अमेरिका में कारोबार बढ़ाने की तैयारी! 200 से ज्यादा मेडिकल प्रोडक्ट्स को मिला US FDA रजिस्ट्रेशन- रडार पर शेयर
शेयर बाजार में हेल्थकेयर सेक्टर की एक कंपनी का शेयर चर्चा में है। कंपनी ने 200 से ज्यादा मेडिकल, सर्जिकल और हाइजीन प्रोडक्ट्स के लिए US FDA रजिस्ट्रेशन हासिल करने की जानकारी दी है। अब कंपनी दिसंबर 2026 से अमेरिका में निर्यात शुरू करने की तैयारी में है। इसका शेयर पर क्या असर होगा?

लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Lords Mark Industries Ltd) ने आज बाजार खुलने से पहले अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में निवेशकों को बड़ी जानकारी दी है। कंपनी ने आज अपने फाइलिंग में बताया कि वह 200 से ज्यादा सर्जिकल, मेडिकल केयर और हाइजीन प्रोडक्ट्स के लिए अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (US FDA) का रजिस्ट्रेशन हासिल करने वाली एशिया की पहली कंपनी बन गई है।
आज सुबह 9:34 बजे तक कंपनी का शेयर 0.21% या 0.15 रुपये गिरकर 71.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि वह दिसंबर 2026 से अमेरिका में अपने प्रोडक्ट का निर्यात शुरू करने की योजना बना रही है। यह कदम कंपनी की अंतरराष्ट्रीय कारोबार बढ़ाने की रणनीति का अहम हिस्सा है।
कंपनी ने आगे बताया कि उसने सिलवासा में अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने का काम तय समय से पहले पूरा कर लिया है। इससे उसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग के अनुसार उत्पादन करने में मदद मिलेगी। अमेरिका के बाद कंपनी दक्षिण अमेरिका के बाजार में भी कारोबार की संभावनाएं तलाशने की तैयारी कर रही है। हालांकि, वहां कारोबार शुरू करना संबंधित देशों के नियमों और जरूरी मंजूरियों पर निर्भर करेगा।
कंपनी का प्रोडक्ट पोर्टफोलियो काफी व्यापक है। इसमें हड्डियों और जोड़ों को सहारा देने वाले उपकरण, चोट के बाद रिकवरी में मदद करने वाले उत्पाद, चलने-फिरने में सहायता करने वाले उपकरण, हाइजीन प्रोडक्ट्स और जरूरी मेडिकल केयर उत्पाद शामिल हैं।
इसके अलावा, कंपनी कम्प्रेशन स्टॉकिंग्स, वैरिकोज वेन्स के लिए स्टॉकिंग्स, हर्निया बेल्ट, स्क्रोटल सपोर्ट, गर्भावस्था के दौरान इस्तेमाल होने वाले सपोर्ट, पेल्विक बाइंडर, सर्वाइकल ट्रैक्शन किट, ट्रैक्शन बेल्ट, चलने की छड़ी, वॉकर, व्हीलचेयर, कमोड चेयर, ऑर्थोपेडिक कुशन, एड़ी के लिए कप, सिलिकॉन इनसोल और शरीर की मुद्रा सुधारने वाले पोस्चर करेक्टर भी बनाती है।
इसके हाइजीन और मेडिकल केयर उत्पादों में लॉर्ड्स जॉयवाइप्स डिसइन्फेक्टेंट और क्लींजिंग वाइप्स, लॉर्ड्स मैजिक इलास्टिक एडहेसिव बैंडेज, IV कैनुला को स्थिर रखने वाली इलास्टिक एडहेसिव बैंडेज, लॉर्ड्स वंडर कॉटन क्रेप बैंडेज, लॉर्ड्स कॉन्फिडेंस एडल्ट डायपर और सेफलाईट सैनिटरी नैपकिन शामिल हैं। कंपनी के पोर्टफोलियो में इस्तेमाल के बाद फेंके जाने वाले गर्म और ठंडे जेल पैक तथा मेडिकल टूर्निकेट भी हैं। इन उत्पादों के जरिए कंपनी ऑर्थोपेडिक सपोर्ट, रिहैबिलिटेशन, मोबिलिटी, हाइजीन और मेडिकल केयर जैसे कई क्षेत्रों में कारोबार करती है। कंपनी के लिए अमेरिका और दक्षिण अमेरिका के बाजारों में विस्तार की संभावनाएं भी हैं।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO डॉ. सचिदानंद उपाध्याय ने कहा कि यह सर्टिफिकेशन कंपनी की रेगुलेटरी नियमों का पालन करने वाली टीम की मजबूत क्षमता, उत्पादों की गुणवत्ता और भारत को आगे बढ़ाने के उसके विजन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के FDA के साथ 200 से ज्यादा सर्जिकल, मेडिकल केयर और हाइजीन प्रोडक्ट्स का रजिस्ट्रेशन कंपनी के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक अहम कदम है।

