
हवा में उड़ने वाली Tesla Roadster का कमाल! लेकिन क्या सड़क पर चलाने की मिलेगी इजाजत?
एलॉन मस्क की टेस्ला ने नई रोडस्टर पेश की है, जो हवा में छलांग लगाने और करतब दिखाने की क्षमता को लेकर चर्चा में है। लेकिन इसे बुक करने के लिए करीब 2.37 करोड़ रुपये देने होंगे। आखिर इतनी बड़ी रकम जमा करने के बाद भी डिलीवरी की गारंटी क्यों नहीं है? जानिए पूरी कहानी।

In Short
- टेस्ला ने दिखाई हवा में करतब करने वाली नई रोडस्टर।
- कार की बुकिंग के लिए देने होंगे करीब 2.37 करोड़ रुपये।
- 2028 में प्रोडक्शन की उम्मीद, डिलीवरी की तारीख तय नहीं।
एलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला (Tesla) ने अपनी नई रोडस्टर (Tesla Roadster) को अनवील कर दिया है। कंपनी ने एक ऑनलाइन इवेंट में इस कार की खास क्षमताओं को दिखाया है। इसमें कई थ्रस्टर दिए गए हैं, जिनकी मदद से कार हवा में छलांग लगाने और करतब करने में सक्षम बताई जा रही है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह कार सच में ग्राहकों तक पहुंचेगी या सिर्फ वीडियो तक ही सीमित रह जाएगी?
क्या सड़कों पर चल सकेगी नई Tesla Roadster?
टेस्ला ने नई रोडस्टर के लिए रिजर्वेशन शुरू कर दिया है। कंपनी इसे तीन वेरिएंट्स में पेश करेगी। हालांकि, इसका टॉप मॉडल यानी रॉकेट वेरिएंट फिलहाल सामान्य सड़कों पर चलाने के लिए कानूनी रूप से मान्य नहीं है।
कंपनी ने खुद अपने नियम और शर्तों में इसकी जानकारी दी है। ऐसे में ग्राहक कार खरीद भी लेते हैं, तो इसे आम सड़कों पर चलाने की अनुमति नहीं होगी।
बुकिंग के लिए देने होंगे 2.37 करोड़ रुपये
नई टेस्ला रोडस्टर को रिजर्व करने के लिए ग्राहकों को मोटी रकम खर्च करनी होगी। शुरुआत में 5,000 डॉलर जमा करने होंगे। इसके बाद अगले 10 दिनों के भीतर 2,45,000 डॉलर का भुगतान करना होगा।
इस तरह कुल रिजर्वेशन अमाउंट 2,50,000 डॉलर यानी करीब 2.37 करोड़ रुपये होगा।

दिलचस्प बात यह है कि यह कार की असली कीमत नहीं, बल्कि सिर्फ रिजर्वेशन अमाउंट है। टेस्ला ने अभी तक रोडस्टर की फाइनल कीमत का ऐलान नहीं किया है।
कंपनी ने अपने नियम और शर्तों में साफ किया है कि फिलहाल कार की सटीक कीमत बताना संभव नहीं है।
कब शुरू होगा कार का प्रोडक्शन?
टेस्ला के मुताबिक, नई रोडस्टर का प्रोडक्शन साल 2028 में शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह ग्राहकों को कार की डिलीवरी की कोई पक्की तारीख नहीं बता सकती।
यही वजह है कि कार की बुकिंग करने वाले ग्राहकों के सामने डिलीवरी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
2017 में भी दिखाया था रोडस्टर का सपना
टेस्ला ने इससे पहले साल 2017 में रोडस्टर का कॉन्सेप्ट पेश किया था। उस समय ग्राहकों ने इसे रिजर्व करने के लिए 50,000 डॉलर तक जमा किए थे।
कंपनी ने तब दावा किया था कि कार का प्रोडक्शन 2020 में शुरू होगा। लेकिन यह कार आज तक प्रोडक्शन तक नहीं पहुंच पाई।
ऐसे में नई रोडस्टर की शानदार क्षमताओं के साथ इसकी लॉन्चिंग और डिलीवरी को लेकर भी सवाल बने हुए हैं।

