Apple ला सकता है कैमरे वाले AirPods! iPhone 18 Pro के साथ मिल सकते हैं AI और Visual Intelligence फीचर्स
Apple जल्द ही अपने AirPods को एक नए अंदाज में पेश कर सकता है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इनमें कैमरा और AI से जुड़े खास फीचर्स मिल सकते हैं। आखिर ये कैमरा क्यों दिया जाएगा और Siri के साथ कैसे काम करेगा, जानिए इस नई टेक्नोलॉजी की पूरी कहानी।

In Short
- Apple iPhone 18 Pro सीरीज के साथ कैमरा वाले AirPods लॉन्च कर सकता है, जिनमें AI फीचर्स को बेहतर बनाने के लिए छोटे कैमरे दिए जाने की उम्मीद है।
- कैमरा सेल्फी या वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए नहीं होगा, बल्कि Siri और Visual Intelligence को आसपास की चीजें समझने में मदद करेगा।
- iOS 27 में नए AirPods के संकेत मिले हैं, वहीं B790 मॉडल को जल्द लॉन्च होने वाले वर्जन के तौर पर देखा जा रहा है।
Apple अपने नए प्रोडक्ट को लेकर बड़ी तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी iPhone 18 Pro सीरीज के साथ एक ऐसा डिवाइस भी पेश कर सकती है, जो अब तक के AirPods से बिल्कुल अलग होगा। इन नए AirPods में कैमरा दिए जाने की बात सामने आई है, जो फोटो या वीडियो बनाने के लिए नहीं बल्कि Apple के AI फीचर्स को ज्यादा स्मार्ट बनाने के लिए काम करेगा। आइए जानते हैं कि आखिर इन कैमरा वाले AirPods में क्या खास हो सकता है।
iPhone 18 Pro के साथ लॉन्च हो सकते हैं कैमरा वाले AirPods
एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, Apple सितंबर में iPhone 18 Pro लाइनअप के साथ अपने पहले कैमरा वाले AirPods लॉन्च कर सकता है। हालांकि, Apple ने अभी तक इस प्रोडक्ट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि कंपनी कई सालों से कैमरा वाले AirPods पर काम कर रही है।
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन के अनुसार, Apple कैमरा वाले AirPods को B798 कोडनेम के तहत तैयार कर रहा था, जिसे 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद थी। लेकिन कंपनी एक दूसरे मॉडल B790 पर भी काम कर रही है, जो लॉन्च के काफी करीब बताया जा रहा है।
iOS 27 में मिले कैमरा वाले AirPods के संकेत
रिपोर्ट के मुताबिक, B790 मॉडल से जुड़े संकेत iOS 27 में देखे गए हैं। इससे माना जा रहा है कि Apple इस डिवाइस को जल्द बाजार में लाने की तैयारी कर रहा है।
Apple अक्सर किसी प्रोडक्ट के कई वर्जन तैयार करता है और बाद में तय करता है कि कौन सा मॉडल ग्राहकों तक पहुंचेगा। B790 मॉडल को कंपनी के इंटरनल रोडमैप में इस साल लॉन्च के लिए शामिल बताया जा रहा है।
इस दावे को डेवलपर सैम हेनरी की खोज से भी मजबूती मिली है। उन्होंने पिछले महीने iOS 27 बीटा में इस डिवाइस से जुड़े रेफरेंस देखे थे।
AirPods में कैमरा का इस्तेमाल कैसे होगा?
अगर आपको लगता है कि ये AirPods लोगों की रिकॉर्डिंग या सेल्फी लेने के लिए होंगे, तो ऐसा नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनमें लगे छोटे कैमरे Apple के AI फीचर्स, खासकर विजुअल इंटेलिजेंस और सिरी को ज्यादा बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे।
ये कैमरे सिरी की आंखों की तरह काम कर सकते हैं। यानी यूजर अपने आसपास मौजूद किसी चीज को देखकर सिरी से उसके बारे में जानकारी पूछ सकेगा। उदाहरण के लिए, किसी रेस्टोरेंट के मेन्यू, पौधे या किसी जगह के बारे में बिना iPhone निकाले जानकारी ली जा सकेगी।
सिरी को मिलेगा स्मार्ट नेविगेशन और रिमाइंडर फीचर
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि Apple इन AirPods में स्मार्ट नेविगेशन जैसे फीचर्स भी जोड़ने पर काम कर रहा है। सिरी आसपास के लैंडमार्क पहचानकर यूजर को ज्यादा आसान तरीके से रास्ता बता सकती है।
इसके अलावा, कैमरा किसी चीज को पहचानकर उससे जुड़े रिमाइंडर भी तैयार कर सकता है। जैसे किसी सामान को देखकर उसे बाद में याद रखने के लिए अलर्ट देना।
कैमरा के लिए बदल सकता है AirPods का डिजाइन
कैमरा लगाने के लिए Apple AirPods के डिजाइन में कुछ बदलाव कर सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, नए AirPods के स्टेम थोड़े लंबे हो सकते हैं, ताकि उनमें कैमरा फिट किया जा सके।
इसके अलावा इनमें एक छोटी LED इंडिकेटर लाइट भी दी जा सकती है, जो उस समय जल जाएगी जब विजुअल डेटा प्रोसेस किया जा रहा होगा या क्लाउड पर भेजा जा रहा होगा। हालांकि, कैमरा वाले AirPods को लेकर Apple की ओर से अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए इन रिपोर्ट्स को फिलहाल पूरी तरह पक्का नहीं माना जा सकता।

