अस्पताल के लाखों का खर्च बचाएगा सही हेल्थ इंश्योरेंस, जानिए कम से कम कितना कवर लेना चाहिए
बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए पॉलिसीबाजार के अमित छाबड़ा ने कहा कि हेल्थ क्राइसिस कब आ जाए, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता। ऐसे में सही हेल्थ इंश्योरेंस लेना बेहद जरूरी है।

In Short
- एक्सपर्ट की सलाह है कि निवेश शुरू करने से पहले हर व्यक्ति के पास हेल्थ इंश्योरेंस जरूर होना चाहिए।
- बड़े शहरों में रहने वालों के लिए कम से कम 20 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस कवर लेने की सिफारिश की गई है।
- हेल्थ इंश्योरेंस चुनते समय शहर, अस्पताल और बीमा कवर (Sum Insured) की राशि पर खास ध्यान देना चाहिए।
आज के समय में मेडिकल महंगाई लगातार बढ़ रही है। अगर किसी वजह से अस्पताल में भर्ती होना पड़ जाए तो इलाज पर लाखों रुपये खर्च हो सकते हैं। ऐसे में अचानक बड़ा आर्थिक बोझ आ जाता है। इसलिए हेल्थ इंश्योरेंस अब हर व्यक्ति के लिए जरूरी हो गया है।
बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए पॉलिसीबाजार के अमित छाबड़ा ने कहा कि हेल्थ क्राइसिस कब आ जाए, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता। ऐसे में सही हेल्थ इंश्योरेंस लेना बेहद जरूरी है।
निवेश से पहले हेल्थ इंश्योरेंस लेना चाहिए
एक्सपर्ट के मुताबिक, हेल्थ इंश्योरेंस सबसे बेसिक और पहला प्रोटेक्शन प्रोडक्ट है, जिसे हर भारतीय के पास होना चाहिए। भारत में ज्यादातर लोग इलाज के लिए निजी अस्पतालों पर निर्भर रहते हैं। वहीं सरकारी अस्पतालों में कई बार बेड की कमी और इलाज की गुणवत्ता को लेकर लोगों की चिंता रहती है। इसलिए अपना हेल्थ इंश्योरेंस होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अगर आप किसी फाइनेंशियल प्लानर के पास भी जाते हैं तो सबसे पहले हेल्थ इंश्योरेंस लेने की सलाह दी जाती है। वजह साफ है कि जब तक आपके पास हेल्थ इंश्योरेंस नहीं होगा, तब तक आपकी निवेश की गई रकम भी सुरक्षित नहीं रहेगी। बीमारी और अस्पताल में भर्ती होने की घटनाएं अब काफी आम हो गई हैं। कैंसर और हार्ट से जुड़ी बीमारियां भी अब कम उम्र के लोगों में तेजी से देखने को मिल रही हैं।
हेल्थ इंश्योरेंस लेते समय किन बातों का रखें ध्यान?
एक्सपर्ट के अनुसार, हेल्थ इंश्योरेंस चुनते समय सबसे महत्वपूर्ण बात Sum Insured यानी बीमा कवर की राशि है। कितना कवर लेना चाहिए, यह मुख्य रूप से दो बातों पर निर्भर करता है।
- आप किस शहर में रहते हैं।
- आप किस तरह के अस्पताल में इलाज कराना चाहते हैं।
अगर आप दिल्ली, गुरुग्राम, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद या चेन्नई जैसे बड़े शहर में रहते हैं और किसी अच्छे निजी अस्पताल में प्राइवेट रूम या प्राइवेट वार्ड में इलाज कराना चाहते हैं, तो आपको ऐसा कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ इंश्योरेंस प्लान चुनना चाहिए, जिसमें किसी तरह की लिमिटेशन न हो।
कम से कम कितना होना चाहिए बीमा कवर?
एक्सपर्ट की सलाह है कि कम से कम 20 लाख रुपये का सम इंश्योर्ड जरूर लेना चाहिए। अगर परिवार के सदस्यों की संख्या ज्यादा है तो इससे भी अधिक कवर लेना बेहतर रहेगा। हालांकि, न्यूनतम 20 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस कवर जरूर होना चाहिए।

