Apple का पहला फोल्डेबल आईफोन कैसा होगा? लॉन्च से पहले सामने आईं ये बड़ी बातें
Apple का पहला फोल्डेबल आईफोन लॉन्च से पहले ही चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें बेहद पतला डिजाइन, दो डिस्प्ले, नया प्रोसेसर और फोल्डिंग स्क्रीन के लिए खास सॉफ्टवेयर मिल सकता है। वहीं कैमरा, बायोमेट्रिक सुरक्षा और कीमत को लेकर कुछ समझौते भी देखने को मिल सकते हैं। 9 सितंबर के इवेंट में इस डिवाइस से पर्दा उठने की उम्मीद है।

In Short
- फोल्ड होने पर करीब 9 से 9.5mm और खुलने पर 4.5mm मोटा होने की उम्मीद
- 5.5 इंच बाहरी और 7.8 इंच अंदरूनी डिस्प्ले मिल सकता है
- कीमत 2,000 से 2,500 डॉलर यानी करीब ₹1.8 लाख से ₹2.2 लाख तक हो सकती है
Apple के फोल्डेबल आईफोन का इंतजार अब खत्म होने वाला है। कंपनी 9 सितंबर के अपने बड़े इवेंट में इस नए डिवाइस से पर्दा उठा सकती है। इसे फिलहाल आईफोन अल्ट्रा नाम से जोड़ा जा रहा है। खास बात यह है कि Apple इस फोन के जरिए सिर्फ स्क्रीन को मोड़ने की कोशिश नहीं कर रहा, बल्कि आईफोन इस्तेमाल करने का तरीका भी बदल सकता है।
हालांकि, फोन से जुड़ी ज्यादातर जानकारियां अभी लीक और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। यानी लॉन्च के समय कुछ फीचर्स अलग भी हो सकते हैं।
जेब में छोटा, खोलते ही बड़ी स्क्रीन
रिपोर्ट्स के मुताबिक आईफोन अल्ट्रा बंद होने पर सामान्य फोन जैसा दिख सकता है, लेकिन खोलते ही इसका बड़ा अंदरूनी डिस्प्ले सामने आएगा। इसमें 5.5 इंच की बाहरी स्क्रीन और 7.8 इंच की अंदरूनी स्क्रीन मिलने की उम्मीद है।
खुलने पर फोन की मोटाई सिर्फ 4.5mm और बंद होने पर करीब 9 से 9.5mm हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह Apple का अब तक का सबसे पतला आईफोन बन सकता है।
सबसे दिलचस्प बात स्क्रीन की बीच वाली क्रीज है। Apple इसे लगभग दिखाई न देने वाला बनाने पर काम कर रहा है। इसके लिए नए हिंज और मटीरियल का इस्तेमाल किए जाने की खबर है।
क्या यह आईफोन और टैबलेट दोनों का काम करेगा?
बड़ी अंदरूनी स्क्रीन का फायदा सिर्फ वीडियो देखने तक सीमित नहीं होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक Apple फोल्डेबल स्क्रीन के हिसाब से iOS 27 में बदलाव कर सकता है।
ऐप्स बड़ी स्क्रीन के अनुसार खुद को एडजस्ट कर सकेंगे और स्प्लिट-स्क्रीन मल्टीटास्किंग जैसे फीचर मिल सकते हैं। यानी एक ही डिवाइस पर फोन और छोटे टैबलेट जैसा अनुभव मिलने की उम्मीद है।
कैमरा में हो सकता है थोड़ा समझौता
जहां स्क्रीन बड़ी होगी, वहीं कैमरे के मामले में Apple कुछ समझौता कर सकता है। आईफोन अल्ट्रा में दो रियर कैमरे मिलने की उम्मीद है, जिनमें वाइड और अल्ट्रावाइड लेंस शामिल होंगे।
इसमें टेलीफोटो कैमरा नहीं होने की बात सामने आई है। फोन में दो सेल्फी कैमरे भी मिल सकते हैं।
Face ID की जगह आ सकता है Touch ID
फोन को बेहद पतला रखने के लिए Apple को अंदर के हार्डवेयर की जगह बचानी होगी। इसी वजह से रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कंपनी Face ID की जगह साइड बटन में Touch ID दे सकती है।
अगर ऐसा होता है तो यह लंबे समय बाद आईफोन में बायोमेट्रिक सुरक्षा के तरीके में बड़ा बदलाव होगा।
2nm चिप और बड़ी बैटरी
परफॉर्मेंस के लिए आईफोन अल्ट्रा में नया A20 Pro चिप मिलने की उम्मीद है। यह Apple का पहला 2nm स्मार्टफोन प्रोसेसर हो सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार यह A19 Pro के मुकाबले 15 फीसदी तक तेज और करीब 30 फीसदी ज्यादा पावर एफिशिएंट हो सकता है। फोन में 4,883mAh की डुअल-सेल बैटरी मिलने की भी उम्मीद है।
सबसे बड़ा सवाल कीमत का
इन सभी बदलावों के साथ सबसे बड़ा सवाल कीमत का है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आईफोन अल्ट्रा की कीमत 2,000 से 2,500 डॉलर के बीच हो सकती है।
भारतीय बाजार में यह कीमत टैक्स और दूसरे खर्चों के कारण और ज्यादा हो सकती है। ऐसे में यह फोन आम आईफोन खरीदार के बजाय उन लोगों के लिए होगा जो नई तकनीक और प्रीमियम अनुभव के लिए बड़ी रकम खर्च करने को तैयार हैं।
अब 9 सितंबर का इंतजार है। इसी दिन पता चलेगा कि Apple का पहला फोल्डेबल आईफोन वाकई इतना खास है या कंपनी के प्रीमियम टैग के साथ सिर्फ एक और महंगा फोन साबित होता है।

