बैंकिंग-आईटी के बाद अब इन सेक्टर्स की बारी, एक्सपर्ट ने चुने 2 शेयर जिनमें दिख सकती है बड़ी तेजी
बिजनेस टुडे के शो Opening Bell में सीनियर एंकर आभा बकाया के सवालों का जवाब देते हुए अरिहंत कैपिटल मार्केट्स के रत्नेश गोयल ने ऐसे 2 शेयरों को चुना है जिनमें तेजी देखने को मिल सकती है।

Stocks to BUY: शेयर बाजार में सुधारते माहौल के बीच अब ऑटो और कैपिटल मार्केट से जुड़े शेयर अगले बड़े लीडर्स के रूप में उभर सकते हैं। बिजनेस टुडे के शो Opening Bell में सीनियर एंकर आभा बकाया के सवालों का जवाब देते हुए अरिहंत कैपिटल मार्केट्स के रत्नेश गोयल ने आने वाले कारोबारी सत्रों के लिए नुवामा और मारुति सुजुकी को अपना टॉप पिक बताया।
एक्सपर्ट रत्नेश गोयल का मानना है कि बाजार में सेक्टोरल रोटेशन की नई लहर शुरू हो सकती है, जहां निवेशकों का फोकस बैंकिंग, आईटी और रियल एस्टेट से आगे बढ़कर नए क्षेत्रों पर जाएगा।
रत्नेश के मुताबिक, ऑटो सेक्टर, ऑटो एंसिलरी कंपनियां और कैपिटल मार्केट से जुड़े शेयर फिलहाल सबसे ज्यादा ध्यान आकर्षित कर सकते हैं। उनका कहना है कि घरेलू खपत और बाजार गतिविधियों से जुड़े इन क्षेत्रों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ने की संभावना है।
कैपिटल मार्केट थीम में नुवामा उनकी पहली पसंद है। रत्नेश ने कहा कि शेयर ने मजबूत ब्रेकआउट दिया है और आने वाले दिनों में यह 1,750 से 1,800 रुपये के स्तर तक पहुंच सकता है। उन्होंने इसके लिए 1,610 से 1,620 रुपये के दायरे में स्टॉप-लॉस रखने की सलाह दी है।
नुवामा पर क्यों है भरोसा?
एक्सपर्ट ने कहा कि नुवामा को लेकर पॉजिटिव रुख सिर्फ एक तकनीकी संकेत तक सीमित नहीं है। बाजार में जोखिम लेने की बढ़ती इच्छा, ट्रेडिंग वॉल्यूम में संभावित तेजी ऐसे कारक हैं जो कैपिटल मार्केट से जुड़े शेयरों को अतिरिक्त सपोर्ट दे सकते हैं। इसके साथ ही विदेशी निवेशकों की बेहतर भागीदारी, मजबूत रुपया और नरम कच्चे तेल की कीमतें भी इक्विटी बाजार के लिए सहायक संकेत मानी जा रही हैं।
मारुति में रैली की उम्मीद
ऑटो सेक्टर में अरिहंत कैपिटल मार्केट्स के रत्नेश गोयल की पसंद मारुति सुजुकी है। उनके अनुसार, शेयर के चार्ट पर राउंडिंग फॉर्मेशन बन रहा है, जिसे आमतौर पर धीरे-धीरे होने वाली खरीदारी और संभावित ट्रेंड रिवर्सल का संकेत माना जाता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मारुति में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है। एक्सपर्ट ने इसका टारगेट 14,300 रुपये दिया है, जबकि 13,720 से 13,740 रुपये के बीच स्टॉप-लॉस रखने का सुझाव दिया है।

