ChatGPT पर अब कोई नहीं पढ़ पाएगा आपकी सीक्रेट चैट! PIN और Face ID से होगी लॉक, लेकिन ये गलती पड़ सकती है भारी
OpenAI ने यूजर्स की प्राइवेसी बढ़ाने के लिए नया Locked Chats फीचर पेश किया है। इसकी मदद से अब पर्सनल बातचीत को चार अंकों के PIN, Face ID या Touch ID से लॉक किया जा सकेगा। लॉक की गई चैट सामान्य हिस्ट्री में दिखाई नहीं देगी। हालांकि, इस फीचर में एक ऐसी शर्त भी है, जिसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

In Short
- ChatGPT में PIN और Face ID से लॉक होंगी पर्सनल चैट।
- लॉक की गई बातचीत चैट हिस्ट्री और सर्च से छिप जाएगी।
- PIN रीसेट करने पर लॉक चैट और प्राइवेट मेमोरी हमेशा के लिए डिलीट होंगी।
ChatGPT इस्तेमाल करने वालों के लिए OpenAI ने एक नया प्राइवेसी फीचर पेश किया है। अब यूजर्स अपनी पर्सनल या जरूरी बातचीत को PIN, Face ID या Touch ID की मदद से लॉक कर सकेंगे। यह फीचर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जो अपने फोन या लैपटॉप को परिवार या दोस्तों के साथ शेयर करते हैं, लेकिन नहीं चाहते कि कोई उनकी निजी बातचीत पढ़े।
कैसे काम करेगा ChatGPT का नया Locked Chats फीचर?
नए Locked Chats फीचर की मदद से यूजर्स किसी भी सामान्य चैट को चार अंकों के PIN से सुरक्षित कर सकेंगे। सपोर्टेड डिवाइस पर Face ID और Touch ID का विकल्प भी मिलेगा।
किसी चैट को लॉक करने के बाद वह सामान्य चैट हिस्ट्री, पिन की गई बातचीत और सर्च रिजल्ट से गायब हो जाएगी। इसके बजाय वह अलग Locked Chats सेक्शन में दिखाई देगी, जिसे अनलॉक करने के बाद ही खोला जा सकेगा।
यह फीचर Temporary Chats से अलग है। टेम्पररी चैट हिस्ट्री में सेव नहीं होती और बाद में हट जाती है, जबकि लॉक की गई चैट सेव रहती है और जरूरत पड़ने पर दोबारा खोली जा सकती है।
पर्सनल चैट की मेमोरी भी रहेगी अलग
इस फीचर की एक खास बात ChatGPT की मेमोरी से जुड़ी है। अगर यूजर ने Memory फीचर ऑन किया है, तो लॉक की गई चैट की अलग मेमोरी होगी।
चैट लॉक करने के बाद उसमें की गई नई बातचीत सामान्य मेमोरी को अपडेट नहीं करेगी। इससे निजी बातचीत की जानकारी दूसरी सामान्य चैट में इस्तेमाल होने से बच सकेगी।
हालांकि, चैट लॉक करने से पहले ChatGPT ने जो जानकारी याद रखी है, वह अपने आप नहीं हटेगी।
PIN भूल गए तो हो सकता है बड़ा नुकसान
OpenAI के मुताबिक, चैट लॉक करने का मतलब यह नहीं है कि बातचीत को एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन मिल जाएगा। इससे कंपनी की डेटा स्टोरेज अवधि या मॉडल ट्रेनिंग से जुड़ी सेटिंग्स भी नहीं बदलेंगी।
सबसे जरूरी बात यह है कि अगर कोई यूजर अपना चार अंकों का PIN भूल जाता है और उसे रीसेट करता है, तो पुराने PIN से सुरक्षित सभी लॉक चैट, छिपी हुई फाइलें और प्राइवेट मेमोरी हमेशा के लिए डिलीट हो जाएंगी।
कंपनी के मुताबिक, डिलीट होने के बाद इन्हें कस्टमर सपोर्ट की मदद से भी वापस नहीं लाया जा सकेगा।
किन यूजर्स को मिलेगा यह फीचर?
Locked Chats फीचर वेब, Windows, Mac, Android और iOS यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है।
यह ChatGPT Free, Go, Plus, Pro, Business, Enterprise और Edu प्लान पर उपलब्ध होगा। हालांकि, ChatGPT for Healthcare प्लान में यह सुविधा नहीं मिलेगी।
इसके अलावा, Temporary Chats, Archived Chats, Group Chats और शेयर किए गए लिंक से बनी बातचीत को लॉक नहीं किया जा सकेगा। शेड्यूल्ड टास्क या मीटिंग रिकॉर्डिंग वाली चैट भी इस सुविधा से बाहर रहेंगी।
फिलहाल फीचर धीरे-धीरे जारी किया जा रहा है, इसलिए सभी यूजर्स तक पहुंचने में कुछ दिन लग सकते हैं।

