scorecardresearch

रेमंड के शेयर पर मंगलवार को रहेगी नजर, एयरोस्पेस सब्सिडियरी को मिला करोड़ों रुपये का ऑर्डर

रेमंड लिमिटेड की एयरोस्पेस सब्सिडियरी को भारत की एक प्रमुख एयरोस्पेस और डिफेंस कंपनी से बड़ा ऑर्डर मिला है। इस डील से कंपनी के एयरोस्पेस कारोबार को मजबूती मिलने की उम्मीद है। नए ऑर्डर में कई तरह के विमान पार्ट्स शामिल हैं। उत्पादन जल्द चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा, जिससे कंपनी की लंबी अवधि की योजनाओं को सहारा मिलेगा।

Advertisement
AI Generated Image

रेमंड लिमिटेड (Raymond Ltd) का शेयर मंगलवार 15 सितंबर को निवेशकों के रडार पर रहेगा। आज गणेश चतुर्थी के कारण शेयर बाजार बंद है। दरअसल कंपनी ने बीते शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि उसकी एयरोस्पेस सब्सिडियरी कंपनी को भारत की एक प्रमुख एयरोस्पेस और डिफेंस कंपनी से बड़ा नया ऑर्डर मिला है।

advertisement

इस ऑर्डर के तहत अलग-अलग विमानों के लिए 300 से ज्यादा तरह के पार्ट्स बनाए जाएंगे। इनमें प्रिसिजन-मशीनिंग, एयरोस्पेस कास्टिंग, स्ट्रक्चरल कंपोनेंट्स और जटिल असेंबली शामिल हैं। हर साल 37,000 से ज्यादा कंपोनेंट्स की सप्लाई की जाएगी।

फाइलिंग में मिली जानकारी के मुताबिक इसकी अनुमानित उत्पादन क्षमता के आधार पर इस कारोबार से सालाना करीब 33 करोड़ रुपये की कमाई की संभावना है। इन पार्ट्स का उत्पादन 2026 और 2027 के दौरान चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा। इस ऑर्डर से रेमंड की एयरोस्पेस क्षेत्र में मौजूदगी बढ़ेगी और कंपनी को एयरोस्पेस वैल्यू चेन के कई अन्य हिस्सों में भी काम करने का मौका मिलेगा।

रेमंड लिमिटेड के ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) राकेश तिवारी ने कहा कि यह नया ऑर्डर कंपनी के प्रोडक्ट मिक्स को बेहतर बनाने की रणनीति का हिस्सा है, जिससे मुनाफे का मार्जिन बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि रेमंड की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता सिर्फ एक स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मशीनिंग, कास्टिंग, स्ट्रक्चरल कंपोनेंट्स और असेंबली जैसे कई काम शामिल हैं।

इससे कंपनी को हर प्रोजेक्ट में ज्यादा कारोबार हासिल करने और लंबे समय के मजबूत ऑर्डर बैकलॉग तैयार करने में मदद मिलेगी। इस ऑर्डर से रेमंड के ग्राहकों का दायरा भी बढ़ेगा और कंपनी भारतीय एयरोस्पेस क्षेत्र के बढ़ते घरेलू बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करेगी।

Raymond Share Price

कंपनी का शेयर बीएसई पर शुक्रवार को 17.54% या 149.70 रुपये चढ़कर 1003.20 रुपये पर बंद हुआ था और एनएसई पर स्टॉक 17.47% या 149.15 रुपये की तेजी के साथ 1,003 रुपये पर बंद हुआ था।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।