scorecardresearch

एक महीने में 170% रिटर्न! आज भी 5 प्रतिशत उछला भाव - अब कंपनी ने दिया ये अपडेट

शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच एससी एग्रोटेक लिमिटेड के शेयर में जोरदार तेजी देखने को मिली। एक महीने में करीब 170% रिटर्न देने वाला यह शेयर फिर 5% के अपर सर्किट पर बंद हुआ।

Advertisement

एक महीने में 170% का बंपर रिटर्न देने वाली कंपनी, एससी एग्रोटेक लिमिटेड (SC Agrotech Ltd) का शेयर आज एक बार फिर से 5 प्रतिशत के अपर सर्किट पर बंद हुआ। कंपनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में निवेशकों को बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि उसे गुजरात के अहमदाबाद की कंपनी एलीट ग्लोबल (Elite Global) से 86 करोड़ रुपये का बड़ा घरेलू सप्लाई ऑर्डर मिला है।

advertisement

कंपनी ने बताया कि इस ऑर्डर के तहत एससी एग्रोटेक को बाजरा, उड़द, चना, मूंग, गेहूं और राजमा समेत छह तरह की कृषि उपज की सप्लाई करनी है। इन सभी कृषि उत्पादों की कुल मात्रा 13,200 मीट्रिक टन है।

कंपनी ने बताया कि अलग-अलग उत्पादों की मात्रा और उनकी तय कीमतों के आधार पर ऑर्डर की कुल वैल्यू 86 करोड़ रुपये बनती है।

कंपनी ने बताया कि यह पूरी तरह घरेलू ऑर्डर है और इसमें किसी तरह के एक्सपोर्ट या अंतरराष्ट्रीय शिपमेंट की शर्त शामिल नहीं है। हालांकि, कंपनी को यह ऑर्डर कितने समय में पूरा करना है, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। इसके अलावा परचेज ऑर्डर नंबर, डिलीवरी की तारीखों, पेमेंट की शर्तों, टैक्स, माल ढुलाई के खर्च और पेनल्टी से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

कंपनी का मानना है कि इस ऑर्डर से घरेलू बाजार में उसका कारोबार बढ़ाने और कृषि उत्पादों की सप्लाई चेन में अपनी मौजूदगी मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

कंपनी ने हाल ही में दी थी ये जानकारी

हाल ही में कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया था कि उसे अमेरिका की WebCodeGenie (WCG) से एक नॉन-बाइंडिंग लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) मिला है।

यह प्रस्ताव कंपनी के डिजिटल एग्रीकल्चर प्लेटफॉर्म AgriBridge में रणनीतिक निवेश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबार बढ़ाने से जुड़ा है। इस प्रस्ताव के तहत कुल 60 करोड़ रुपये तक का संभावित प्रोग्राम तैयार किया गया है। इसमें 20 करोड़ रुपये का शुरुआती इक्विटी निवेश और अगले चार साल में विस्तार के लिए अलग से 40 करोड़ रुपये तक खर्च करने की योजना शामिल है।

कंपनी ने बताया कि प्रस्तावित व्यवस्था में WCG की 25 फीसदी और SC Agrotech की 75 फीसदी हिस्सेदारी हो सकती है। निवेश के बाद प्रस्तावित कंपनी या जॉइंट वेंचर की कुल वैल्यू 80 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस निवेश के जरिए AgriBridge प्लेटफॉर्म का विस्तार अमेरिका, कनाडा, अफ्रीकी देशों और दक्षिण अमेरिका में करने की योजना है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।