scorecardresearch

Bajaj Finserv Q2 Results: सितंबर तिमाही में कंपनी की जबरदस्त कमाई, 25% बढ़ा मुनाफा; शेयर में तेजी

बजाज फिनसर्व के शेयरों में मंगलवार को तेजी देखने को मिली। कंपनी ने सितंबर तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा 25 फीसदी बढ़ा है।

Advertisement
AI Generated Image

बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv Ltd) के शेयरों में मंगलवार को करीब 2 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी करते हुए बताया कि सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 25 फीसदी बढ़कर 5,952 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले कंपनी की कुल आय में भी 17 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

advertisement

दोपहर 2:04 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई पर 1.16% या 19.55 रुपये चढ़कर 1708.55 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 1.06% या 18 रुपये चढ़कर 1,709.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

सितंबर तिमाही में कितना रहा मुनाफा?

बजाज फिनसर्व की कंसोलिडेटेड कुल आय सितंबर तिमाही में बढ़कर 43,416 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी की कुल आय 37,215 करोड़ रुपये थी। इस तरह सालाना आधार पर कुल आय में 17 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

वहीं कंपनी के मालिकाना शेयरधारकों के हिस्से का कंसोलिडेटेड मुनाफा 23 फीसदी बढ़कर 2,758 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले की समान तिमाही में यह आंकड़ा 2,244 करोड़ रुपये था।

छह महीने में ₹12,249 करोड़ का मुनाफा

कंपनी ने अप्रैल से सितंबर 2026 तक की पहली छमाही के नतीजे भी जारी किए हैं। इस दौरान बजाज फिनसर्व का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 22 फीसदी बढ़कर 12,249 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में यह 10,076 करोड़ रुपये था।

वहीं वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी की कुल कंसोलिडेटेड आय 18 फीसदी बढ़कर 85,453 करोड़ रुपये पहुंच गई।

स्टैंडअलोन मुनाफे में भी बढ़ोतरी

बजाज फिनसर्व का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सितंबर तिमाही में बढ़कर 1,458.53 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 1,085.18 करोड़ रुपये था।

वहीं स्टैंडअलोन कुल आय बढ़कर 2,047.15 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो एक साल पहले 1,481.28 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने निवेश के बाजार भाव में उतार-चढ़ाव का असर हटाकर मुनाफे का एक अलग आंकड़ा भी दिया है। इस आधार पर कंसोलिडेटेड मुनाफा 22 फीसदी बढ़कर 2,978 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 2,449 करोड़ रुपये था। इसमें निवेश पर हुए अवास्तविक लाभ या नुकसान को हटाया गया है और OCI में दर्ज वास्तविक इक्विटी लाभ को शामिल किया गया है।

कंपनी के मुताबिक, उसकी इंश्योरेंस कंपनियों के निवेश पोर्टफोलियो में शेयर बाजार से जुड़े निवेश भी शामिल हैं। इनके बाजार भाव में बदलाव से रिपोर्ट किए गए मुनाफे में अस्थायी उतार-चढ़ाव आ सकता है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।