
Nvidia के CEO जेन्सन हुआंग नए विवाद में! जेन्सन हुआंग की मुश्किलें बढ़ीं
Nvidia और उसके सीईओ जेन्सन हुआंग को लेकर अमेरिका में नया विवाद खड़ा हो गया है। चीन को एडवांस चिप्स पहुंचाने के आरोपों के बीच ट्रंप सरकार के दो बड़े मंत्रियों में टकराव की खबर सामने आई है। आखिर एक कंपनी पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई और ट्रंप को क्या जानकारी थी?

In Short
- Nvidia की ग्राहक कंपनी Megaspeed पर एडवांस अमेरिकी AI चिप्स गैरकानूनी तरीके से चीन पहुंचाने का आरोप लगा है।
- अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट और कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लटनिक के बीच कंपनी को ब्लैकलिस्ट न करने पर कथित टकराव हुआ।
- जेन्सन हुआंग से जुड़े इंटेलिजेंस दावों के बीच Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच कराने का ऐलान किया है।
अमेरिकी चिप कंपनी Nvidia और उसके CEO जेन्सन हुआंग (Jensen Huang) से जुड़ा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मामला अब सिर्फ कंपनी तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका के दो बड़े मंत्रियों के बीच टकराव की खबरें भी सामने आई हैं। इसकी वजह एडवांस अमेरिकी चिप्स के चीन पहुंचने और नेशनल सिक्योरिटी से जुड़ी चिंताएं हैं। आइए समझते हैं कि पूरा विवाद कहां से शुरू हुआ, मंत्रियों के बीच क्या हुआ और इसमें जेन्सन हुआंग का नाम क्यों सामने आया।
अमेरिकी सरकार के दो बड़े मंत्रियों में क्यों हुआ विवाद?
Axios की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लटनिक से सवाल किया कि Nvidia की ग्राहक कंपनी Megaspeed को अब तक ब्लैकलिस्ट क्यों नहीं किया गया।
Megaspeed पर एडवांस अमेरिकी चिप्स गैरकानूनी तरीके से चीन पहुंचाने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के बाद व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में हुई बैठक के दौरान बेसेंट ने यह सवाल उठाया।
लटनिक शुरुआत में जवाब नहीं दे पाए और बाद में कहा कि वह इस मामले को देखेंगे। हालांकि, कॉमर्स डिपार्टमेंट ने दोनों मंत्रियों के बीच ऐसी किसी बातचीत से इनकार किया है।
Megaspeed पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
रिपोर्ट के मुताबिक, कॉमर्स अंडरसेक्रेटरी जेफ केसलर को भी Megaspeed को लेकर कई बार चेतावनी दी गई थी। लेकिन उन्होंने फैसला लटनिक पर छोड़ दिया।
सूत्रों का दावा है कि लटनिक पिछले एक साल से कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की कोशिशों को रोक रहे थे। इसकी एक वजह चीन के साथ ट्रेड तनाव बढ़ने की चिंता बताई गई है।अमेरिका की एंटिटी लिस्ट (Entity List) में उन कंपनियों को रखा जाता है, जिनसे नेशनल सिक्योरिटी को खतरा माना जाता है।

जेन्सन हुआंग का नाम कैसे जुड़ा?
विवाद में जेन्सन हुआंग का नाम एक गोपनीय इंटेलिजेंस मेमो के कारण सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस मेमो में दावा किया गया कि सिंगापुर की Megaspeed से जुड़ी चीनी नागरिक एलिस हुआंग को चीन की मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी ने भर्ती किया था।
मेमो में एलिस और जेन्सन हुआंग के करीबी रिश्ते का भी जिक्र था। हालांकि, ये इंटेलिजेंस से जुड़े दावे हैं।
ट्रंप को पहले से थी जानकारी?
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मई में चीन यात्रा से पहले उन्हें इन चिंताओं की जानकारी नहीं थी।
हालांकि, एक अमेरिकी अधिकारी और मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एयर फोर्स वन में ट्रंप को इसकी जानकारी दी थी। इसके बावजूद ट्रंप ने हुआंग को प्रतिनिधिमंडल में शामिल करने की योजना जारी रखी।
Nvidia ने क्या कदम उठाया?
Nvidia के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच कराने का ऐलान किया है। जांच की निगरानी स्वतंत्र डायरेक्टर्स और बाहरी कानूनी सलाहकार करेंगे। जेन्सन हुआंग ने जांच में सहयोग करने का भरोसा दिया है।
इस बीच कॉमर्स डिपार्टमेंट के कामकाज पर भी सवाल उठ रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरी एजेंसियों के दबाव के बावजूद विभाग ने एक साल से ज्यादा समय में किसी भी नई कंपनी को एंटिटी लिस्ट में शामिल नहीं किया है।

