
'Snacks' लिखकर करें अप्लाई! Meta कर्मचारियों को X का मजेदार जॉब ऑफर
ऑफिस की राजनीति में अब स्नैक्स भी एंट्री मार चुके हैं! Meta के कर्मचारी परेशान हैं और X कह रहा है- नौकरी भी देंगे, स्नैक्स भी खिलाएंगे।

In Short
- Meta की मुश्किल बनी X का मौका, कर्मचारियों को दिया खुला जॉब ऑफर
- X में जॉब अप्लाई के साथ लिखना होगा 'स्नैक्स'
- Meta के नाराज कर्मचारियों पर X की नजर, निकिता बियर का ऑफर चर्चा में
- ऑफर ऐसा दिया कि चर्चा सैलरी से ज्यादा स्नैक्स की होने लगी।
टेक इंडस्ट्री में टेलेंट की तलाश तेज हो रही है। Meta में हालही में हुई छंटनी और AI पर फोकस के चलते बड़े बदलाव हुए और इसके बाद कई कर्मचारियों को जॉब से हाथ धोना पड़ा। वहीं दूसरी तरफ उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी X ने Meta के इंजीनियरों और डेटा साइंटिस्ट्स को नौकरी का खुला ऑफर दिया है।
X की प्रोडक्ट हेड निकिता बियर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अगर Meta के कर्मचारी नई नौकरी तलाश रहे हैं तो X उन्हें रखने के लिए तैयार है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कंपनी इंजीनियरों और डेटा साइंटिस्ट्स को लुभाने के लिए Meta के स्नैक बजट के बराबर या उससे ज्यादा खर्च करने को भी तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि X सामान्य ऑफर के बराबर या उससे ज्यादा वेतन देने की कोशिश करेगी।


बाद में निकिता बियर ने xAI के इंजीनियरिंग जॉब पेज का लिंक भी शेयर किया और मजाक में कहा कि आवेदन करते समय "Snacks" जरूर लिखें।
Meta के कर्मचारी क्यों हैं नाराज?
X का यह ऑफर ऐसे समय आया है जब Meta के अंदर बड़े बदलाव चल रहे हैं। इस साल मई में कंपनी ने करीब 8,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी। इसके साथ ही AI पर फोकस बढ़ाने के लिए करीब 6,500 इंजीनियरों और प्रोडक्ट मैनेजरों को दूसरी टीमों से हटाकर AI प्रोजेक्ट्स में लगाया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कई कर्मचारी इन बदलावों से खुश नहीं हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार Meta के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी एंड्रयू बोज़ बोसवर्थ ने भी माना कि हाल की छंटनी और AI से जुड़े बदलावों की वजह से कर्मचारियों का मनोबल काफी गिर गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि कुछ कर्मचारियों ने AI टास्क फोर्स में भेजे जाने को जबरन किया गया फैसला बताया। उनका कहना था कि उन्हें उम्मीद के मुताबिक काम नहीं मिला और ज्यादातर काम डेटा लेबलिंग तक सीमित रहा।
कर्मचारियों का भरोसा वापस जीतने की कोशिश
Meta अब कर्मचारियों का भरोसा दोबारा जीतने की कोशिश कर रही है। कर्मचारियों को भेजे गए एक नोट में एंड्रयू बोज़ बोसवर्थ ने कहा कि "Meta को फिर से ऐसी कंपनी बनाना होगा, जहां सबसे अच्छे लोग सबसे अच्छा काम करना चाहें। उन्होंने उम्मीद जताई कि कंपनी पहले जैसी कार्य संस्कृति वापस ला सकेगी।' हालांकि जब तक Meta अपने कर्मचारियों का भरोसा दोबारा बनाने की कोशिश कर रही है, तब तक दूसरी टेक कंपनियां इस मौके का फायदा उठाकर अनुभवी AI टैलेंट को अपने साथ जोड़ने का खुला ऑफर दे रही हैं।

