AI छीन लेगा इंसानों की नौकरियां? बिल गेट्स ने अगले 20 साल को लेकर जताई चिंता, इन सेक्टर्स पर मंडरा रहा खतरा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से इंसानों के काम करने का तरीका बदल रहा है। लेकिन आने वाले वर्षों में इसका असर कितना बड़ा होगा? माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने चेतावनी दी है कि अगले 20 साल नौकरियों और समाज के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। उन्होंने कुछ ऐसे सेक्टर्स का जिक्र किया है, जहां AI इंसानों की जगह ले सकता है। जानिए क्या कहा।

In Short
- बिल गेट्स ने चेताया कि AI अगले 20 साल में रोजगार और समाज में बड़े बदलाव ला सकता है।
- अकाउंटिंग, कस्टमर सपोर्ट और टेलीसेल्स जैसी नौकरियां AI से प्रभावित हो सकती हैं।
- साइबर हमलों और AI के गलत इस्तेमाल पर गेट्स ने सख्त निगरानी की जरूरत बताई।
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगले 20 साल में AI नौकरियों, कारोबार और लोगों के जीवन को बड़े पैमाने पर बदल सकता है। कुछ क्षेत्रों में रोजगार के अवसर घट सकते हैं, जबकि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में नए मौके पैदा हो सकते हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तेजी से हमारी जिंदगी का हिस्सा बन रहा है। लेकिन क्या आने वाले वर्षों में यह तकनीक इंसानों की नौकरियों के लिए चुनौती बन सकती है?
बिल गेट्स ने The Verge के Decoder पॉडकास्ट में कहा कि AI के कारण अगले दो दशकों में अर्थव्यवस्था और समाज को बड़े बदलावों से गुजरना पड़ सकता है। इस दौरान कुछ लोगों को फायदा होगा, जबकि दूसरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
किन नौकरियों पर पड़ सकता है असर?
गेट्स के मुताबिक, AI सबसे पहले उन नौकरियों को प्रभावित कर सकता है, जिनमें कंप्यूटर और जानकारी से जुड़े काम होते हैं।
उन्होंने अकाउंटिंग, टेलीसेल्स और कस्टमर सपोर्ट जैसे क्षेत्रों का उदाहरण दिया। AI इन कामों को कम समय और कम लागत में पूरा करने में सक्षम हो सकता है।
आगे चलकर ह्यूमनॉइड रोबोट निर्माण, खेती और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में भी इंसानों के कई काम संभाल सकते हैं।
हालांकि, गेट्स ने माना कि ये बदलाव कितनी तेजी से होंगे, इसका सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है।
अगले 2 से 3 साल में दिख सकते हैं खतरे
गेट्स ने AI के गलत इस्तेमाल और साइबर हमलों को भी बड़ी चुनौती बताया। उनके मुताबिक, अगले दो से तीन वर्षों में साइबर सुरक्षा और रोजगार बाजार पर AI के कुछ नकारात्मक प्रभाव दिखाई दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि AI की सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल टेक कंपनियों पर नहीं छोड़ी जानी चाहिए। इसके लिए सरकारों की निगरानी और मजबूत सुरक्षा नियम जरूरी हैं।
स्वास्थ्य और खेती में मिल सकते हैं बड़े फायदे
गेट्स का मानना है कि AI से दवाओं की खोज, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि अनुसंधान में तेजी आ सकती है। उन्होंने बताया कि Gates Foundation दवाओं के विकास, अफ्रीकी भाषाओं और कृषि से जुड़े शोध में AI का इस्तेमाल कर रही है।
AI किसानों के लिए मौसम का पूर्वानुमान बेहतर बनाने और नई कृषि तकनीक विकसित करने में भी मदद कर सकता है।
क्या भविष्य में कम करना पड़ेगा काम?
गेट्स ने कहा कि AI के बढ़ते इस्तेमाल से भविष्य में काम के घंटे घटाने और जल्दी रिटायरमेंट जैसे विकल्पों पर भी विचार करना पड़ सकता है। उन्होंने बच्चों की देखभाल, कला, खेल और खाना बनाने जैसे क्षेत्रों में इंसानों की भूमिका बनाए रखने की संभावना भी जताई।
गेट्स ने स्पष्ट किया कि वह AI के भविष्य को लेकर निराशावादी नहीं हैं। उनका मानना है कि यह तकनीक बड़े फायदे दे सकती है, लेकिन इसके जोखिमों को संभालने के लिए सरकारों, कंपनियों और समाज को मिलकर फैसले लेने होंगे।
गेट्स का मुख्य संदेश है कि AI का भविष्य केवल तकनीक की क्षमता पर नहीं, बल्कि इस बात पर भी निर्भर करेगा कि इंसान इसका इस्तेमाल कैसे करते हैं।

