scorecardresearch

Gold-Silver Rate: सोना ₹1.32 लाख के नीचे, चांदी भी धड़ाम! क्या आगे और सस्ते होंगे दोनों?

18 नवंबर को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। MCX पर सोना 1.91 फीसदी और चांदी 2.90 फीसदी तक टूट गई। ग्लोबल मार्केट में कमजोरी और ब्याज दरों को लेकर बढ़ती चिंता के बीच क्या कीमतों में और गिरावट आएगी? जानिए एक्सपर्ट का अनुमान।

Advertisement
AI Generated Image

सोने और चांदी की कीमतों में 18 नवंबर को शुरुआती कारोबार के दौरान भारी गिरावट देखने को मिली। ग्लोबल मार्केट में कमजोरी, अमेरिकी शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव और ब्याज दरों में आगे बढ़ोतरी की आशंका ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। इसका असर अब कीमती धातुओं की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है।

advertisement

घरेलू बाजार में MCX पर सोने का भाव 1.91 फीसदी गिरकर 1,31,660 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। MCX पर चांदी 2.90 फीसदी टूटकर 1,64,773 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी पर दबाव बना हुआ है। गोल्ड फ्यूचर्स 1.81 फीसदी गिरकर 3,794 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि सिल्वर फ्यूचर्स 2.93 फीसदी की गिरावट के साथ 45 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

Gold, Silver Price Fall: सोने-चांदी में गिरावट की क्या है वजह?

SMC Global Securities Ltd की वंदना भारती के मुताबिक, AI से जुड़े बाजार में बनी तेजी के बुलबुले के फूटने और अमेरिकी शेयर बाजारों में तेज गिरावट के कारण ग्लोबल फाइनेंशियल मार्केट में बिकवाली बढ़ रही है। इसका असर अब शेयर बाजार से निकलकर कमोडिटी मार्केट तक पहुंच गया है।

वंदना भारती का कहना है कि ब्याज दरों में आगे और बढ़ोतरी की बढ़ती उम्मीदें भी सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना रही हैं। ब्याज दरें ऊंची रहने की आशंका से बॉन्ड यील्ड बढ़ने का अनुमान मजबूत होता है। ऐसे में सोने और चांदी जैसी संपत्तियों में निवेश की आकर्षकता कम हो सकती है।

इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल भी घरेलू सोने और चांदी की कीमतों के लिए अहम रहेगी। अगर रुपया कमजोर होता है, तो भारत में सोने और चांदी के आयात की लागत बढ़ सकती है। वहीं, रुपये में मजबूती आने से घरेलू कीमतों को कुछ राहत मिल सकती है।

Gold, Silver Price Outlook: आगे कहां तक जाएंगे भाव?

वंदना भारती के मुताबिक, सोने की कीमतें 1,30,000 रुपये से 1,37,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की रेंज में रह सकती हैं। वहीं, चांदी के लिए 1,60,000 रुपये से 1,76,000 रुपये प्रति किलोग्राम की रेंज अहम रहने की उम्मीद है।

निवेशकों को सलाह देते हुए वंदना भारती ने कहा कि मौजूदा बाजार हालात में सावधानी बरतने की जरूरत है। निवेशकों को जल्दबाजी में बड़े दांव लगाने से बचना चाहिए और अहम सपोर्ट लेवल पर नजर रखनी चाहिए।

advertisement