लिस्टिंग से पहले SBI Funds के शेयर पर ब्रोकरेज बुलिश, 30% तक तेजी की उम्मीद - चेक करें टारगेट प्राइस
ब्रोकरेज की राय है कि कंपनी अपने मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, बाजार में नेतृत्व और बढ़ते म्यूचुअल फंड निवेश के दम पर आने वाले समय में अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। कुछ ब्रोकरेज ने शेयर में मौजूदा स्तर से 30 फीसदी तक तेजी की संभावना जताई है।

शेयर बाजार में लिस्टिंग से पहले ही SBI Funds Management को लेकर चुनिंदा ब्रोकरेज हाउस पॉजिटिव नजर आ रहे हैं। ब्रोकरेज की राय है कि कंपनी अपने मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, बाजार में नेतृत्व और बढ़ते म्यूचुअल फंड निवेश के दम पर आने वाले समय में अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। कुछ ब्रोकरेज ने शेयर में मौजूदा स्तर से 30 फीसदी तक तेजी की संभावना जताई है।
मजबूत नेटवर्क और बढ़ती हिस्सेदारी पर भरोसा
Emkay ने SBI Funds Management पर कवरेज शुरू करते हुए 750 रुपये का टारगेट प्राइस और 'Buy' रेटिंग दी है। ब्रोकरेज का कहना है कि SBI का मजबूत ब्रांड, बैंक के विशाल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क में अभी भी म्यूचुअल फंड कारोबार की कम पहुंच और इक्विटी व अल्टरनेट निवेश जैसे ज्यादा रेवेन्यू देने वाले एसेट्स की बढ़ती हिस्सेदारी कंपनी की कमाई को सहारा देगी।
Emkay के मुताबिक, ऑपरेटिंग लीवरेज के चलते FY26-29 के दौरान EBITDA में 17 फीसदी CAGR की वृद्धि हो सकती है। ब्रोकरेज ने कहा कि जैसे-जैसे भारतीयों की बचत और निवेश की जरूरतें बदल रही हैं, म्यूचुअल फंड निवेश का प्रमुख माध्यम बनते जा रहे हैं और SBI AMC के पास हर भारतीय का पसंदीदा एसेट मैनेजर बनने की क्षमता है।
वहीं, Equirus Securities ने भी कंपनी पर 'Long' रेटिंग के साथ मार्च 2027 के लिए 675 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज के अनुसार, FY21 से जून 2026 के बीच कंपनी का इक्विटी QAAUM 33 फीसदी CAGR से बढ़ा, जबकि बाजार हिस्सेदारी 10.2 फीसदी से बढ़कर 12.7 फीसदी हो गई। FY26-29 के दौरान राजस्व और EBITDA में क्रमश: 14 फीसदी और 15 फीसदी CAGR की उम्मीद जताई गई है।
IPO को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स
SBI Funds Management का IPO 14 से 16 जुलाई के बीच खुला था। इश्यू का प्राइस बैंड 545-574 रुपये प्रति शेयर रखा गया था और एक लॉट में 26 शेयर थे। कंपनी ने पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 9,813 करोड़ रुपये जुटाए। यह बिक्री उसकी मूल कंपनी SBI और Amundi ने की।
कंपनी भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है, जिसके पास 12.6 लाख करोड़ रुपये का म्यूचुअल फंड QAAUM और 15.1 फीसदी बाजार हिस्सेदारी है। SBI के 23,000 से अधिक शाखाओं के नेटवर्क और 10 करोड़ YONO यूजर्स का भी कंपनी को बड़ा फायदा मिलता है। IPO को कुल 41.66 गुना सब्सक्रिप्शन मिला और करीब 3 लाख करोड़ रुपये की बोलियां 63.82 लाख आवेदन के जरिए प्राप्त हुईं।

