
Apple Watch Series 12 और Ultra 4 में क्या होगा खास, 9 सितंबर से पहले फीचर्स को लेकर सामने आई नई जानकारी
Apple के 9 सितंबर इवेंट में नई Apple Watch Series 12 और Ultra 4 से पर्दा उठ सकता है। इस बार डिजाइन में बड़ा बदलाव शायद न हो लेकिन परफॉर्मेंस और हेल्थ ट्रैकिंग में कई अपग्रेड मिलने की उम्मीद है। कुछ चर्चित फीचर्स को लेकर आई नई जानकारी यूजर्स को चौंका सकती है।

In Short
- Apple Watch Series 12 और Ultra 4 को 9 सितंबर के इवेंट में पेश किए जाने की उम्मीद।
- नई वॉच में S11 या नया चिप और बेहतर हेल्थ ट्रैकिंग फीचर्स मिल सकते हैं।
- बड़े डिजाइन बदलाव और Touch ID मिलने की उम्मीद कम है जबकि Apple ब्लड शुगर चेक करने वाले फीचर पर काम कर रही है।
Apple Watch Series 12: Apple अपने 9 सितंबर के इवेंट में स्मार्टवॉच लाइनअप को बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी से Apple Watch Series 12 और Watch Ultra 4 पेश किए जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार बड़े डिजाइन बदलाव शायद देखने को न मिलें, लेकिन परफॉर्मेंस, हेल्थ मॉनिटरिंग और वेलनेस डेटा को दिखाने के तरीके में कई अहम अपग्रेड मिल सकते हैं।
डिजाइन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
मार्क गुरमन के मुताबिक Apple Watch Series 12 और Ultra 4 का डिजाइन मौजूदा Series 11 और Ultra 3 से बहुत अलग होने की संभावना नहीं है। हालांकि Series 12 में सिरेमिक केस ऑप्शन की वापसी हो सकती है।
Apple ने इसके व्हाइट और डार्क ग्रे वर्जन टेस्ट किए हैं, जो 2017 में आए हाई-एंड Apple Watch Series 3 के विकल्पों जैसे हो सकते हैं।
Touch ID शायद नहीं मिलेगा
पहले ऐसी चर्चा थी कि नई Apple Watch में Touch ID दिया जा सकता है, लेकिन अब इसकी संभावना कम बताई जा रही है। गुरमन की रिपोर्ट में इस फीचर का जिक्र नहीं है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: होटल चेक-इन में Aadhaar को लेकर बड़ा बदलाव, फोटोकॉपी की जरूरत हो सकती है खत्म
इसी तरह वॉच बैंड में हेल्थ सेंसर लगाए जाने की बात भी पहले सामने आई थी, लेकिन ताजा जानकारी में इसका भी उल्लेख नहीं किया गया है।
नया चिप दे सकता है बेहतर परफॉर्मेंस
नई Apple Watch Series 12 और Ultra 4 में S11 या उससे नया चिप दिया जा सकता है। Series 11 और Ultra 3 में S10 चिप इस्तेमाल होता है, जो Series 10 और Ultra 2 में भी दिया गया था। ऐसे में नया चिप कई साल बाद Apple Watch की परफॉर्मेंस में बड़ा सुधार ला सकता है।
हार्ट रेट ट्रैकिंग हो सकती है ज्यादा बेहतर
Apple एक ऐसे फीचर की टेस्टिंग कर रही है जिसमें हार्ट-रेट सेंसर पूरे दिन लगातार डेटा कलेक्ट कर सकेगा। इससे यूजर्स को हेल्थ से जुड़ी जानकारी ज्यादा लगातार और विस्तार से मिल सकती है। कंपनी का फोकस इस बार हेल्थ मॉनिटरिंग को और बेहतर बनाने पर दिखाई दे रहा है।
Health और Fitness ऐप में बदलाव
Apple अपने Health और Fitness ऐप्स को भी नया रूप देने पर काम कर रही है। इनमें वेलनेस से जुड़े ज्यादा मेट्रिक्स दिखाए जा सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इन ऐप्स में जानकारी दिखाने का तरीका Whoop और Oura जैसी सर्विसेज से मिलता-जुलता हो सकता है।

SE 4 की उम्मीद कम
इस साल Apple Watch SE 4 आने की उम्मीद नहीं है। वहीं Apple Watch का एक बड़ा डिजाइन बदलाव भी डेवलपमेंट में बताया जा रहा है, लेकिन इसे आने में अभी एक या दो साल लग सकते हैं।
इसके अलावा Apple ब्लड-शुगर डिटेक्शन फीचर पर भी काम जारी रखे हुए है। कंपनी इस फीचर को 2030 तक पेश करने का लक्ष्य रख रही है।

