scorecardresearch

मिनटों में मिल रहा है लोन? कहीं पर ना जाए आप पर भारी- अप्लाई करने से पहले ये 5 बातें जान लें

अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर कई लोग मोबाइल ऐप से तुरंत लोन ले लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि 5 मिनट में मिलने वाला यह कर्ज आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है? लोन लेने से पहले कुछ जरूरी बातों की जांच करना बेहद जरूरी है। जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • इंस्टेंट लोन ऐप से कर्ज लेने से पहले ब्याज दर और प्रोसेसिंग फीस की जांच करना जरूरी है।
  • समय से पहले लोन चुकाने पर कुछ ऐप 4% से 5% तक अतिरिक्त चार्ज वसूल सकते हैं।
  • गैर-पंजीकृत लोन ऐप से मनमानी वसूली और पर्सनल डेटा चोरी होने का खतरा रहता है।

आजकल अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर लोग तुरंत लोन लेने के लिए मोबाइल ऐप का सहारा लेते हैं। कई ऐप महज 5 मिनट में लोन देने का दावा करते हैं। ऐसे में लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे लोन के लिए आवेदन कर देते हैं। लेकिन जल्दबाजी में लिया गया यह फैसला आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। इंस्टेंट लोन ऐप से कर्ज लेने से पहले कुछ जरूरी बातों की जांच करना बेहद जरूरी है, ताकि आगे चलकर आपको आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।

advertisement

लोन की ब्याज दर कैसे तय हो रही है?

इंस्टेंट लोन लेने से पहले उसकी ब्याज दर जरूर चेक करें। खासकर यह देखें कि लोन पर लगने वाला ब्याज फ्लैट रेट पर आधारित है या रिड्यूसिंग बैलेंस पर। फ्लैट रेट में ब्याज मूलधन पर लगाया जाता है, जबकि रिड्यूसिंग बैलेंस में बकाया रकम के आधार पर ब्याज की गणना होती है। फ्लैट रेट की तुलना में रिड्यूसिंग बैलेंस वाला तरीका सस्ता पड़ता है।

प्रोसेसिंग फीस पर भी दें ध्यान

कई इंस्टेंट लोन ऐप लोन देने से पहले प्रोसेसिंग फीस काट लेते हैं। मान लीजिए आपने 1 लाख रुपये का लोन लिया और उस पर 3% प्रोसेसिंग फीस है। ऐसे में आपके बैंक खाते में सिर्फ 97,000 रुपये आएंगे, लेकिन ब्याज पूरे 1 लाख रुपये पर ही देना होगा। इसलिए लोन लेने से पहले प्रोसेसिंग फीस जरूर जांच लें।

समय से पहले लोन चुकाने पर कितना चार्ज?

कई लोग अपना कर्ज जल्द से जल्द खत्म करना चाहते हैं। लेकिन कुछ इंस्टेंट लोन ऐप समय से पहले लोन चुकाने पर अतिरिक्त चार्ज वसूलते हैं। अगर आप तय समय से पहले लोन बंद करना चाहते हैं, तो कुछ ऐप 4% से 5% तक प्री-क्लोजर या फोरक्लोजर पेनल्टी लगा सकते हैं। इसलिए पहले ही इन चार्ज की जानकारी लेना जरूरी है।

लोन चुकाने की अवधि सोच-समझकर चुनें

इंस्टेंट लोन ऐप आमतौर पर ज्यादा लंबी अवधि का विकल्प नहीं देते। ऐसे में लोन चुकाने की अवधि चुनते समय सावधानी बरतनी चाहिए। कई लोग अपनी मासिक किस्त यानी ईएमआई कम रखने के लिए लंबी अवधि चुन लेते हैं। हालांकि, ऐसा करने पर उन्हें ज्यादा ब्याज चुकाना पड़ सकता है।

ऐप आरबीआई से रजिस्टर्ड है या नहीं?

किसी भी थर्ड पार्टी ऐप से लोन लेने से पहले यह जरूर जांच लें कि वह भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा रेगुलेटेड किसी एनबीएफसी से जुड़ा है या नहीं। गैर-पंजीकृत ऐप अक्सर मनमानी वसूली करते हैं। इसके अलावा ऐसे ऐप से डेटा चोरी होने का भी बड़ा खतरा रहता है।

इसलिए इंस्टेंट लोन की सुविधा का फायदा उठाने से पहले इन पांच बातों को अच्छी तरह समझना जरूरी है। जल्दबाजी में बिना शर्तें पढ़े लोन लेना आपकी वित्तीय सुरक्षा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।