चीन से ज्यादा भारतीय शेयर बाजार पर भरोसा! ब्रोकरेज HSBC ने बढ़ाई रेटिंग, इन सेक्टर्स में दिखे मौके
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म HSBC ने भारतीय शेयर बाजार पर भरोसा बढ़ाते हुए इसकी रेटिंग 'न्यूट्रल' से 'ओवरवेट' कर दी है। वहीं चीन की रेटिंग घटाई गई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, बेहतर कमाई और उचित वैल्यूएशन के चलते भारत में निवेश के अच्छे मौके दिख रहे हैं। जानिए किन सेक्टर्स पर नजर है।

ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म HSBC ने एशियाई शेयर बाजारों को लेकर अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। ब्लूमबर्ग के रिपोर्ट के मुताबिक ब्रोकरेज HSBC ने भारतीय शेयर बाजार की रेटिंग 'न्यूट्रल' (Neutral) से बढ़ाकर 'ओवरवेट' (Overweight) कर दी है। वहीं चीन के मेनलैंड शेयर बाजार की रेटिंग 'ओवरवेट' से घटाकर 'न्यूट्रल' कर दी है।
HSBC का मानना है कि भारतीय कंपनियों की कमाई में मजबूती बनी हुई है और शेयरों का वैल्यूएशन भी अब पहले के मुकाबले ज्यादा उचित नजर आ रहा है। दूसरी तरफ चीन में ऐसे मजबूत संकेतों की कमी है, जो बाजार में लंबे समय तक तेजी बनाए रख सकें।
भारतीय शेयर बाजार पर क्यों बढ़ा भरोसा?
HSBC के स्ट्रैटेजिस्ट हेराल्ड वैन डेर लिंडे और उनकी टीम ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि एशिया के शेयर बाजारों में AI से जुड़ी कंपनियों का दबदबा बढ़ा है। ऐसे माहौल में भारत निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाने का मौका देता है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, भारतीय बाजार में उतार-चढ़ाव भी अपेक्षाकृत कम है। हालांकि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अल नीनो (El Niño) जैसे मौसमी जोखिम चिंता बढ़ा सकते हैं, लेकिन इनसे बाजार के कुल सेंटीमेंट पर बहुत ज्यादा असर पड़ने की आशंका नहीं है।
भारत के किन सेक्टर्स में दिख रहे निवेश के मौके?
HSBC ने भारतीय बाजार के कई सेक्टर्स को लेकर सकारात्मक नजरिया जताया है। इनमें बैंकिंग, इंडस्ट्रियल और कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी सेक्टर शामिल हैं। इसके अलावा ब्रोकरेज को इंश्योरेंस और हॉस्पिटल से जुड़ी कंपनियों में भी निवेश के अच्छे मौके नजर आ रहे हैं।
कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी में ऐसी कंपनियां आती हैं, जिनके प्रोडक्ट्स और सेवाओं पर लोग अपनी जरूरत और आमदनी के हिसाब से खर्च करते हैं।
चीन के शेयर बाजार की रेटिंग क्यों घटाई?
HSBC का कहना है कि चीन में शेयरों का वैल्यूएशन कम है और हाल में सरकार की तरफ से नीतिगत समर्थन भी मिला है। इसके बावजूद बाजार में लगातार तेजी लाने वाले मजबूत कारण फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।
ब्रोकरेज के मुताबिक, चीन में उपभोक्ताओं का कमजोर भरोसा, प्रॉपर्टी मार्केट की परेशानियां और घरेलू निवेश में सुस्ती आर्थिक ग्रोथ पर दबाव बना रही हैं।
इसके अलावा दक्षिण की ओर जाने वाले निवेश प्रवाह (Southbound Flows) में कमजोरी और मार्जिन फाइनेंसिंग में गिरावट से निवेशकों की घटती दिलचस्पी का संकेत मिलता है।
चीन में किन सेक्टर्स पर HSBC का भरोसा?
चीन की रेटिंग घटाने के बावजूद HSBC को वहां कुछ सेक्टर्स में मौके नजर आ रहे हैं। इनमें बैंकिंग, आकर्षक बॉन्ड यील्ड वाले कंज्यूमर शेयर, बायोटेक और AI से जुड़े टेक हार्डवेयर बनाने वाली कंपनियां शामिल हैं।
