scorecardresearch

हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस में कितना कवर जरूरी? एक्सपर्ट से समझें अपने लिए सही रकम

हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस लेते समय सबसे बड़ा सवाल सही कवर चुनने का होता है। बहुत कम कवर मुश्किल के समय नाकाफी हो सकता है, जबकि ज्यादा कवर का प्रीमियम जेब पर भारी पड़ सकता है। एक्सपर्ट ने बताया है कि दोनों के लिए सही कवर कैसे तय किया जा सकता है।

Advertisement

In Short

  • हेल्थ इंश्योरेंस में कम से कम 5 लाख रुपये का बेस कवर रखने की सलाह
  • बड़े मेडिकल खर्च से सुरक्षा के लिए बेस कवर के साथ सुपर टॉप-अप हो सकता है उपयोगी
  • लाइफ इंश्योरेंस कवर सालाना कमाई का 20 से 25 गुना रखने की एक्सपर्ट ने दी सलाह

इंश्योरेंस खरीदते समय सबसे बड़ा सवाल होता है कि आखिर कितने रुपये का कवर लेना सही रहेगा। बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए इंश्योरेंस एक्सपर्ट दीपक योहानन ने कहा कि हेल्थ इंश्योरेंस में बढ़ता मेडिकल खर्च ध्यान में रखना जरूरी है, वहीं लाइफ इंश्योरेंस का कवर आपकी सालाना कमाई के हिसाब से तय किया जा सकता है। एक्सपर्ट ने दोनों के लिए एक आसान तरीका बताया है।

advertisement

हेल्थ इंश्योरेंस में कितना कवर होना चाहिए?

एक्सपर्ट के मुताबिक, हेल्थ इंश्योरेंस के लिए कोई एक रकम हर व्यक्ति पर लागू नहीं की जा सकती। हर व्यक्ति की जरूरत अलग हो सकती है। हालांकि, कम से कम 5 लाख रुपये का बेस हेल्थ इंश्योरेंस कवर जरूर होना चाहिए। इसकी बड़ी वजह हेल्थकेयर की तेजी से बढ़ती कीमतें और मेडिकल महंगाई है।

5 से 10 लाख का बेस कवर रख सकते हैं

इंश्योरेंस एक्सपर्ट दीपक योहानन के मुताबिक, अगर संभव हो तो 10 लाख रुपये का बेस हेल्थ कवर लिया जा सकता है। बहुत ज्यादा बेस कवर लेने के बजाय इसे एक तय स्तर पर रखना बेहतर हो सकता है। मसलन, 25 से 30 लाख रुपये का बेस कवर लेने पर पॉलिसी महंगी हो सकती है और उम्र बढ़ने के साथ इसका प्रीमियम ज्यादा बोझ डाल सकता है।

Super Top-Up से बढ़ाएं सुरक्षा

बड़े मेडिकल बिल से बचने के लिए एक्सपर्ट ने बेस हेल्थ इंश्योरेंस के साथ सुपर टॉप-अप प्लान लेने की सलाह दी। अगर आपके पास 5 लाख या 10 लाख रुपये का बेस कवर है, तो उसके ऊपर सुपर टॉप-अप लिया जा सकता है। ऐसे प्लान 50 लाख रुपये या यहां तक कि 1 करोड़ रुपये तक के कवर के साथ उपलब्ध हो सकते हैं।

बड़े Hospital Bill में काम आएगा Super Top-Up

एक्सपर्ट के मुताबिक, 10 लाख रुपये का बेस कवर और उसके साथ सुपर टॉप-अप रखना एक बेहतर तरीका हो सकता है। अगर कभी इलाज का खर्च बहुत ज्यादा हो जाता है, तो ऐसी स्थिति में सुपर टॉप-अप कवर काम आ सकता है। इससे बहुत बड़ा बेस कवर लेकर ज्यादा प्रीमियम चुकाने की जरूरत कम हो सकती है।

Life Insurance में कितना कवर लें?

लाइफ इंश्योरेंस को लेकर एक्सपर्ट ने टर्म इंश्योरेंस पर टिके रहने की सलाह दी। उनके मुताबिक, लाइफ इंश्योरेंस कवर आपकी सालाना कमाई का करीब 20 से 25 गुना होना चाहिए। ज्यादातर इंश्योरेंस कंपनियां भी इसी दायरे में कवर ऑफर करती हैं। 25 गुना से ज्यादा कवर देने में कंपनियां थोड़ी हिचक सकती हैं।

45 साल की उम्र से पहले लेना बेहतर

advertisement

दीपक योहानन के मुताबिक, टर्म इंश्योरेंस जितनी कम उम्र में लिया जाए, उतना बेहतर है। संभव हो तो 45 साल की उम्र से पहले पर्याप्त कवर ले लेना चाहिए। 45 साल के बाद ज्यादा कवर देने को लेकर इंश्योरेंस कंपनियां ज्यादा सतर्क हो सकती हैं। इसके अलावा 50 साल की उम्र के करीब पहुंचने पर स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं।

समय के साथ बढ़ाते रहें Life Cover

एक्सपर्ट की सलाह है कि लाइफ इंश्योरेंस कवर सालाना कमाई के 20 से 25 गुना के आसपास रखा जाए और जरूरत तथा आय बढ़ने के साथ इसे टॉप-अप करते रहें। कम उम्र में पर्याप्त टर्म इंश्योरेंस लेने से ज्यादा कवर हासिल करना आसान हो सकता है और आगे चलकर परिवार को बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिल सकती है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।