एडवांस्ड बैटरी मटेरियल में ₹1,300 करोड़ का निवेश करेगी ये कंपनी, रडार पर स्टॉक - 5 साल में दिया 1300% रिटर्न
हिमाद्री स्पेशलिटी केमिकल एडवांस्ड बैटरी मटेरियल कारोबार में बड़ा दांव लगा रही है। कंपनी इस सेगमेंट में निवेश बढ़ाकर EV बैटरी सप्लाई चेन में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। FY27 में कई अहम प्रोडक्ट्स की क्षमता बढ़ाने पर फोकस रहेगा, जबकि आने वाले वर्षों के लिए कंपनी ने बड़ा बिजनेस लक्ष्य तय किया है।

कार्बन मटेरियल और केमिकल प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी, हिमाद्री स्पेशलिटी केमिकल लिमिटेड (Himadri Speciality Chemical Ltd) का शेयर निवेशकों के रडार पर है। दरअसल कंपनी ने बताया कि उसने एडवांस्ड बैटरी मटेरियल कारोबार को अगले छह साल में ₹30,000 करोड़ का बिजनेस बनाने का लक्ष्य रखा है।
कंपनी इस सेगमेंट में निवेश बढ़ा रही है, क्योंकि दुनियाभर में बैटरी मटेरियल की मांग बढ़ रही है। इसके साथ ही भारतीय कंपनियां पारंपरिक केमिकल प्रोडक्ट्स से आगे बढ़कर वैल्यू चेन के ऊपरी हिस्से में जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं।
दोपहर 12:46 बजे तक कंपनी का शेयर एनएसई पर 0.24% या 1.60 रुपये चढ़कर 672.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 0.03% या 0.20 रुपये की तेजी के साथ 671.85 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
FY27 में ₹1,300 करोड़ का निवेश
कंपनी FY27 में Lithium Iron Phosphate (LFP), Carbon Nano Tube, Super Speciality Carbon Black और दूसरे एडवांस्ड प्रोडक्ट्स में करीब ₹1,300 करोड़ निवेश करेगी। इसके बाद अगले वित्त वर्ष में करीब ₹1,500 करोड़ के एक और निवेश चक्र की योजना है।
कंपनी अपने पोर्टफोलियो में हाई-वैल्यू और स्पेशियलिटी प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी भी बढ़ा रही है। कंपनी की योजना हर तिमाही नए प्रोडक्ट लॉन्च करने की है। इसके लिए वह अपनी रिसर्च एंड डेवलपमेंट क्षमता का इस्तेमाल करेगी।
हिमाद्री स्पेशलिटी केमिकल के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ अनुराग चौधरी ने कहा कि फोकस अब हाई-वैल्यू-एडेड और स्पेशियलिटी प्रोडक्ट्स पर है, जो कंपनी की भविष्य की ग्रोथ का रास्ता तैयार कर रहे हैं।
दुबई में भी बढ़ाया कारोबार
कंपनी भारत के बाहर भी अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है। Himadri ने दुबई में Ardent Impex FZCO की स्थापना की है, जो इंडस्ट्रियल केमिकल्स और पेट्रोकेमिकल्स की ट्रेडिंग पर फोकस करेगी। इससे कंपनी को अपने ग्लोबल कारोबार के विस्तार के लिए विदेशी बेस मिलेगा।
पहली तिमाही में रिकॉर्ड प्रदर्शन
FY27 की पहली तिमाही में कंपनी ने अब तक का सबसे ज्यादा रेवेन्यू, EBITDA और प्रॉफिट दर्ज किया। कंपनी को उम्मीद है कि नए निवेश से तैयार होने वाली क्षमता के साथ ग्रोथ आगे भी जारी रहेगी। बैटरी मटेरियल और एडवांस्ड केमिकल्स में निवेश के जरिए Himadri अगले पांच वर्षों में ग्लोबल EV बैटरी सप्लाई चेन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

