scorecardresearch

म्यूचुअल फंड में लगाने हैं ₹10 लाख? एक्सपर्ट ने बताया कहां लगाएं पैसा और किन फंड्स से मिल सकता है फायदा

अगर आपके पास ₹10 लाख हैं और आप म्यूचुअल फंड में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है. एक्सपर्ट शरद टंडन ने बताया है कि किन फंड्स में निवेश करना बेहतर हो सकता है और पैसा लगाने से पहले किन जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.

Advertisement

In Short

  • ₹10 लाख निवेश करने वालों को एक्सपर्ट ने मिड-कैप, स्मॉल-कैप और मल्टी-कैप फंड्स पर ध्यान देने की सलाह दी.
  • 5 से 7 साल के निवेश के लिए मिड और स्मॉल-कैप फंड्स में ज्यादा हिस्सेदारी रखने का सुझाव.
  • म्यूचुअल फंड में पैसा लगाने से पहले इमरजेंसी फंड और सालाना आय का 5 से 10 गुना टर्म इंश्योरेंस जरूरी.

Mutual Fund Investment: अगर आपके पास ₹10 लाख हैं और आप इस रकम को म्यूचुअल फंड में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो सही फंड चुनना बेहद जरूरी है। बाजार में कई तरह के म्यूचुअल फंड मौजूद हैं, लेकिन हर फंड आपके लिए सही हो, ऐसा जरूरी नहीं है।

advertisement

बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Invest at Ease  के फाउंडर शरद टंडन ने बताया कि निवेशकों को किन फंड्स पर ध्यान देना चाहिए और पैसा लगाने से पहले क्या तैयारी करनी जरूरी है।

₹10 लाख कहां लगाएं? एक्सपर्ट ने बताए ये फंड

शरद टंडन के मुताबिक, अगर आप 5 साल से ज्यादा समय के लिए निवेश करना चाहते हैं, तो मिड-कैप (Mid-Cap), स्मॉल-कैप (Small-Cap) और मल्टी-कैप (Multi-Cap) म्यूचुअल फंड अच्छे विकल्प हो सकते हैं. उनका मानना है कि अगले 5 से 7 साल के नजरिए से इक्विटी निवेश का बड़ा हिस्सा मिड और स्मॉल-कैप फंड्स की तरफ रखना बेहतर हो सकता है. हालांकि, इन फंड्स में जोखिम भी ज्यादा होता है.

बाजार की समझ नहीं है तो कैसे चुनें सही फंड?

टंडन का कहना है कि निवेश करने से पहले यह समझना जरूरी है कि किन जगहों पर पैसा नहीं लगाना चाहिए. अगर आपको शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव, अलग-अलग सेक्टर्स या सही स्टॉक्स चुनने की जानकारी नहीं है, तो खुद फैसले लेने के बजाय अनुभवी फंड मैनेजर पर भरोसा करना बेहतर हो सकता है.

उन्होंने सलाह दी कि ऐसे एक या दो फंड मैनेजर चुनें, जिन्होंने बाजार के दो से तीन उतार-चढ़ाव वाले दौर देखे हों. इससे निवेशकों को उनके अनुभव का फायदा मिल सकता है.

मल्टी-कैप फंड में कैसे बंटता है आपका पैसा?

शरद टंडन ने मल्टी-कैप फंड को भी निवेश का अच्छा विकल्प बताया है. इन फंड्स में कम से कम 25% पैसा लार्ज-कैप, 25% मिड-कैप और 25% स्मॉल-कैप कंपनियों में लगाया जाता है. बाकी 25% रकम कहां लगानी है, इसका फैसला फंड मैनेजर करता है.

इससे निवेशकों का पैसा अलग-अलग आकार की कंपनियों में बंट जाता है. लार्ज-कैप कंपनियों से पोर्टफोलियो को अपेक्षाकृत स्थिरता मिल सकती है, जबकि मिड और स्मॉल-कैप कंपनियों में ग्रोथ की संभावना रहती है.

निवेश से पहले ये दो काम जरूर करें

टंडन के मुताबिक, म्यूचुअल फंड में पैसा लगाने से पहले इमरजेंसी फंड बनाना जरूरी है. नौकरी छूटने या बिजनेस में परेशानी आने पर यही पैसा काम आता है. इससे जरूरत के समय नुकसान में निवेश बेचने की नौबत नहीं आती.

advertisement

इसके अलावा, जिन लोगों पर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी है, उन्हें अपनी सालाना कमाई का 5 से 10 गुना टर्म इंश्योरेंस लेना चाहिए.

टंडन का मानना है कि लंबे समय के लिए निवेश करने वाले ज्यादा जोखिम ले सकते हैं, लेकिन म्यूचुअल फंड में पैसा लगाने से पहले अपनी आर्थिक सुरक्षा मजबूत करना सबसे जरूरी है.

Disclaimer: म्यूचुअल फंड्स निवेश बाज़ार जोखिमों के अधीन है। ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।