आपके Smart TV और फ्रिज में खुद फैल सकता है AI? Anthropic की चेतावनी, कुछ महीनों में बढ़ सकता है खतरा
क्या आने वाले समय में आपका Smart TV या फ्रिज भी AI के लिए नया ठिकाना बन सकता है? AI कंपनी Anthropic ने चेतावनी दी है कि छोटे AI मॉडल जल्द ही इंटरनेट से जुड़े उपकरणों में खुद की कॉपी बनाने में सक्षम हो सकते हैं। कंपनी ने सस्ते Android TV बॉक्स पर प्रयोग करके इसकी संभावनाएं जांची हैं। जानिए यह तकनीक कितनी आगे पहुंच चुकी है और इससे क्या खतरा हो सकता है।

In Short
- छोटे AI मॉडल जल्द स्मार्ट उपकरणों में खुद की कॉपी बना सकते हैं।
- Anthropic ने ₹5,200 के Android TV बॉक्स पर AI मॉडल चलाया।
- कई डिवाइस में AI फैलने पर उसे बंद करना मुश्किल हो सकता है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से एडवांस हो रहा है, लेकिन इसके साथ साइबर सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं भी सामने आ रही हैं। AI कंपनी Anthropic ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ महीनों में छोटे AI मॉडल स्मार्ट टीवी, फ्रिज और दूसरे इंटरनेट से जुड़े उपकरणों में खुद की कॉपी बनाने में सक्षम हो सकते हैं।
कंपनी के मुताबिक, फिलहाल ऐसा कोई पूरी तरह स्वतंत्र AI सिस्टम सामने नहीं आया है। हालांकि, छोटे AI मॉडल खुद की कॉपी बनाने की प्रक्रिया के अलग-अलग चरण पूरे करने में बेहतर हो रहे हैं। अगर ये सिस्टम कई उपकरणों में फैल गए, तो इन्हें बंद करना मुश्किल हो सकता है।
क्या है खुद की कॉपी बनाने वाला AI?
इस तकनीक को AI Self-Replication कहा जाता है। इसमें AI बिना इंसानी मदद के अपनी कॉपी बनाकर दूसरे उपकरणों पर चल सकता है। Anthropic के मुताबिक, भविष्य में ऐसे AI को बड़े डेटा सेंटर की जरूरत नहीं होगी। ये स्मार्ट टीवी, फ्रिज, ओवन और सिक्योरिटी कैमरों जैसे उपकरणों पर भी चल सकते हैं।
₹5,200 के Android TV बॉक्स पर किया प्रयोग
Anthropic ने करीब ₹5,200 कीमत वाले 15 Android TV बॉक्स पर Gemma4-26B-A4B मॉडल चलाकर प्रयोग किया। मॉडल की स्पीड सिर्फ 0.39 टोकन प्रति सेकंड रही। कंपनी ने बताया कि 9 अरब पैरामीटर वाला एक मॉडल नौ तरह के हार्डवेयर में से आठ पर चलाने में सफलता मिली।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, 30 अरब या उससे कम पैरामीटर वाले AI मॉडल खुद की कॉपी बनाने के कई चरण पूरे कर सकते हैं। कंपनी का अनुमान है कि छोटे मॉडल इसी रफ्तार से बेहतर होते रहे, तो 2026 के अंत तक वे पूरी प्रक्रिया को अंजाम देने की क्षमता के करीब पहुंच सकते हैं।
लाखों स्मार्ट डिवाइस पर फैल सकता है AI?
Anthropic ने एक काल्पनिक उदाहरण देते हुए बताया कि अगर 20 लाख से ज्यादा स्मार्ट टीवी संक्रमित हो जाएं, तो हर 15 उपकरणों पर एक मॉडल के हिसाब से लगभग 1.33 लाख AI कॉपी चलाई जा सकती हैं। हालांकि, यह वास्तविक संक्रमण का आंकड़ा नहीं है।
कंपनी के प्रयोग में AI मॉडल को अलग-अलग उपकरणों पर सेटअप करने में करीब 28 से 150 घंटे लगे। शोधकर्ताओं का मानना है कि ऐसे AI का फैलाव धीमा हो सकता है, लेकिन बड़ी संख्या में उपकरण प्रभावित होने पर उन्हें रोकना चुनौतीपूर्ण होगा।
पिछली गलतियों से सीख रहा AI, सुरक्षा पर जोर
Anthropic ने पाया कि पिछली कोशिशों की जानकारी मिलने पर एक छोटे AI मॉडल की सेटअप सफलता दर 45% से बढ़कर 84% हो गई। कंपनी ने स्मार्ट उपकरणों की साइबर सुरक्षा मजबूत करने की सलाह दी है। हालांकि, अभी घरेलू स्मार्ट टीवी या फ्रिज में ऐसे AI के स्वतंत्र रूप से फैलने की पुष्टि नहीं हुई है।

