
कर्नाटक में महंगे हुए नंदिनी के डेयरी प्रोडक्ट्स, घी से लेकर पनीर और मक्खन तक के बढ़े दाम
कर्नाटक में नंदिनी के डेयरी प्रोडक्ट्स खरीदने वालों को महंगाई का झटका लगा है। घी, पनीर और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। कुछ प्रोडक्ट्स के दाम में 100 रुपये से ज्यादा का इजाफा हुआ है। नई कीमतें लागू हो चुकी हैं। जानिए अब किस प्रोडक्ट के लिए कितने पैसे चुकाने होंगे।

In Short
- कर्नाटक में नंदिनी के घी, पनीर और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी, नई दरें 4 नवंबर से लागू।
- एक लीटर नंदिनी घी की कीमत 715 रुपये से बढ़कर 850 रुपये हुई, यानी 135 रुपये का इजाफा।
- एक किलो पनीर अब 485 रुपये में मिलेगा, जबकि 500 ग्राम बिना नमक वाला मक्खन 390 रुपये का हुआ।
कर्नाटक में डेयरी प्रोडक्ट्स खरीदने वाले लोगों को अब पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। कर्नाटक सरकार ने नंदिनी ब्रांड के कई डेयरी प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी की है। इनमें घी, पनीर और मक्खन जैसे रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स शामिल हैं। नई कीमतें बुधवार यानी 4 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी घी और मक्खन की कीमतों में देखने को मिली है। एक लीटर नंदिनी घी के पैकेट की कीमत अब 850 रुपये हो गई है।
नंदिनी घी की कीमत में 135 रुपये की बढ़ोतरी
नंदिनी घी खरीदने वाले ग्राहकों को अब ज्यादा पैसे देने होंगे। एक लीटर नंदिनी घी के सैशे की कीमत पहले 715 रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 850 रुपये कर दिया गया है। यानी एक लीटर घी अब 135 रुपये महंगा हो गया है।
नई रेट लिस्ट के मुताबिक, 200 मिलीलीटर घी के सैशे की कीमत 95 रुपये और 500 मिलीलीटर के पैक की कीमत 425 रुपये तय की गई है।
वहीं, घी के पेट जार पैक की कीमतों में भी बदलाव किया गया है। एक लीटर घी के पेट जार की नई कीमत 870 रुपये है, जबकि पांच लीटर के पैक की कीमत 4,250 रुपये तय की गई है।
पनीर भी हुआ महंगा, अब इतने रुपये में मिलेगा एक किलो
घी के साथ नंदिनी पनीर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। एक किलो नंदिनी पनीर की कीमत पहले 408 रुपये थी, जो अब बढ़कर 485 रुपये हो गई है। इस तरह एक किलो पनीर खरीदने के लिए ग्राहकों को 77 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।
नई कीमतों के मुताबिक, 200 ग्राम पनीर का पैक 115 रुपये और 500 ग्राम का पैक 260 रुपये में मिलेगा। वहीं, 200 ग्राम मीडियम फैट पनीर की कीमत 110 रुपये तय की गई है।

मक्खन की कीमतों में भी तेज उछाल
नंदिनी के मक्खन की कीमतों में भी बड़ी बढ़ोतरी की गई है। खासतौर पर बिना नमक वाले मक्खन की कीमत में तेज उछाल आया है।
पहले 500 ग्राम अनसाल्टेड बटर की कीमत 285 रुपये थी, लेकिन अब इसके लिए 390 रुपये चुकाने होंगे। यानी इस पैक की कीमत में 105 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
नई रेट लिस्ट के मुताबिक, 200 ग्राम अनसाल्टेड बटर की कीमत 160 रुपये तय की गई है। वहीं, नमक वाले मक्खन के 100 ग्राम पैक की कीमत 90 रुपये और 500 ग्राम पैक की कीमत 380 रुपये रखी गई है।
4 नवंबर से लागू हुई नई कीमतें
बेंगलुरु सहकारी दुग्ध संघ की ओर से 4 नवंबर 2026 को जारी रेट लिस्ट में घी, मक्खन और पनीर समेत कई डेयरी प्रोडक्ट्स की नई कीमतों की जानकारी दी गई है।
आदेश के मुताबिक, ये नई कीमतें 4 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं। ऐसे में अब ग्राहकों को नंदिनी के इन डेयरी प्रोडक्ट्स की खरीदारी के लिए बढ़ी हुई कीमतों के हिसाब से भुगतान करना होगा।

