एक साल के नीचले स्तर पर पहुंचा एचडीएफसी बैंक का शेयर! ब्रोकरेज ने घटाए टारगेट - AT1 बॉन्ड विवाद से बढ़ी चिंता
खबर लिखे जानें तक स्टॉक बीएसई पर 3.42% या 26.70 रुपये गिरकर 753.75 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 3.44% या 26.85 रुपये टूटकर 753.60 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

In Short
- HDFC Bank शेयर 52-वीक लो पर पहुंचा, AT1 बॉन्ड मिस-सेलिंग विवाद से बढ़ा दबाव
- कर्मचारियों पर कार्रवाई और मैनेजमेंट बदलाव से निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर
- ब्रोकरेज ने टारगेट घटाए, लेकिन ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी
HDFC Bank Share: सोमवार को एचडीएफसी बैंक के शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली और स्टॉक अपने फ्रेश 52 Week Low 750.55 रुपये पर पहुंच गया।
हालांकि बाद में शेयर में थोड़ा तेजी देखने को मिली और खबर लिखे जानें तक स्टॉक बीएसई पर 3.42% या 26.70 रुपये गिरकर 753.75 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 3.44% या 26.85 रुपये टूटकर 753.60 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैंक ने कथित तौर पर हाई-रिस्क AT1 बॉन्ड्स की मिस-सेलिंग मामले में तीन कर्मचारियों जिनमें वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं को हटा दिया है। हालांकि, इस संबंध में स्टॉक एक्सचेंज को कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
किन अधिकारियों पर गिरी गाज?
CNBC-TV18 की रिपोर्ट के अनुसार, जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई उनमें संपत कुमार (ग्रुप हेड, ब्रांच बैंकिंग), हर्ष गुप्ता (ईवीपी, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका और NRI बिजनेस) और पायल मंध्यान (एसवीपी) शामिल हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि गुप्ता और मंध्यान को पहले ही जनवरी में दुबई ब्रांच से जुड़े इस मामले की जांच के दौरान सस्पेंड किया गया था। यह मामला NRI ग्राहकों को हाई-रिस्क डेट प्रोडक्ट बेचने से जुड़ा बताया जा रहा है।
पहले से दबाव में था स्टॉक
स्टॉक पहले से ही दबाव में था। हाल ही में पार्ट-टाइम चेयरमैन और स्वतंत्र निदेशक अतनु चक्रवर्ती ने इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा था कि पिछले दो साल में कुछ घटनाएं उनके व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं थीं। हालांकि, उन्होंने बैंक में किसी गड़बड़ी का आरोप नहीं लगाया।
इसके बाद RBI ने केकी मिस्त्री को तीन महीने के लिए अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त किया, ताकि बोर्ड स्तर पर निरंतरता बनी रहे।
ब्रोकरेज ने घटाए टारगेट
इन घटनाओं के बाद ब्रोकरेज हाउस सतर्क नजर आ रहे हैं। ICICI Direct ने टारगेट प्राइस 1,150 रुपये से घटाकर 1,070 रुपये कर दिया, हालांकि ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है।
ब्रोकरेज ने कहा कि चेयरमैन के अचानक इस्तीफे और मौजूदा वैश्विक माहौल के कारण निकट अवधि में स्टॉक दबाव में रह सकता है।
वहीं, Antique ने भी ‘Buy’ रेटिंग रखते हुए टारगेट 1,200 रुपये से घटाकर 1,090 रुपये कर दिया।

