scorecardresearch

PNB ग्राहकों के लिए बड़ा अलर्ट! 13 सितंबर के बाद बंद हो सकते हैं ये बैंक खाते

अगर आपका खाता पंजाब नेशनल बैंक में है तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। बैंक ने निष्क्रिय पड़े कुछ खातों को बंद करने का फैसला लिया है। तीन साल से बिना किसी लेन-देन और जीरो बैलेंस वाले खातों पर कार्रवाई होगी। जानिए खाता बचाने के लिए क्या करना होगा।

Advertisement

In Short

  • PNB तीन साल से निष्क्रिय और जीरो बैलेंस वाले बैंक खातों को 13 सितंबर के बाद बंद करने की तैयारी कर रहा है।
  • बैंक ने ग्राहकों को खाता एक्टिव रखने के लिए समय से पहले KYC दस्तावेज जमा कराने की सलाह दी है।
  • PNB ने बताया कि निष्क्रिय खातों के गलत इस्तेमाल और धोखाधड़ी के जोखिम को रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।

Punjab National Bank: अगर आपका खाता पंजाब नेशनल बैंक यानी PNB में है तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। बैंक ने अपने ग्राहकों को अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि कुछ निष्क्रिय खातों को बंद किया जा सकता है। ऐसे खाते जिनमें लंबे समय से कोई लेन-देन नहीं हुआ है और बैलेंस भी शून्य है, उन्हें बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

advertisement

तीन साल से निष्क्रिय खातों पर कार्रवाई

PNB की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ऐसे बैंक खाते जिनमें बीते तीन साल से कोई ट्रांजैक्शन नहीं हुआ है और जिनका बैलेंस जीरो है, उन्हें बंद किया जाएगा। बैंक ने बताया है कि 30 जून 2026 तक जिन खातों में तीन साल या उससे ज्यादा समय से कोई गतिविधि नहीं हुई है, वे इस कार्रवाई के दायरे में आएंगे।

बैंक के अनुसार, ऐसे खाते 13 सितंबर के बाद बंद किए जा सकते हैं। इसलिए ग्राहकों को तय समय से पहले अपने खाते को एक्टिव करवाना होगा।

बैंक ने सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी

पंजाब नेशनल बैंक ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए ग्राहकों को इस बारे में जानकारी दी है। बैंक ने बताया कि कुछ खातों का इस्तेमाल लंबे समय से नहीं किया जा रहा है और उनमें कोई राशि भी मौजूद नहीं है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: ट्रंप के टैरिफ का असर नहीं, अमेरिका को भारत का निर्यात अब भी मजबूत, 20% हिस्सेदारी बरकरार

बैंक ने कहा कि ऐसे खातों के गलत इस्तेमाल और उनसे जुड़े जोखिमों को रोकने के लिए इन्हें बंद करने का फैसला लिया गया है।

खाता बंद होने से बचाने के लिए क्या करें

PNB ने ग्राहकों को खाता एक्टिव रखने का तरीका भी बताया है। बैंक के मुताबिक, जिन ग्राहकों के खाते तीन साल या उससे ज्यादा समय से निष्क्रिय हैं, उन्हें 13 सितंबर से पहले अपनी बैंक ब्रांच में संपर्क करना होगा।

इसके लिए ग्राहकों को जरूरी KYC दस्तावेज जमा कराने होंगे और अपने निष्क्रिय खाते को दोबारा एक्टिव करवाना होगा। ऐसा करने के बाद ग्राहक बैंक की सेवाओं का इस्तेमाल पहले की तरह कर सकेंगे।

KYC अपडेट रखना जरूरी

बैंक ने बताया कि निष्क्रिय खातों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी या गलत इस्तेमाल को रोका जा सके। बैंकिंग नियमों के तहत समय-समय पर KYC अपडेट कराना जरूरी होता है।

अगर किसी ग्राहक को अपने खाते की स्थिति को लेकर जानकारी नहीं है तो वह अपनी नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क कर सकता है। PNB ने ग्राहकों की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किए हैं। ग्राहक 1800-1800 और 1800-2021 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

advertisement