेमोक्रेटिक सांसदों ने मस्क की कंपनियों और अमेरिकी सरकार के बीच संबंधों की जांच के संकेत दिए हैं।

इनमें यूक्रेन की सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाओं को कथित तौर पर सीमित करने, अमेरिकी रक्षा विभाग की SpaceX पर निर्भरता और ट्रंप प्रशासन के साथ मस्क के रिश्तों से जुड़े संभावित हितों के टकराव जैसे मुद्दे शामिल हैं।

Image Credit : Business Today

रिपोर्ट के मुताबिक, SpaceX की अनुमानित वैल्यू करीब 2 ट्रिलियन डॉलर है। कंपनी के कारोबार में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेलीकम्युनिकेशन और स्पेस ट्रांसपोर्टेशन शामिल हैं। ऐसे में कंपनी की वैल्यू में बड़ी गिरावट का असर व्यापक अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है।

ट्रंप की MAGA राजनीति से दूरी बना रहे मस्क?

रिपब्लिकन पार्टी के कमजोर मध्यावधि चुनाव प्रदर्शन के बाद एलन मस्क ने खुद को दक्षिणपंथी राजनीति से अलग दिखाने की कोशिश की है।

हाल ही में न्यूयॉर्क टाइम्स के एक समिट में मस्क ने कहा कि वह 'MAGA' नहीं हैं।

उन्होंने चुनावों पर बड़ी रकम खर्च करने को लेकर निराशा भी जताई। मस्क के मुताबिक, इतना पैसा खर्च करने के बावजूद उन्हें खास नतीजे नहीं दिखे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि शायद उनके समर्थन के बिना स्थिति और खराब होती।

Palantir ने भी अपनाया यही रास्ता

SpaceX अकेली ऐसी टेक कंपनी नहीं है, जिसने डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े लॉबिस्ट नियुक्त किए हैं। टेक कंपनी Palantir ने भी डेमोक्रेट्स से संबंध रखने वाले लॉबिस्ट की सेवाएं ली हैं।

advertisement

AI Now Institute की सीनियर फेलो और बाइडेन प्रशासन की पूर्व अधिकारी आया इब्राहिम ने NPR से कहा कि बड़ी टेक कंपनियों के पास काफी पैसा है और वे जवाबदेही से बचने के लिए इसे अलग-अलग जगह खर्च करने की कोशिश करेंगी।

टेक शेयरों पर भी दिखा असर

डेमोक्रेट्स की मध्यावधि चुनाव में जीत के बाद टेक्नोलॉजी शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली। खासतौर पर AI इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर से जुड़ी कंपनियों के शेयर दबाव में रहे।

निवेशकों को आशंका है कि नई राजनीतिक परिस्थितियों में टेक कंपनियों पर नियम और निगरानी सख्त हो सकती है। ऐसे माहौल में SpaceX की लॉबिस्ट नियुक्तियों को संभावित राजनीतिक चुनौतियों से निपटने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।