SIP, STP या SWP... म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए कौन सा तरीका है बेहतर?
म्यूचुअल फंड में SIP के बारे में तो ज्यादातर लोग जानते हैं, लेकिन STP और SWP का इस्तेमाल कब करना चाहिए? बिजनेस टुडे के शो में Mutual Fund Head श्वेता रजनी ने बताया कि निवेश के अलग-अलग पड़ाव पर ये तीनों तरीके कैसे काम आते हैं और किसे क्या चुनना चाहिए।

In Short
- SIP के अलावा STP और SWP भी म्यूचुअल फंड निवेश की रणनीति में आ सकते हैं काम
- एकमुश्त बड़ी रकम को धीरे-धीरे इक्विटी फंड में लगाने के लिए STP का विकल्प
- रिटायरमेंट के बाद नियमित रकम निकालने के लिए SWP का किया जा सकता है इस्तेमाल
म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले ज्यादातर लोग अब SIP यानी सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान के बारे में जानते हैं। बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Mutual Fund Head श्वेता रजनी ने SIP, STP और SWP जैसे निवेश के अलग-अलग टूल्स के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि निवेशकों को अपनी आमदनी, उपलब्ध रकम और जरूरत के हिसाब से इन टूल्स का इस्तेमाल कब और कैसे करना चाहिए। दरअसल, म्यूचुअल फंड में निवेश की रणनीति सिर्फ SIP तक सीमित नहीं है। STP और SWP जैसे दूसरे विकल्प भी हैं, जो निवेश के अलग-अलग चरणों में काम आ सकते हैं।
SIP क्या है और किसके लिए है फायदेमंद?
श्वेता रजनी ने बताया कि SIP यानी सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान उन लोगों के लिए उपयोगी है, जिनकी हर महीने नियमित आमदनी होती है। उदाहरण के लिए, अगर कोई व्यक्ति नौकरी करता है और हर महीने उसके बैंक खाते में सैलरी आती है, तो वह अपनी आमदनी का एक तय हिस्सा म्यूचुअल फंड में निवेश कर सकता है।
SIP में हर महीने बैंक खाते से एक निश्चित रकम अपने आप कट जाती है और चुनी गई इक्विटी या डेट म्यूचुअल फंड स्कीम में निवेश हो जाती है। हालांकि, ज्यादातर निवेशक SIP के जरिए इक्विटी स्कीम में पैसा लगाते हैं। इसमें एकमुश्त बड़ी रकम की जरूरत नहीं होती।
STP कब करना चाहिए इस्तेमाल?
श्वेता रजनी के मुताबिक, STP यानी सिस्टमैटिक ट्रांसफर प्लान उन निवेशकों के लिए है, जिनके पास एकमुश्त बड़ी रकम मौजूद है, लेकिन वे पूरी रकम एक साथ शेयर बाजार में नहीं लगाना चाहते।
मान लीजिए किसी निवेशक के पास 10 लाख रुपये हैं। वह इस रकम को पहले किसी डेट या लिक्विड फंड में रख सकता है। इसके बाद हर महीने 10 हजार या 20 हजार रुपये जैसी तय रकम इक्विटी फंड में ट्रांसफर करने के निर्देश दे सकता है।
इसके अलावा, जो निवेशक पहले डेट फंड में ज्यादा पैसा रखते थे और अब उनकी जोखिम लेने की क्षमता बढ़ रही है, वे भी धीरे-धीरे इक्विटी में निवेश बढ़ाने के लिए STP का इस्तेमाल कर सकते हैं।
SWP कब आता है काम?
SWP यानी सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान उन लोगों के लिए है, जिन्हें अपने निवेश से हर महीने नियमित पैसा चाहिए।
श्वेता रजनी ने बताया कि आमतौर पर रिटायरमेंट के बाद SWP का इस्तेमाल किया जाता है। खासकर ऐसे लोग, जिनके रोजमर्रा के खर्च निवेश से मिलने वाली रकम पर निर्भर होते हैं।
SWP को SIP का उल्टा तरीका भी समझ सकते हैं। SIP में बैंक खाते से पैसा म्यूचुअल फंड में जाता है, जबकि SWP में म्यूचुअल फंड से तय रकम हर महीने एक निश्चित तारीख पर निवेशक के बैंक खाते में आती है।
SIP, STP और SWP में से कब क्या चुनें?
श्वेता रजनी के मुताबिक, तीनों टूल्स का उद्देश्य अलग-अलग है। नियमित आमदनी से हर महीने निवेश करना हो तो SIP का इस्तेमाल किया जा सकता है। एकमुश्त रकम को धीरे-धीरे इक्विटी में लगाना हो तो STP काम आता है। वहीं निवेश से हर महीने पैसा निकालने की जरूरत हो तो SWP का विकल्प मौजूद है।
इसलिए निवेशकों को अपनी लंबी अवधि की निवेश रणनीति बनाते समय यह समझना चाहिए कि उनकी मौजूदा जरूरत के हिसाब से कौन सा टूल सबसे ज्यादा उपयोगी हो सकता है।


