Ferrari की पहली इलेक्ट्रिक कार Luce भारत में पेश, 2.5 सेकंड में 100 की रफ्तार, इन दो शहरों में खुलेंगे नए शोरूम
इटली की लग्जरी कार कंपनी Ferrari ने भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार Luce पेश कर दी है। यह कार शानदार स्पीड, दमदार बैटरी और लंबी ड्राइविंग रेंज के साथ आई है। खास बात यह है कि Ferrari अब भारत में अपना कारोबार बढ़ाने की तैयारी में है। कंपनी अहमदाबाद और चेन्नई में नए शोरूम खोलने जा रही है।

In Short
- Ferrari ने भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार Luce पेश की।
- सिर्फ 2.5 सेकंड में 100 KM की रफ्तार, 530 KM से ज्यादा रेंज।
- अहमदाबाद और चेन्नई में Ferrari के नए शोरूम खुलेंगे।
इटली की लग्जरी स्पोर्ट्स कार बनाने वाली कंपनी Ferrari ने भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार Luce पेश कर दी है। कंपनी ने नई दिल्ली में आयोजित Universo Ferrari इवेंट में इस कार से पर्दा उठाया। हालांकि, भारत में इसकी कीमत का अभी खुलासा नहीं हुआ है। इसके साथ ही Ferrari ने अहमदाबाद और चेन्नई में दो नए शोरूम खोलने की योजना बनाई है। फिलहाल कंपनी के शोरूम दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में हैं।
सिर्फ 2.5 सेकंड में पकड़ेगी 100 की रफ्तार
Ferrari Luce कंपनी की पहली 5-सीटर कार है। इसमें चार इलेक्ट्रिक मोटर दी गई हैं, जो चारों पहियों को पावर देती हैं। यह कार महज 2.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 310 किलोमीटर प्रति घंटा है।
कंपनी के मुताबिक, एक बार फुल चार्ज होने पर यह कार 530 किलोमीटर से ज्यादा चल सकती है। इसमें 122 kWh की बैटरी दी गई है। फास्ट चार्जिंग की मदद से करीब 20 मिनट में बैटरी में 70 kWh बिजली भरी जा सकती है।
भारत में कारोबार बढ़ाने की तैयारी
Ferrari भारत को अपने लिए एक अहम बाजार मान रही है। भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) से कंपनी को फायदा मिलने की उम्मीद है।
Ferrari के वरिष्ठ अधिकारी फ्रांसेस्को बियांची के मुताबिक, अगले साल इस समझौते के लागू होने से पहले ही कंपनी की कारों की बुकिंग बढ़ गई है।
भारतीय शहरों से प्रेरित खास डिजाइन
Ferrari ने अहमदाबाद के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (NID) के साथ मिलकर भारत के लिए 10 खास डिजिटल डिजाइन तैयार किए हैं।
इनमें पांच डिजाइन Ferrari Purosangue और पांच Ferrari 12Cilindri के लिए हैं। Purosangue का डिजाइन दिल्ली की खूबसूरती से प्रेरित है, जबकि 12Cilindri में वाराणसी की संस्कृति और आध्यात्मिक पहचान की झलक मिलेगी।
दिल्ली में Ferrari की खास प्रदर्शनी
Ferrari ने नई दिल्ली में 17 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक Universo Ferrari प्रदर्शनी का आयोजन किया है। यहां लोग कंपनी की शानदार कारों, रेसिंग इतिहास, नई टेक्नोलॉजी और कार बनाने की खास तकनीकों को करीब से देख सकेंगे।

