
Old Monk बनाने वाली कंपनी को हाईकोर्ट से बड़ा झटका, जानिए क्यों लगी पैकेजिंग पर रोक
ओल्ड मंक बनाने वाली कंपनी मोहन मीकिन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शराब की बोतल की पैकेजिंग से जुड़े विवाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने अहम आदेश दिया है। आखिर दोनों ब्रांड की बोतलों में ऐसी क्या समानता है और कोर्ट के फैसले का कंपनी के कारोबार पर क्या असर पड़ेगा?

In Short
- दिल्ली हाईकोर्ट ने iQ Gin की मौजूदा पैकेजिंग में नया स्टॉक बनाने पर रोक लगाई।
- कोर्ट ने दोनों ब्रांड की बोतलों में समानता से ग्राहकों के बीच कन्फ्यूजन की आशंका जताई।
- मोहन मीकिन को मौजूदा स्टॉक खत्म करने के लिए 30 दिनों का समय मिला।
शराब के बाजार में किसी भी ब्रांड की पहचान सिर्फ उसके नाम और स्वाद से नहीं, बल्कि उसकी बोतल और पैकेजिंग से भी होती है। कई बार दो अलग-अलग ब्रांड की बोतलें एक जैसी दिखने से ग्राहकों के बीच कन्फ्यूजन पैदा हो सकता है। अब ऐसा ही एक मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा है। जानिए क्या है पूरा विवाद, कोर्ट ने क्या फैसला सुनाया और कंपनी ने अपने बचाव में क्या कहा।
नई बोतलों की मैन्युफैक्चरिंग पर रोक
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली हाईकोर्ट ने ओल्ड मंक बनाने वाली कंपनी मोहन मीकिन को मौजूदा पैकेजिंग में iQ Gin का नया स्टॉक बनाने और बोतलों में भरने से रोक दिया है। जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने नाओ स्पिरिट्स एंड बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड की याचिका पर यह अंतरिम आदेश दिया है। कंपनी ने आरोप लगाया था कि मोहन मीकिन ने साल 2016 में भारत में लॉन्च हुई उसकी Greater Than London Dry Gin की पैकेजिंग की नकल की है।
कोर्ट को दोनों बोतलों में क्या दिखा एक जैसा?
कोर्ट ने पहली नजर में नाओ स्पिरिट्स के दावे को मजबूत पाया। दोनों बोतलों का आकार, लंबा काला ढक्कन, ब्लैक एंड व्हाइट कलर स्कीम और लेबल के ऊपरी हिस्से में बना बड़ा डिजाइन लगभग एक जैसा पाया गया। कोर्ट के मुताबिक, दोनों बोतलों में समानताएं इतनी ज्यादा हैं कि उनके बीच का अंतर आसानी से नजर नहीं आता।
ग्राहकों के बीच हो सकता है कन्फ्यूजन
कोर्ट ने कहा कि ग्राहक अक्सर शराब की बोतलों को काउंटर के पीछे या बार की शेल्फ पर दूर से देखते हैं। ऐसे में उन्हें लग सकता है कि iQ Gin भी Greater Than बनाने वाली कंपनी का प्रोडक्ट है या उसकी मंजूरी से बनाया गया है।

मोहन मीकिन ने क्या दी दलील?
160 साल से ज्यादा समय से शराब के कारोबार में मौजूद मोहन मीकिन ओल्ड मंक, बिग बेन लंदन जिन और जामुन जिन जैसे ब्रांड बेचती है। कंपनी ने अगस्त 2023 में iQ Gin लॉन्च की थी। कंपनी का कहना था कि बोतल का डिजाइन सामान्य है। उसने लेबल, ब्रांड के नाम, बोतल के आकार और ढक्कन में अंतर होने की भी दलील दी। हालांकि, कोर्ट ने पूरी पैकेजिंग को ग्राहकों के बीच कन्फ्यूजन पैदा करने वाला माना।
पुराना स्टॉक बेचने के लिए मिले 30 दिन
कोर्ट ने कंपनी को मौजूदा स्टॉक खत्म करने के लिए 30 दिन का समय दिया है। कंपनी iQ नाम और उसके सिंबल का इस्तेमाल जारी रख सकती है। ब्लैक एंड व्हाइट रंगों पर भी नाओ स्पिरिट्स का कोई विशेष अधिकार नहीं है। हालांकि, नई पैकेजिंग में बोतल का आकार, लेबल की साइज, उसकी जगह, रंगों का इस्तेमाल, सिंबल की जगह और लिखावट का स्टाइल अलग रखना होगा।
कोर्ट में किसने रखा कंपनियों का पक्ष?
नाओ स्पिरिट्स की ओर से सीनियर एडवोकेट सीएम लाल और उनकी टीम ने पक्ष रखा। वहीं, मोहन मीकिन की ओर से सीनियर एडवोकेट संदीप सेठी और उनकी टीम पेश हुई।


