
रिटायरमेंट के बाद हर महीने ₹91,262 की कमाई? EPFO के नए प्लान में ऐसे मिलेगा PF और पेंशन का फायदा
रिटायरमेंट के बाद हर महीने ₹91,262 की इनकम का रास्ता खुल सकता है। EPFO के नए प्रस्तावित प्लान से नौकरीपेशा लोगों को PF की जमा रकम के साथ पेंशन का भी फायदा मिल सकता है। आखिर कैसे बनेगी डबल इनकम, किसे मिलेगा फायदा और क्या है पूरा कैलकुलेशन? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- EPFO के नए प्लान से रिटायरमेंट के बाद हर महीने PF से पैसा निकाल सकेंगे।
- ₹1 करोड़ के PF फंड पर पेंशन समेत ₹91,262 मासिक मिल सकते हैं।
- SWP के तहत मासिक, तिमाही या छमाही निकासी का विकल्प मिलेगा।
नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट के बाद नियमित कमाई का नया रास्ता खुल सकता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत कर्मचारी अपने PF खाते में जमा पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय हर महीने एक तय राशि निकाल सकेंगे। खास बात यह है कि पात्र कर्मचारियों को EPF से निकासी के साथ EPS की पेंशन भी मिल सकती है।
कैसे मिलेगी रिटायरमेंट के बाद डबल इनकम?
EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 240वीं बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया के मुताबिक, कर्मचारी अपनी जरूरत के हिसाब से हर महीने, तीन महीने या छह महीने में पैसा निकालने का विकल्प चुन सकेंगे।
इस व्यवस्था में कमाई के दो स्रोत होंगे। पहला EPF खाते से नियमित निकासी और दूसरा कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के तहत मिलने वाली पेंशन। हालांकि, EPF से निकाली जाने वाली रकम कर्मचारी की अपनी बचत होगी, जो समय के साथ खत्म भी हो सकती है।
₹1 करोड़ के PF पर हर महीने कितने पैसे मिलेंगे?
अगर किसी कर्मचारी के EPF खाते में रिटायरमेंट के समय ₹1 करोड़ जमा हैं और सालाना 8.25 फीसदी रिटर्न मिलता है, तो 20 साल तक हर महीने करीब ₹79,833 निकाले जा सकते हैं।
अगर इसके साथ ₹11,429 की अनुमानित EPS पेंशन भी मिलती है, तो कुल मासिक इनकम ₹91,262 हो सकती है।
इसी तरह ₹50 लाख के EPF फंड से हर महीने करीब ₹39,917 और ₹25 लाख के फंड से करीब ₹19,958 मिल सकते हैं। इन दोनों आंकड़ों में EPS पेंशन शामिल नहीं है। ये केवल अनुमानित गणनाएं हैं, गारंटीड भुगतान नहीं।

EPS पेंशन का कैलकुलेशन कैसे होता है?
EPS पेंशन कर्मचारी की पेंशन योग्य सैलरी और नौकरी के वर्षों पर निर्भर करती है।
इसका फॉर्मूला है:
मासिक EPS पेंशन = पेंशन योग्य सैलरी × पेंशन योग्य सेवा अवधि ÷ 70
मौजूदा सामान्य नियमों में पेंशन योग्य सैलरी की सीमा ₹15,000 है। अगर कर्मचारी की पात्र सेवा अवधि 30 साल है और लागू होने पर दो साल का अतिरिक्त वेटेज मिलता है, तो मासिक पेंशन करीब ₹6,857 हो सकती है।
वहीं, ₹25,000 की पेंशन योग्य सैलरी मानने पर पेंशन ₹11,429 बनती है। हालांकि, इसे सभी कर्मचारियों के लिए तय सीमा या गारंटीड पेंशन नहीं माना जाना चाहिए।
कब लागू होगा नया प्लान?
EPFO ने फिलहाल SWP प्रस्ताव को मंजूरी दी है, लेकिन निकासी की सीमा, ब्याज और अन्य शर्तों से जुड़े विस्तृत नियम अभी जारी नहीं हुए हैं।
रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली वास्तविक रकम PF बैलेंस, ब्याज दर और निकासी की अवधि पर निर्भर करेगी। साथ ही महंगाई बढ़ने से तय मासिक रकम की खरीदने की क्षमता घट सकती है।
ऐसे में कर्मचारियों को समझना होगा कि EPS नियमित पेंशन देता है, जबकि SWP में पैसा उनकी जमा रिटायरमेंट बचत से निकलेगा। दोनों मिलकर मासिक जरूरतें पूरी करने में मदद कर सकते हैं, लेकिन दोनों की आर्थिक सुरक्षा अलग-अलग है।


