scorecardresearch

कर्मचारियों की इस एक मांग से बेसिक सैलरी में आएगा बड़ा उछाल? जानें पिछले 7 आयोगों का हिसाब

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों पर टिकी हैं। कर्मचारी संगठनों ने आयोग के सामने कई बड़ी मांगें रखी हैं। इनमें से एक मांग पूरी होने पर बेसिक सैलरी में जबरदस्त उछाल देखने को मिल सकता है। जानें पिछले सात वेतन आयोगों में कितनी बढ़ी सैलरी।

Advertisement

In Short

  • फिटमेंट फैक्टर को बढ़ाकर 3.83 करने की मांग कर रहे कर्मचारी संगठन।
  • मांग पूरी होने पर न्यूनतम बेसिक सैलरी 68,940 रुपये हो सकती है।
  • मई 2027 के आसपास रिपोर्ट पेश कर सकता है आठवां वेतन आयोग।

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के लागू होने का बेसब्री से इंतजार है। आयोग अब तक देश के कई शहरों में कर्मचारी संगठनों के साथ बैठकें कर चुका है। इन बैठकों में वेतन, पेंशन और भत्तों में बदलाव को लेकर कई मांगें रखी गई हैं। इनमें सबसे प्रमुख मांग फिटमेंट फैक्टर को बढ़ाकर 3.83 करने की है। अगर सरकार इस मांग को स्वीकार करती है, तो कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी में करीब 51,000 रुपये का इजाफा हो सकता है।

advertisement

क्या होता है फिटमेंट फैक्टर?

फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) एक ऐसा आंकड़ा है, जिसके आधार पर कर्मचारियों की मौजूदा बेसिक सैलरी और पेंशन को संशोधित किया जाता है। सातवें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.57 रखा गया था। इसके चलते कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हो गई थी।

कैसे होगी करीब 69,000 रुपये सैलरी?

अगर आठवें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 3.83 किया जाता है, तो मौजूदा 18,000 रुपये की न्यूनतम बेसिक सैलरी बढ़कर 68,940 रुपये हो जाएगी। यानी कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी में 50,940 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, अभी इस मांग पर सरकार की मुहर नहीं लगी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

पहले से चौथे वेतन आयोग तक कितनी बढ़ी सैलरी?

देश में पहला वेतन आयोग 1946 में आया था। इसके तहत न्यूनतम बेसिक सैलरी 55 रुपये और अधिकतम 2,000 रुपये थी। साल 1959 में दूसरे वेतन आयोग के तहत न्यूनतम सैलरी बढ़कर 80 रुपये और अधिकतम 3,000 रुपये हो गई।

इसके बाद 1973 में तीसरे वेतन आयोग ने न्यूनतम बेसिक सैलरी बढ़ाकर 196 रुपये और अधिकतम 3,500 रुपये कर दी। साल 1986 में चौथे वेतन आयोग के तहत न्यूनतम बेसिक सैलरी 750 रुपये और अधिकतम 8,000 रुपये हो गई।

पांचवें से सातवें वेतन आयोग तक कितना हुआ इजाफा?

साल 1996 में पांचवें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.74 रखा गया। इससे न्यूनतम बेसिक सैलरी 2,550 रुपये और अधिकतम 26,000 रुपये हो गई।

साल 2006 में छठे वेतन आयोग में 1.86 फिटमेंट फैक्टर के साथ न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,000 रुपये और अधिकतम 80,000 रुपये हो गई। वहीं, 2016 में सातवें वेतन आयोग के तहत न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये और अधिकतम 2.5 लाख रुपये हो गई।

कब लागू होगा आठवां वेतन आयोग?

आठवें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। आयोग को अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। ऐसे में मई 2027 के आसपास आयोग अपनी रिपोर्ट पेश कर सकता है। इसके बाद सरकार के फैसले के आधार पर इसे लागू किया जाएगा। फिलहाल इसे लागू करने की तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।