कम उम्र में क्रेडिट कार्ड और कई लोन! जेन जी के खर्च करने के तरीके पर रिपोर्ट में खुलासा
भारत में जेन जी के बीच क्रेडिट कार्ड का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। युवा अब कम उम्र में ही क्रेडिट कार्ड और दूसरे लोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। ट्रांसयूनियन सिबिल की नई रिपोर्ट में युवाओं के खर्च और बढ़ते कर्ज को लेकर कई चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं।

In Short
- मार्च 2026 तक पहली बार क्रेडिट कार्ड लेने वालों में 50% की उम्र 30 साल या उससे कम थी।
- करीब 28% जेन जी युवाओं के क्रेडिट कार्ड पर शुरुआती तीन महीनों में ही ₹25,000 से ज्यादा बकाया हो गया।
- पहली बार क्रेडिट कार्ड लेने वाले 69% जेन जी युवाओं ने 12 महीने के अंदर दूसरा क्रेडिट प्रोडक्ट भी लिया।
भारत में युवाओं के बीच क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। अब सिर्फ बड़े शहरों में ही नहीं, बल्कि छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में भी युवा क्रेडिट कार्ड ले रहे हैं। ट्रांसयूनियन सिबिल की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2026 तक पहली बार क्रेडिट कार्ड लेने वाले 50% लोगों की उम्र 30 साल या उससे कम थी। इनमें 46% लोग छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों से थे। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि कई युवा क्रेडिट कार्ड लेने से पहले ही दूसरे लोन ले चुके होते हैं।
10 साल में कितना बढ़ा क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल?
भारत में पिछले एक दशक में क्रेडिट कार्ड का बाजार तेजी से बढ़ा है। मार्च 2016 में देश में करीब 1.4 करोड़ क्रेडिट कार्ड होल्डर्स थे, जो मार्च 2026 तक बढ़कर 5.2 करोड़ हो गए। इस दौरान एक्टिव क्रेडिट कार्ड की संख्या 2.1 करोड़ से बढ़कर 10.7 करोड़ पहुंच गई। वहीं, क्रेडिट कार्ड पर बकाया रकम 40 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 3.1 लाख करोड़ रुपये हो गई।
क्रेडिट कार्ड लेने से पहले ही कर्ज में युवा
रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में पहली बार क्रेडिट कार्ड लेने वाले 24 से 30 साल के जेन जी युवाओं में 31% के पास पहले से कम से कम दो क्रेडिट अकाउंट थे। वहीं, 23% युवा छोटी रकम का पर्सनल लोन और 18% कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन ले चुके थे। सिर्फ 30% युवाओं ने इससे पहले कोई क्रेडिट नहीं लिया था।
3 महीने में ₹25,000 से ज्यादा बकाया
स्टडी में सामने आया कि पहली बार क्रेडिट कार्ड लेने वाले करीब 28% जेन जी युवाओं के कार्ड पर शुरुआती तीन महीनों में ही 25 हजार रुपये से ज्यादा का बकाया हो गया। जबकि 2018 में मिलेनियल्स के बीच यह आंकड़ा 20% था।
इसके अलावा, 69% जेन जी युवाओं ने पहला क्रेडिट कार्ड लेने के 12 महीनों के अंदर दूसरा क्रेडिट प्रोडक्ट भी ले लिया। मिलेनियल्स में यह आंकड़ा 55% था।
एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड रखने का बढ़ा चलन
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 10 साल में तीन या उससे ज्यादा क्रेडिट कार्ड रखने वालों की हिस्सेदारी 12% से बढ़कर 22% हो गई है। वहीं, सिर्फ क्रेडिट कार्ड के जरिए कर्ज लेने वालों की हिस्सेदारी 50% से घटकर 33% रह गई।
कर्ज लेते समय किन बातों का रखें ध्यान?
ट्रांसयूनियन सिबिल के एमडी और सीईओ भावेश जैन के मुताबिक, कर्ज देते समय ग्राहकों की कमाई, आर्थिक स्थिति और उसे चुकाने की क्षमता का ध्यान रखना जरूरी है। क्रेडिट कार्ड का सही इस्तेमाल क्रेडिट हिस्ट्री बनाने में मदद करता है, लेकिन बिना हिसाब-किताब के कई लोन लेना और समय पर बिल नहीं चुकाना घर का बजट बिगाड़ सकता है।

