25 की उम्र में शुरू कर रहे निवेश? एक्सपर्ट ने बताया म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो बनाने का सही फॉर्मूला
कम उम्र में म्यूचुअल फंड में निवेश शुरू करने का फायदा लंबी अवधि में मिल सकता है, लेकिन सवाल है कि पोर्टफोलियो में किन कैटेगरी को कितनी जगह दी जाए। एक्सपर्ट ने 25 साल के निवेशक के लिए एक खास पोर्टफोलियो रणनीति बताई है, जिसमें अलग-अलग तरह के फंड शामिल हैं।

In Short
- 25 साल के निवेशक के पास लंबी अवधि के निवेश के लिए ज्यादा समय
- एक्सपर्ट ने पोर्टफोलियो में 50% लार्ज कैप रखने का दिया सुझाव
- बाकी 50% निवेश मिड कैप और स्मॉल कैप में रखने की बताई रणनीति
अगर कोई व्यक्ति 25 साल की उम्र में लंबी अवधि के लिए निवेश शुरू करना चाहता है, तो उसके म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो में लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप फंड का सही संतुलन होना जरूरी है। बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर शैलेंद्र भटनागर के सवालों का Anand Rathi Wealth की म्यूचुअल फंड हेड श्वेता रजनी ने जवाब देते हुए कहा कि, कम उम्र में निवेश शुरू करने वाले व्यक्ति के पास लंबा समय होता है, इसलिए वह अलग-अलग कैटेगरी के फंड को अपने पोर्टफोलियो में शामिल कर सकता है।
50% लार्ज कैप और 50% मिड-स्मॉल कैप
एक्सपर्ट ने कहा कि 25 साल के निवेशक के लिए पोर्टफोलियो को 50-50 के अनुपात में बांटा जा सकता है। इसमें करीब 50% हिस्सा लार्ज कैप में रखा जा सकता है, जबकि बाकी 50% निवेश मिड कैप और स्मॉल कैप में किया जा सकता है। इससे निवेशक को अलग-अलग कैटेगरी में निवेश का मौका मिलता है।
लार्ज कैप में इस फंड पर कर सकते हैं विचार
लार्ज कैप कैटेगरी में एक्सपर्ट ने कोटक लार्ज कैप फंड पर विचार करने की बात कही। उनके मुताबिक, यह लार्ज कैप फंड है, लेकिन इसका मैनेजमेंट दूसरे कई लार्ज कैप फंड से थोड़ा अलग है। इसके पोर्टफोलियो में ज्यादा एक्टिव ट्रेडिंग और हाई चर्न देखने को मिलता है। इससे लार्ज कैप स्पेस में ही पोर्टफोलियो को कुछ अतिरिक्त बढ़त मिलने की संभावना बन सकती है।
मिड कैप के लिए ये विकल्प
एक्सपर्ट के मुताबिक, निवेशक बंधन लार्ज एंड मिड कैप या कोटक मिड कैप पर भी विचार कर सकता है। इससे पोर्टफोलियो में लार्ज कैप के साथ मिड कैप कंपनियों का एक्सपोजर भी जोड़ा जा सकता है।
मल्टी कैप और स्मॉल कैप में क्या विकल्प?
इसके अलावा एक्सपर्ट ने कैनरा मल्टी कैप और इनवेस्को स्मॉल कैप का नाम भी सुझाया। अलग-अलग कैटेगरी के इन फंड्स को पोर्टफोलियो में शामिल करने से निवेशक को अलग-अलग फंड मैनेजर्स की निवेश रणनीतियों का फायदा मिल सकता है।
बराबर निवेश से बन सकता है संतुलित पोर्टफोलियो
एक्सपर्ट ने बताया कि इन फंड्स में बराबर रकम लगाई जाए तो पोर्टफोलियो करीब 50-50 के मिश्रण के आसपास पहुंच सकता है। यानी लगभग आधा हिस्सा लार्ज कैप और बाकी आधा मिड और स्मॉल कैप में रह सकता है।
लार्ज कैप में 50% रखने की क्या वजह?
एक्सपर्ट के मुताबिक, फिलहाल लार्ज कैप पर दबाव रहा है। ऐसे में आगे मीन रिवर्जन की संभावना ज्यादा हो सकती है। इसी वजह से पोर्टफोलियो का करीब 50% हिस्सा लार्ज कैप में और बाकी 50% मिड और स्मॉल कैप में रखने की रणनीति अपनाई जा सकती है।

