लाइफ साइकिल फंड और थीमैटिक फंड: 2026 में निवेश से पहले किन बातों पर दें ध्यान
सेबी ने 2026 में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए बड़े सुधारों की घोषणा की है। इन बदलावों का मकसद निवेशकों के लिए निवेश को ज्यादा लचीला, पारदर्शी और उनके वित्तीय लक्ष्यों के अनुरूप बनाना है।

In Short
- SEBI ने 2026 में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए बड़े सुधारों की घोषणा की, जिसमें लाइफ साइकिल फंड जैसी नई कैटेगरी शामिल है।
- लाइफ साइकिल फंड में निवेश का एसेट एलोकेशन समय के साथ अपने आप बदलता है, जिससे लक्ष्य के करीब आते ही जोखिम कम होता है।
- एक्सपर्ट्स का कहना है कि थीमैटिक फंड में निवेश सीमित रखें और पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा डायवर्सिफाइड फंड्स में रखें।
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने 2026 में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए बड़े सुधारों की घोषणा की है। इन बदलावों का मकसद निवेशकों के लिए निवेश को ज्यादा लचीला, ट्रांसपेरेंट और उनके वित्तीय लक्ष्यों के अनुसार बनाना है।
नई व्यवस्था के तहत लाइफ साइकिल फंड जैसी नई कैटेगरी शुरू की गई है, पोर्टफोलियो ओवरलैप से जुड़े नियमों में बदलाव किए गए हैं और निवेश को गोल-बेस्ड (लक्ष्य आधारित) निवेश की दिशा में बढ़ावा दिया गया है। इससे फंड हाउस और निवेशक दोनों के एसेट एलोकेशन के तरीके में बदलाव आने की उम्मीद है।
आज हम आपको इस आर्टिकल में बताएंगे की लाइफ साइकिल फंड और थीमैटिक फंड में निवेश करने से पहले आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
लाइफ साइकिल फंड
म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए बड़े सुधारों में लाइफ साइकिल फंड बड़ा कदम है। लाइफ साइकिल फंड में निवेश का एसेट एलोकेशन समय के साथ अपने आप बदलता रहता है। निवेश की शुरुआत में इन फंड्स में इक्विटी का हिस्सा ज्यादा रखा जाता है ताकि लंबे समय में बेहतर रिटर्न मिल सके।
जैसे-जैसे निवेशक अपने वित्तीय लक्ष्य- जैसे रिटायरमेंट, घर खरीदना या बच्चों की पढ़ाई के करीब पहुंचता है, फंड धीरे-धीरे डेट और फिक्स्ड इनकम इंस्ट्रूमेंट्स की तरफ शिफ्ट हो जाता है ताकि जोखिम कम रहे और जमा पूंजी सुरक्षित रहे।
थीमैटिक फंड्स पर सावधानी
म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए बड़े सुधारों में एक्सपर्ट सेक्टर या थीमैटिक फंड्स में निवेश को लेकर सावधानी बरतने की सलाह भी दे रहे हैं।
राकेश पाटिल के मुताबिक अक्सर थीमैटिक फंड्स तब लॉन्च होते हैं जब कोई सेक्टर पहले ही काफी तेजी दिखा चुका होता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कोविड के बाद केमिकल सेक्टर और 2023-24 में डिफेंस सेक्टर में तेजी के बाद कई नए फंड ऑफर आए, लेकिन इसके बाद कुछ निवेशकों को नुकसान भी झेलना पड़ा।
उनका कहना है कि निवेशक अपने पोर्टफोलियो में ऐसे फंड्स का हिस्सा 5-10% तक सीमित रखें। मुख्य निवेश लार्ज-कैप, फ्लेक्सी-कैप या बैलेंस्ड फंड्स जैसे डायवर्सिफाइड विकल्पों में ही होना चाहिए।
निवेश को ज्यादा स्ट्रक्चरल बनाने की कोशिश
वेल्थ प्लेटफॉर्म जर्नी के फाउंडर राकेश पाटिल के मुताबिक यह कदम मौजूदा सॉल्यूशन-ओरिएंटेड स्कीम्स की विफलता नहीं है, बल्कि उन्हें ज्यादा स्ट्रक्चरल बनाने की कोशिश है।
उन्होंने कहा कि मैं नहीं कहूंगा कि मौजूदा स्कीमें फेल हो गई हैं। SEBI का मकसद एसेट एलोकेशन के लिए एक स्पष्ट ढांचा बनाना है, ताकि यह पूरी तरह फंड मैनेजर की मर्जी पर निर्भर न रहे। पाटिल ने बताया कि कई निवेशकों को तब मुश्किल होती है जब उनका वित्तीय लक्ष्य नजदीक होता है और बाजार गिर जाता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मैंने घर खरीदने के लिए सालों तक निवेश किया था। जब कोविड के दौरान पैसे की जरूरत पड़ी, तब बाजार गिरा हुआ था और मुझे कम वैल्यू पर पैसा निकालना पड़ा। लाइफ साइकिल फंड इस जोखिम को कम करते हैं क्योंकि लक्ष्य के करीब आते ही इक्विटी एक्सपोजर अपने आप घटने लगता है।
लक्ष्य आधारित निवेश को बढ़ावा
पाटिल के अनुसार यह मॉडल दुनिया भर में लोकप्रिय टारगेट-डेट फंड्स जैसा है, जहां निवेश का अनुपात समय के साथ बदलता रहता है।
उनके मुताबिक अगर किसी निवेशक का लक्ष्य 5 साल दूर है तो पोर्टफोलियो में इक्विटी और डेट का संतुलित मिश्रण हो सकता है। वहीं अगर रिटायरमेंट 25-30 साल दूर है तो इक्विटी का हिस्सा 65-95% तक भी रखा जा सकता है। इसका उद्देश्य निवेश को ज्यादा उद्देश्यपूर्ण बनाना है, ताकि निवेशक बाजार के समय का अंदाजा लगाने पर निर्भर न रहें।

