अपने घर PNG कनेक्शन कैसे लगवाएं? जानिए प्रोसेस, लागत और टाइमलाइन - आसान भाषा में
पश्चिम एशिया तनाव के बीच सरकार PNG को बढ़ावा दे रही है। उपभोक्ता अपने शहर की CGD कंपनी (जैसे IGL, MGL) की वेबसाइट से उपलब्धता जांचकर ऑनलाइन/ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। 5,000–10,000 रुपये डिपॉजिट लगता है और 7–15 दिनों में कनेक्शन शुरू हो सकता है, जिससे सिलेंडर झंझट खत्म होता है।

In Short
- PNG कनेक्शन के लिए पहले अपने इलाके में उपलब्धता चेक करें, फिर ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन करें
- 5,000-10,000 रुपये तक सिक्योरिटी डिपॉजिट लगता है, शहर के हिसाब से बदलाव संभव
- पाइपलाइन मौजूद होने पर 7-15 दिनों में इंस्टॉलेशन के बाद गैस सप्लाई शुरू हो जाती है
How to get PNG Connection: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते एलपीजी सप्लाई प्रभावित होने के बाद सरकार अब घरों और कमर्शियल यूजर्स को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
जहां पाइपलाइन नेटवर्क मौजूद है, वहां उपभोक्ता आसानी से PNG कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि प्रक्रिया और लागत शहर और उपलब्धता पर निर्भर करती है।
आपके शहर में कौन देता है कनेक्शन?
हर शहर में PNG सप्लाई के लिए एक तय City Gas Distribution (CGD) कंपनी जिम्मेदार होती है, जिसे PNGRB से मंजूरी मिली होती है। दिल्ली-NCR में Indraprastha Gas Limited (IGL), मुंबई में Mahanagar Gas Limited (MGL), गुजरात के शहरों में Gujarat Gas, जबकि Adani Total Gas और GAIL Gas Limited कई अन्य शहरों में सेवाएं देते हैं।
पहले चेक करें- आपके इलाके में सुविधा है या नहीं
सबसे पहला कदम है यह देखना कि आपके एरिया में PNG उपलब्ध है या नहीं। इसके लिए संबंधित कंपनी की वेबसाइट पर जाकर अपना पता या पिनकोड डालना होता है। अगर पाइपलाइन पहले से बिछी है, तो आप तुरंत आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन या ऑफलाइन ऐसे करें आवेदन
कंज्यूमर कंपनी की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या नजदीकी कस्टमर सेंटर जाकर ऑफलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन के दौरान पहचान पत्र, एड्रेस प्रूफ और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज (जैसे रेंट एग्रीमेंट या ओनरशिप पेपर) देने होते हैं।
कितनी आएगी लागत?
PNG कनेक्शन के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट देना होता है, जो आमतौर पर 5,000 से 10,000 रुपये के बीच रहता है। उदाहरण के तौर पर, IGL करीब 7,000 रुपये का रिफंडेबल डिपॉजिट लेती है, जिसमें 15 मीटर तक पाइपलाइन शामिल होती है। अलग-अलग शहरों में यह रकम थोड़ी बदल सकती है।
इंस्टॉलेशन और सप्लाई कैसे शुरू होती है?
आवेदन और भुगतान के बाद कंपनी साइट इंस्पेक्शन करती है। मंजूरी मिलने पर टेक्नीशियन पाइपलाइन और गैस मीटर इंस्टॉल करते हैं और सेफ्टी चेक के बाद सप्लाई शुरू होती है। जहां नेटवर्क पहले से है, वहां 7 से 15 दिन में कनेक्शन चालू हो सकता है। नए इलाकों में इसमें ज्यादा समय लग सकता है।
क्यों बढ़ रहा है PNG की ओर झुकाव?
PNG की सबसे बड़ी खासियत इसकी लगातार सप्लाई और सिलेंडर की झंझट से छुटकारा है। IOCL के मुताबिक पाइपलाइन नेटवर्क पॉजिटिव प्रेशर पर आधारित होता है, जिससे सामान्य स्थिति में बिना रुकावट सप्लाई मिलती है।
हालांकि, अभी भी इसकी पहुंच हर जगह नहीं है। दिल्ली, मुंबई और गुजरात जैसे इलाकों में नेटवर्क मजबूत है, लेकिन कई टियर-2 शहरों और दक्षिण भारत में इसका विस्तार जारी है।

