scorecardresearch

रडार पर ये IT शेयर! कंपनी ने AI की दुनिया में उठाया बड़ा कदम, जानिए क्या है प्लान

इस IT शेयर की कंपनी ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने अपना नया AI प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जो कारोबार से जुड़े कई काम आसान बना सकता है। इस घोषणा के बीच शेयर में गिरावट दिखी। जानिए क्या है कंपनी का नया प्लान।

Advertisement

एआई आधारित डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और टेक्नोलॉजी कंसल्टिंग कंपनी, केल्टन टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड (Kellton Tech Solutions Ltd) ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी दी है। 

कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया की उसने अपना नया एंटरप्राइज एजेंटिक AI प्लेटफॉर्म KeOS (Kellton Operating System) लॉन्च किया है। यह प्लेटफॉर्म कंपनियों को फाइनेंस, सेल्स, ऑपरेशंस और नियमों के पालन (कंप्लायंस) जैसे कामों में AI एजेंट्स का इस्तेमाल करने में मदद करेगा। इसकी खास बात यह है कि कंपनियां खुद तय कर सकेंगी कि AI एजेंट कौन-से काम कर सकते हैं, कितना पैसा खर्च कर सकते हैं और किन कामों में इंसानों की मंजूरी जरूरी होगी।

advertisement

Kellton Tech Share Price

कंपनी का शेयर एनएसई पर सुबह 9:45 बजे तक 1.65% या 0.19 रुपये गिरकर 11.32 रुपये पर कारोबार कर रहा था और बीएसई पर शेयर 1.22% या 0.14 रुपये टूटकर 11.37 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

कंपनी के मुताबिक, अमेरिका के एक बड़े वित्तीय संस्थान ने KeOS की मदद से AI एजेंट तैयार किए, जिससे लोन आवेदन की प्रोसेसिंग में लगने वाला समय 47% कम हो गया। इससे ग्राहकों को तेजी से फैसले मिल सके और संस्थान की काम करने की क्षमता भी बढ़ी। KeOS में पहले से तैयार टेम्पलेट्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से कंपनियां इसे अपने क्लाउड सिस्टम पर आसानी से शुरू कर सकती हैं।

कंपनी ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म हर AI एजेंट के खर्च की सीमा तय करने और प्रत्येक काम पर आने वाली लागत को ट्रैक करने की सुविधा भी देता है। इससे कंपनियां यह समझ सकती हैं कि AI के इस्तेमाल से उनके खर्च और कामकाज में कितना सुधार हो रहा है।

कंपनियां अपनी जरूरत के हिसाब से Anthropic, Microsoft और Amazon के जरिए उपलब्ध AI मॉडल चुन सकती हैं और अपने मौजूदा सर्विस एग्रीमेंट भी जारी रख सकती हैं।

केल्टन टेक ने बताया कि KeOS को Microsoft Azure, Amazon Web Services (AWS) या कंपनी के अपने सर्वर पर चलाया जा सकता है, जिससे डेटा और सुरक्षा से जुड़े नियमों पर कंपनी का नियंत्रण बना रहता है। केल्टन टेक सॉल्यूशंस के ग्लोबल CEO कृष्णा चिंतम ने कहा कि एजेंटिक AI का असली फायदा कारोबारी प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने में है।

कंपनी ने KeOS को इसी उद्देश्य से तैयार किया है, ताकि ग्राहक समझ सकें कि AI एजेंट कहां काम की रफ्तार बढ़ा सकते हैं, कहां इंसानों के फैसले जरूरी हैं और किन परिस्थितियों में AI का इस्तेमाल बढ़ाना फायदेमंद होगा।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।