SBI Mutual Fund ने लॉन्च किया Aarambh, ₹250 से SIP और बिना PAN डिजिटल निवेश की सुविधा
म्यूचुअल फंड में पहली बार निवेश करने वालों के लिए SBI Mutual Fund ने नई डिजिटल सर्विस Aarambh लॉन्च की है। इसका मकसद KYC और निवेश की शुरुआती प्रक्रिया को आसान बनाना है। नई सुविधा में बायोमैट्रिक eKYC, eSign और कम राशि से SIP शुरू करने जैसे विकल्प दिए गए हैं।

SBI Mutual Fund ने पहली बार म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए Aarambh नाम की असिस्टेड डिजिटल ऑनबोर्डिंग सर्विस लॉन्च की है। इस पहल का उद्देश्य नए निवेशकों के लिए म्यूचुअल फंड में निवेश की शुरुआत को आसान और कम जटिल बनाना है। कंपनी के मुताबिक, कई लोगों के लिए निवेश में रुचि की कमी नहीं, बल्कि शुरुआती प्रक्रिया ज्यादा मुश्किल होना ही बड़ी बाधा है।
Aarambh का मतलब ‘शुरुआत’ है। इस सर्विस के तहत SBI ब्रांच अधिकारी या अधिकृत प्रतिनिधि, SBI MF Relationship Manager या Mutual Fund Distribution Partner निवेशक को शुरुआती बातचीत से लेकर पहला निवेश पूरा करने तक मदद कर सकता है।
कंपनी के मुताबिक, पूरी ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया एक ही डिजिटल सेशन में पूरी की जा सकती है। इसमें फिजिकल पेपरवर्क और कई चरणों में फॉलो-अप की जरूरत नहीं होगी। इससे नए निवेशक कुछ ही मिनटों में invest-ready हो सकेंगे।
Aadhaar बायोमैट्रिक eKYC की सुविधा
Aarambh में Aadhaar आधारित बायोमैट्रिक eKYC और eSign की सुविधा भी दी गई है। ऐसे निवेशक जिन्हें OTP के जरिए ऑनबोर्डिंग करने में परेशानी होती है, वे फिंगरप्रिंट के जरिए KYC प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। हालांकि, ओटीपी आधारित ऑप्शन भी उपलब्ध रहेगा।
SBI Mutual Fund के अनुसार, अब बिना PAN वाले लोग भी पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया के जरिए म्यूचुअल फंड में निवेश शुरू कर सकेंगे। इससे पहले ऐसे निवेशकों के लिए फिजिकल और पेपर-बेस्ड प्रक्रिया का इस्तेमाल किया जाता था।
₹250 से शुरू कर सकते हैं SIP
पहली बार म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले लोग Aarambh के जरिए Jan Nivesh से भी शुरुआत कर सकते हैं। इसके तहत ₹250 प्रति महीने से SIP शुरू करने का ऑप्शन उपलब्ध है।
SBI Mutual Fund का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य उन भारतीयों तक म्यूचुअल फंड निवेश की पहुंच बढ़ाना है, जिन्होंने अभी तक अपना पहला निवेश नहीं किया है।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के एमडी और सीईओ देबाशीष मिश्रा ने कहा कि कई लोगों के लिए निवेश की सबसे बड़ी बाधा रुचि की कमी नहीं, बल्कि पहला कदम उठाने की जटिल प्रक्रिया है। उनके अनुसार, ‘आरंभ’ असिस्टेड गाइडेंस, बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन और डिजिटल ऑनबोर्डिंग को एक साथ जोड़कर निवेश की शुरुआत को आसान बनाता है।
वहीं, SBI Mutual Fund के Head of Strategy, Digital, IT और IR आर. एस. श्रीनिवास जैन ने कहा कि Aarambh कंपनी की ऐसी डिजिटल व्यवस्था तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है, जो निवेशकों के लिए आसान होने के साथ बड़े स्तर पर भी काम कर सके।
नए निवेशकों के लिए क्यों अहम है Aarambh?
Aarambh के जरिए SBI Mutual Fund ने खास तौर पर उन लोगों को ध्यान में रखा है, जो म्यूचुअल फंड में निवेश करना चाहते हैं, लेकिन KYC, दस्तावेज और डिजिटल प्रक्रिया को लेकर झिझकते हैं।

