
सिर्फ 250 रुपये से बच्चों के भविष्य की तैयारी, NPS Vatsalya में तेजी से बढ़ रही माता-पिता की दिलचस्पी
बच्चों के भविष्य के लिए कम उम्र से निवेश शुरू करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। NPS Vatsalya में एक साल के भीतर सब्सक्राइबर्स की संख्या दोगुनी हो गई है। बेहद कम रकम से शुरू होने वाली इस स्कीम में आखिर माता-पिता की दिलचस्पी क्यों बढ़ रही है और इसके क्या विकल्प हैं?

In Short
- NPS Vatsalya खाता सिर्फ 250 रुपये के न्यूनतम योगदान से शुरू किया जा सकता है।
- अगस्त 2026 में स्कीम ने चार लाख यूनिक ग्राहकों का आंकड़ा पार किया।
- मार्च 2026 तक NPS Vatsalya के सब्सक्राइबर्स बढ़कर 2.15 लाख हो गए।
बच्चों के भविष्य के लिए बचत की बात अब सिर्फ पढ़ाई या शादी तक सीमित नहीं रह गई है। माता-पिता अब उनके लिए कम उम्र से ही लंबी अवधि की सेविंग शुरू कर रहे हैं। यही वजह है कि सरकार की बच्चों के लिए शुरू की गई पेंशन स्कीम NPS Vatsalya तेजी से लोकप्रिय हो रही है। मार्च 2026 तक इस स्कीम के सब्सक्राइबर्स की संख्या एक साल में लगभग दोगुनी हो गई।
एक साल में दोगुने हुए सब्सक्राइबर्स
Pension Fund Regulatory and Development Authority यानी PFRDA के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च 2025 में NPS Vatsalya के 1.07 लाख सब्सक्राइबर्स थे। मार्च 2026 तक यह संख्या बढ़कर 2.15 लाख हो गई। यानी एक साल में करीब 100 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
इसके बाद भी स्कीम में नए ग्राहक जुड़ते रहे और अगस्त 2026 में NPS Vatsalya ने चार लाख यूनिक कस्टमर्स का आंकड़ा पार कर लिया।
स्कूल जाने वाले बच्चों के नाम सबसे ज्यादा खाते
Aditya Birla Sun Life Pension Fund के आंकड़ों से पता चलता है कि इस स्कीम में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी 10 से 14 साल के बच्चों की है। कुल ग्राहकों में इस आयु वर्ग की हिस्सेदारी 36.9 फीसदी है।
इसके बाद 5 से 9 साल के बच्चों की हिस्सेदारी 31.6 फीसदी है। वहीं 15 से 19 साल के बच्चों की हिस्सेदारी 21.1 फीसदी और 0 से 4 साल के बच्चों की हिस्सेदारी 10.4 फीसदी है।
कुल मिलाकर 68.5 फीसदी ग्राहक 15 साल से कम उम्र के हैं। इससे संकेत मिलता है कि माता-पिता बच्चों के बड़े होने का इंतजार करने के बजाय स्कूल के वर्षों से ही लंबी अवधि की बचत शुरू कर रहे हैं।

एकमुश्त निवेश से SIP की तरफ जोर
फिलहाल Aditya Birla Sun Life Pension Fund में NPS Vatsalya के तहत एकमुश्त निवेश का चलन ज्यादा दिखाई दे रहा है। हालांकि, ग्राहकों को नियमित निवेश के लिए SIP मोड अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कुछ ऐसे बच्चे भी NPS Vatsalya से जुड़े हैं, जिनके माता-पिता पहले से Corporate, Government या All-Citizen Model के तहत NPS खाते चला रहे हैं।
सिर्फ 250 रुपये से शुरुआत
मौजूदा PFRDA नियमों के अनुसार NPS Vatsalya खाता सिर्फ 250 रुपये से खोला जा सकता है। इसमें न्यूनतम सालाना योगदान भी 250 रुपये है, जबकि निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है।
रिश्तेदार और दोस्त भी बच्चे के खाते में गिफ्ट के तौर पर योगदान कर सकते हैं।
बच्चे के 18 साल का होने के बाद भी इस खाते को जारी रखने का विकल्प है। इसे 21 साल की उम्र तक NPS Vatsalya में जारी रखा जा सकता है, दूसरे लागू NPS फ्रेमवर्क में शिफ्ट किया जा सकता है या नियमों के मुताबिक इससे बाहर निकला जा सकता है।

