महंगाई बढ़ रही, सैलरी वहीं की वहीं? पहली बार सरकार ने सीधा कंपनियों को दी नसीहत, जानिए क्या कहा
कर्मचारियों की सैलरी में ठहराव को लेकर अब सरकार ने कॉरपोरेट जगत को बड़ा संदेश दिया है। आर्थिक मामलों के विभाग (DEA) के सचिव ने कंपनियों से वेतन बढ़ाने पर ध्यान देने को कहा है।

देश में आर्थिक विकास और बढ़ती खपत के बीच कर्मचारियों की सैलरी में ठहराव का मुद्दा अब सरकार के स्तर पर भी उठने लगा है। आर्थिक मामलों के विभाग (DEA) के सचिव ने उद्योग जगत से कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने पर गंभीरता से विचार करने को कहा है। उन्होंने साफ संकेत दिया कि अगर आम लोगों की कमाई नहीं बढ़ेगी, तो बाजार में मांग बढ़ाना भी मुश्किल होगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब कॉरपोरेट सेक्टर में वेतन वृद्धि की धीमी रफ्तार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
कॉरपोरेट जगत से सरकार ने क्या कहा?
DEA सचिव ने उद्योग जगत को संबोधित करते हुए वेतन में ठहराव यानी Wage Stagnation का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग गरीबी और अत्यधिक गरीबी की स्थिति से बाहर निकले हैं। इसमें रोजगार के उन अवसरों की भी अहम भूमिका रही है, जो उद्योगों और कारोबारी गतिविधियों के विस्तार से पैदा हुए हैं।
हालांकि, उन्होंने कहा कि अब एक और बड़ी चुनौती पर ध्यान देने की जरूरत है और वह है कर्मचारियों की सैलरी में ठहराव। उन्होंने उद्योग जगत से कहा, "You all need to look into that." यानी आप सभी को इस मुद्दे पर ध्यान देने की जरूरत है।
उनके मुताबिक, कर्मचारियों की आमदनी बढ़ने से बाजार में मांग को मजबूती मिलेगी और इससे आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कॉरपोरेट सेक्टर में पिछले दो वर्षों के दौरान वेतन वृद्धि की रफ्तार को लेकर चिंता जताई जा रही है। ऐसे में DEA सचिव की टिप्पणी को उद्योग जगत के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
सैलरी बढ़ेगी तो बाजार में कैसे बढ़ेगी डिमांड?
DEA सचिव ने वेतन वृद्धि को अर्थव्यवस्था के सकारात्मक चक्र यानी Virtuous Cycle से जोड़कर समझाया। इसका सीधा मतलब है कि जब कर्मचारियों की सैलरी बढ़ती है, तो उनके पास खर्च करने के लिए ज्यादा पैसे होते हैं। इससे बाजार में सामान और सेवाओं की मांग बढ़ सकती है।


