पीएफ खाते में अभी तक नहीं दिखा ब्याज? जानिए क्यों हो रही है देरी और कब तक आएगा इंटरेस्ट
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने मार्च 2026 में 8.25% ब्याज दर बनाए रखने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक कई सदस्यों की पासबुक में ब्याज की एंट्री दिखाई नहीं दी है। ऐसे में खाताधारकों के मन में यह सवाल है कि ब्याज कब तक आएगा?

PF Interest Rate: देशभर के करोड़ों कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाताधारकों को वित्त वर्ष 2025-26 के ब्याज का इंतजार है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने मार्च 2026 में 8.25% ब्याज दर बनाए रखने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक कई सदस्यों की पासबुक में ब्याज की एंट्री दिखाई नहीं दी है। ऐसे में खाताधारकों के मन में यह सवाल है कि ब्याज कब तक आएगा?
EPFO ने 8.25% ब्याज दर रखी बरकरार
मार्च 2026 में EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने FY26 के लिए EPF पर 8.25% ब्याज दर की सिफारिश की थी। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने कहा था कि सरकार की अंतिम मंजूरी और अधिसूचना जारी होने के बाद यह ब्याज सदस्यों के खातों में जमा किया जाएगा।हालांकि, ब्याज क्रेडिट होने की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई थी।
अभी तक क्यों नहीं मिला इंटरेस्ट रेट
एक्सपर्ट्स के अनुसार, करोड़ों खातों में ब्याज जमा करने से पहले EPFO को कई प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करनी होती हैं। इनमें सरकारी अधिसूचना, खातों का मिलान, बैलेंस की पुष्टि और सदस्य रिकॉर्ड अपडेट करना शामिल है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: समय पर ITR फाइल करने पर मिलते हैं ये 5 बड़े फायदे! फटाफट करें चेक
BankBazaar.com के CEO आदिल शेट्टी के मुताबिक इसी वजह से ब्याज दर की घोषणा और पासबुक में उसकी एंट्री के बीच कई सप्ताह या कई महीनों का अंतर आ सकता है।
जून-जुलाई में दिख सकता है ब्याज
पिछले साल का ट्रेंड देखें तो 2025 में बड़ी संख्या में EPF सदस्यों के खातों में ब्याज जून और जुलाई के दौरान दिखाई दिया था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि हाल के साल में यह प्रक्रिया पहले की तुलना में तेज हुई है। पहले ब्याज की एंट्री सितंबर या अक्टूबर तक देखने को मिलती थी।
इसी आधार पर उम्मीद की जा रही है कि FY2025-26 का ब्याज भी जून और जुलाई 2026 के दौरान अधिकांश खातों में दिखाई देना शुरू हो सकता है। हालांकि अंतिम समयसीमा सरकार की अधिसूचना पर निर्भर करेगी।
सदस्य अपनी पासबुक में 'Int. Updated up to 31/03/2026' मैसेज देखकर वेरिफाइ कर सकते हैं कि एनुअल ब्याज जमा हो चुका है।
क्या देरी से ब्याज का नुकसान होगा?
इसका जवाब है नहीं। EPF खाताधारकों को देरी के कारण किसी तरह का ब्याज नुकसान नहीं होता।
EPF Scheme, 1952 के पैरा 60 के तहत ब्याज खाते में मौजूद मंथली रनिंग बैलेंस के आधार पर गणना किया जाता है। भले ही एंट्री बाद में दिखाई दे, सदस्य पूरे वर्ष के लिए पात्र ब्याज के हकदार रहते हैं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: 300 यूनिट तक फ्री में चलेगा एसी, टीवी, पंखा, कूलर, फ्रीज! कमाल की है ये सरकारी योजना - ऐसे करें अप्लाई
EPFO पूरे वित्त वर्ष के दौरान योग्य बैलेंस पर ब्याज की गणना करता है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद एकमुश्त क्रेडिट करता है। संगठन कई बार स्पष्ट कर चुका है कि प्रशासनिक देरी से सदस्यों की कमाई प्रभावित नहीं होती।
ऐसे चेक करें EPF बैलेंस
EPF सदस्य UMANG ऐप, EPFO Member Passbook Portal, मिस्ड कॉल सेवा और SMS के जरिए अपने खाते की जानकारी देख सकते हैं।
UMANG ऐप में UAN और OTP के जरिए लॉगिन कर पासबुक देखी जा सकती है।
वहीं UAN से लिंक मोबाइल नंबर से 9966044425 पर मिस्ड कॉल देकर भी बैलेंस की जानकारी मिल सकती है।
इसके अलावा 7738299899 पर "EPFOHO UAN ENG" SMS भेजकर भी खाते की डिटेल्स ली जा सकती है।

