scorecardresearch

Mutual Fund में एक बार सलाह लेकर जिंदगीभर देना पड़ता है कमीशन? Direct और Regular प्लान का समझें पूरा गणित

म्यूचुअल फंड के Direct और Regular प्लान में निवेश करने वालों के लिए एक बड़ा सवाल सामने आया है। क्या एक बार निवेश की सलाह लेने के बदले सालों तक कमीशन देना सही है? एडलवाइस के दीपक जैन ने इस पर अहम तर्क दिया है। जानिए दोनों प्लान का गणित।

Advertisement

In Short

  • म्यूचुअल फंड के Regular प्लान में निवेशकों को Direct प्लान के मुकाबले ज्यादा खर्च उठाना पड़ता है।
  • 20 साल की ₹10,000 मासिक SIP में अनुमानित रिटर्न का अंतर करीब ₹11.5 लाख तक हो सकता है।
  • एडलवाइस के दीपक जैन ने बताया कि डिस्ट्रीब्यूटर को मिलने वाला ट्रेल कमीशन क्यों जरूरी है।

म्यूचुअल फंड में निवेश करते समय Direct और Regular प्लान के बीच चुनाव करना जरूरी होता है। दोनों में पैसा एक ही पोर्टफोलियो में लगाया जाता है, लेकिन Regular प्लान में निवेशकों को ज्यादा खर्च उठाना पड़ता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या एक बार निवेश की सलाह देने के बदले डिस्ट्रीब्यूटर को सालों तक कमीशन मिलना सही है?

advertisement

कमीशन को लेकर क्या बोले दीपक जैन?

एडलवाइस एसेट मैनेजमेंट के प्रेसिडेंट और हेड ऑफ सेल्स दीपक जैन ने लिंक्डइन पोस्ट में इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि ट्रेल कमीशन को एक बार की सलाह के बदले जिंदगीभर मिलने वाली फीस बताना सही नहीं है।

जैन के मुताबिक, ट्रेल कमीशन सिर्फ फंड चुनने की सलाह के लिए नहीं, बल्कि निवेशकों को लंबे समय तक निवेश बनाए रखने में मदद करने के लिए दिया जाता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

क्या होता है ट्रेल कमीशन?

म्यूचुअल फंड में Direct और Regular दो तरह के प्लान होते हैं। दोनों का निवेश पोर्टफोलियो एक जैसा होता है, लेकिन Regular प्लान का एक्सपेंस रेशियो ज्यादा होता है।

इसकी वजह डिस्ट्रीब्यूटर को मिलने वाला कमीशन है। ट्रेल कमीशन एक बार मिलने वाली रकम नहीं है। जब तक निवेशक का पैसा डिस्ट्रीब्यूटर की सर्विस के तहत निवेशित रहता है, तब तक उसे नियमित कमीशन मिलता रहता है।

जैन के अनुसार, डिस्ट्रीब्यूटर बाजार गिरने पर निवेशकों को घबराकर पैसा निकालने से रोकते हैं। इसके अलावा SIP जारी रखने, पोर्टफोलियो में बदलाव और निवेश ट्रांसफर जैसी प्रक्रियाओं में मदद करते हैं।

20 साल की SIP में कितना अंतर?

मान लीजिए कोई निवेशक हर महीने ₹10,000 की SIP करता है और लगातार 20 साल निवेश करता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

इस उदाहरण में Direct प्लान से करीब ₹11.5 लाख ज्यादा मिल सकते हैं। हालांकि, ये सिर्फ अनुमानित आंकड़े हैं। वास्तविक रिटर्न या कमीशन की गारंटी नहीं है।

क्या Regular प्लान का ज्यादा खर्च सही है?

दीपक जैन का कहना है कि भारत में 2009 में एंट्री लोड खत्म किया गया और 2013 में Direct प्लान शुरू हुए। उनका तर्क है कि नियमित कमीशन खत्म होने से ₹500 की SIP करने वाले छोटे निवेशकों को डिस्ट्रीब्यूटर की सेवाएं मिलना मुश्किल हो सकता है।

हालांकि, Regular प्लान में निवेशकों को ज्यादा खर्च देना पड़ता है, चाहे उन्हें नियमित सलाह मिले या नहीं।

जो निवेशक खुद फंड चुन सकते हैं और उनकी निगरानी कर सकते हैं, उनके लिए Direct प्लान फायदेमंद हो सकता है। वहीं, लगातार सलाह की जरूरत वाले निवेशकों के लिए Regular प्लान उपयोगी हो सकता है। आखिर में फैसला इस बात पर निर्भर करता है कि अतिरिक्त खर्च के बदले कितनी मदद मिल रही है।

advertisement

Disclaimer: म्यूचुअल फंड्स निवेश बाज़ार जोखिमों के अधीन है। ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।