scorecardresearch

Maruti Suzuki Brezza का नया रिकॉर्ड, भारत में 15 लाख यूनिट्स की बिक्री, नए मॉडल को भी जबरदस्त रिस्पॉन्स

Maruti Suzuki Brezza ने भारतीय ऑटो बाजार में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। करीब एक दशक से ग्राहकों की पसंद बनी इस SUV ने बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया है। वहीं, इसके अपडेटेड मॉडल को भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। जानिए नई ब्रेजा में क्या खास बदलाव हुए हैं।

Advertisement

In Short

  • Maruti Suzuki Brezza ने भारत में 15 लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार कर नया रिकॉर्ड बनाया है।
  • जुलाई 2026 में लॉन्च हुई अपडेटेड Brezza को अब तक 1 लाख से ज्यादा बुकिंग मिल चुकी हैं।
  • नई Brezza में 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन, 10.1-इंच टचस्क्रीन और कई नए फीचर्स दिए गए हैं।

देश की सबसे बड़ी कार कंपनियों में शामिल मारुति सुजुकी ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV Maruti Suzuki Brezza ने भारत में 15 लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। करीब एक दशक पहले लॉन्च हुई इस SUV को ग्राहकों का लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। जुलाई 2026 में लॉन्च हुई नई ब्रेजा को भी अब तक 1 लाख से ज्यादा बुकिंग मिल चुकी हैं।

advertisement

ग्राहकों के बीच Brezza का जबरदस्त क्रेज

मारुति सुजुकी के मुताबिक, ब्रेजा भारतीय ग्राहकों की पसंदीदा कॉम्पैक्ट SUV में शामिल है। कंपनी का दावा है कि करीब 56 फीसदी संभावित ग्राहक नई कार खरीदने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले ही ब्रेजा पर विचार करते हैं।

JATO Dynamics Limited के आंकड़ों के आधार पर कंपनी ने इसे भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट SUV बताया है। यह दावा फरवरी 2015 से मई 2026 के बीच हुई बिक्री पर आधारित है।

नई Brezza के डिजाइन में क्या बदला?

25 जुलाई 2026 को लॉन्च हुई अपडेटेड ब्रेजा के डिजाइन में कई बदलाव किए गए हैं। इसमें नई फ्रंट ग्रिल, बदला हुआ बंपर और डार्क क्रोम फिनिश दी गई है। LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और L-शेप DRL पहले जैसे ही हैं।

SUV में नए 16-इंच अलॉय व्हील्स और डुअल-टोन बॉडी क्लैडिंग मिलती है। कंपनी ने Vivacious Orange और Lustrous Beige जैसे दो नए रंग भी जोड़े हैं। टर्बो वेरिएंट में रेड एक्सेंट और खास बैजिंग दी गई है।

केबिन में मिलेंगे कई नए फीचर्स

नई ब्रेजा के इंटीरियर में भी बदलाव हुए हैं। इसमें 10.1-इंच SmartPlay Pro X टचस्क्रीन, Alexa कनेक्टिविटी और इनबिल्ट नेविगेशन मिलता है।

इसके अलावा 64-कलर एंबिएंट लाइटिंग, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, एयर प्यूरीफायर और कूलिंग वाला वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

इंजन और गियरबॉक्स के विकल्प

नई ब्रेजा में सबसे बड़ा बदलाव 1.0-लीटर Boosterjet टर्बो-पेट्रोल इंजन है। यह 110bhp की पावर और 170Nm का टॉर्क देता है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है।

वहीं, 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन 103bhp की पावर और 139Nm का टॉर्क देता है। इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों विकल्प हैं। S-CNG वेरिएंट में सिलेंडर गाड़ी के नीचे लगाया गया है, जिससे बूट स्पेस बचता है।

सेफ्टी में भी दमदार Brezza

अपडेटेड ब्रेजा को Bharat NCAP में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। नई तकनीक, ज्यादा फीचर्स और अलग-अलग इंजन विकल्पों के साथ कंपनी इस SUV की बाजार में मजबूत पकड़ बनाए रखना चाहती है।

advertisement