डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में नई पहचान बनाने की तैयारी, कंपनी बदलेगी अपना नाम- बोर्ड की मिली मंजूरी
सुबह 10:33 बजे तक शेयर एनएसई पर 1.33% या 14.10 रुपये चढ़कर 1,077.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 1.27% या 13.50 रुपये चढ़कर 1077.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

डायवर्सिफाइड कंपनी, रेमंड लिमिटेड (Raymond Ltd) ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में निवेशकों को बड़ी जानकारी दी है। इस अपडेट के बाद स्टॉक में आज तेजी देखने को मिल रही है। सुबह 10:33 बजे तक शेयर एनएसई पर 1.33% या 14.10 रुपये चढ़कर 1,077.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 1.27% या 13.50 रुपये चढ़कर 1077.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
कंपनी के नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी
कंपनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 24 अक्टूबर 2026 को सर्कुलेशन के जरिए पारित प्रस्ताव में कंपनी का नाम बदलकर 'Raymond Aerospace, Defence & Engineering Limited' करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हालांकि, इसके लिए कंपनी के सदस्यों की विशेष प्रस्ताव (Special Resolution) के जरिए मंजूरी लेनी होगी। इसके बाद अन्य जरूरी मंजूरियों के बाद नया नाम लागू होगा।
कंपनी ने हाल ही में दी थी ये जानकारी
कंपनी ने बताया कि वह अपने कारोबार में तेजी और ग्राहकों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए मौजूदा मेगा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के पास एक अतिरिक्त ब्राउनफील्ड फैक्ट्री स्थापित कर रही है। इस नई सुविधा का उद्देश्य फिलहाल उत्पादन क्षमता को बढ़ाना है, ताकि चालू वित्त वर्ष के दौरान ग्राहकों की अतिरिक्त मांग और बढ़ते ऑर्डर को पूरा किया जा सके।
फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि उसने यह फैसला ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार तेजी से प्रोडक्शन बढ़ाने और पूंजी के इस्तेमाल के साथ प्रोजेक्ट को पूरा करने में अनुशासन बनाए रखने की रणनीति के तहत लिया है। इसके साथ ही, आंध्र प्रदेश में कंपनी का प्रस्तावित ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट भी तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है।
रेमंड ग्रुप की कंपनी जेकेएमपीटीएल के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ संजीव शर्मा ने कहा कि आंध्र प्रदेश में क्षमता विस्तार का फैसला कारोबार में मजबूत तेजी को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट कंपनी की लंबी अवधि की विकास योजना का आधार बना रहेगा, जबकि अतिरिक्त ब्राउनफील्ड सुविधा से मौजूदा ग्राहकों की मांग को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी।

