scorecardresearch

टाटा कार खरीदना होगा महंगा! 1 सितंबर से बढ़ेंगे दाम 25 हजार रुपये तक, कंपनी ने बताई वजह

टाटा मोटर्स ने कार खरीदारों को झटका देते हुए 1 सितंबर 2026 से अपनी कारों और एसयूवी की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी के आईसीई और इलेक्ट्रिक दोनों वाहनों पर यह बढ़ोतरी लागू होगी। बढ़ती लागत और महंगाई के दबाव को देखते हुए कीमतों में 25 हजार रुपये तक इजाफा किया जाएगा।

Advertisement

In Short

  • टाटा मोटर्स की कारें और एसयूवी 1 सितंबर 2026 से होंगी महंगी
  • आईसीई और इलेक्ट्रिक दोनों वाहनों पर लागू होगा कीमत बढ़ोतरी का असर
  • मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से बढ़ेंगे दाम अधिकतम 25 हजार रुपये तक

टाटा मोटर्स ने कार खरीदने वालों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने अपने कार और एसयूवी पोर्टफोलियो की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। 1 सितंबर 2026 से टाटा की कारें और इलेक्ट्रिक वाहन महंगे हो जाएंगे। कंपनी के मुताबिक कीमतों में यह बदलाव बढ़ती लागत और महंगाई के असर को कम करने के लिए किया जा रहा है। इस कीमत बढ़ोतरी का असर किन गाड़ियों पर कितना पड़ेगा इसे मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से तय किया जाएगा।

advertisement

टाटा की आईसीई और ईवी दोनों कारों पर बढ़ेंगे दाम

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने बताया कि उसकी पूरी कार और एसयूवी रेंज में कीमतों को संशोधित किया जाएगा। इस बढ़ोतरी में पेट्रोल डीजल वाली आईसीई कारों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों को भी शामिल किया गया है।

कंपनी ने साफ किया है कि सभी गाड़ियों की कीमतों में एक जैसी बढ़ोतरी नहीं होगी। किसी मॉडल या वेरिएंट में ज्यादा तो किसी में कम कीमत बढ़ सकती है। हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया है कि कौन सी कार पर अधिकतम 25 हजार रुपये की बढ़ोतरी लागू होगी।

बढ़ती लागत और महंगाई का दिया हवाला

टाटा मोटर्स ने कहा कि कीमत बढ़ाने का फैसला बढ़ती इनपुट कॉस्ट और लगातार बढ़ रहे महंगाई के दबाव को देखते हुए लिया गया है। कंपनी का कहना है कि वह लागत बढ़ने के बड़े हिस्से को खुद संभाल रही है लेकिन कुछ असर ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है।

कंपनी ने यह भी कहा कि कीमतों में बदलाव इस तरह किया जाएगा जिससे हर मॉडल की वैल्यू बरकरार रहे और ग्राहकों को बेहतर विकल्प मिलते रहें।

सितंबर से नई कीमतों पर मिलेंगी टाटा कारें

नई कीमतें 1 सितंबर 2026 से लागू होंगी। इसका मतलब है कि अगर कोई ग्राहक अगस्त में टाटा की कार खरीदता है तो उसे मौजूदा कीमत का फायदा मिल सकता है। वहीं सितंबर से खरीदारी करने वालों को बढ़ी हुई कीमतों का सामना करना पड़ेगा।

हालांकि यह बढ़ोतरी अधिकतम 25 हजार रुपये तक है और हर टाटा कार इतनी महंगी नहीं होगी। असल कीमत बढ़ोतरी कार के मॉडल और चुने गए वेरिएंट पर निर्भर करेगी।

दूसरी कंपनियां भी बढ़ा रही हैं कीमतें

टाटा मोटर्स अकेली कंपनी नहीं है जिसने कारों के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले हुंडई मोटर इंडिया ने 2026 में तीसरी बार कीमतों में बढ़ोतरी की है। वहीं देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी भी हाल के महीनों में दो बार कीमतें बढ़ा चुकी है।

ऑटो कंपनियों का कहना है कि महंगाई, कमोडिटी कीमतों में बढ़ोतरी और ऑपरेशन कॉस्ट बढ़ने की वजह से वाहनों की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। ईरान युद्ध से जुड़ी ग्लोबल ट्रेड और एनर्जी मार्केट की परेशानियों ने भी कंपनियों की लागत बढ़ाई है।इस बढ़ते खर्च का असर अब धीरे धीरे कार खरीदारों की जेब पर दिखाई देने लगा है।

advertisement