scorecardresearch

चीन में ₹50 लाख, भारत में ₹1.57 करोड़! BYD की इस लग्जरी कार की कीमत में 3 गुना अंतर क्यों?

चीन की इलेक्ट्रिक कार कंपनी BYD ने भारत में अपनी लग्जरी Denza Z9 GT लॉन्च की है। इसकी कीमत ₹1.57 करोड़ रखी गई है, जबकि चीन में इसका समान टॉप वेरिएंट करीब एक-तिहाई कीमत पर मिलता है। आखिर एक जैसी पावर और फीचर्स वाली कार भारत में तीन गुना महंगी क्यों है? जानिए इंपोर्ट ड्यूटी और कीमत के इस बड़े अंतर की पूरी कहानी।

Advertisement
Denza Z9 GT (Image source: Denza.com)
Denza Z9 GT (Image source: Denza.com)

In Short

  • BYD Denza Z9 GT भारत में ₹1.57 करोड़, चीन के मुकाबले करीब 3 गुना महंगी
  • इलेक्ट्रिक कार 2.7 सेकंड में 100 kmph की रफ्तार और 670 km की क्लेम्ड रेंज देती है
  • ऊंची इंपोर्ट ड्यूटी कीमत बढ़ने की बड़ी वजह, 2023 में BYD का प्लांट प्रस्ताव हुआ था खारिज

चीन की दिग्गज इलेक्ट्रिक कार कंपनी BYD ने भारत में अपना लग्जरी और परफॉर्मेंस ब्रांड Denza लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने अपनी शानदार इलेक्ट्रिक कार Denza Z9 GT को भारतीय बाजार में ₹1.57 करोड़ की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर उतारा है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि यही कार चीन में करीब एक-तिहाई कीमत पर मिल रही है। आखिर भारत में इसकी कीमत इतनी ज्यादा क्यों है?

advertisement

भारत और चीन में कीमत का कितना अंतर?

BYD की Denza Z9 GT एक पांच सीटों वाली लग्जरी इलेक्ट्रिक कार है। भारत में इसकी कीमत ₹1.57 करोड़ रखी गई है, जबकि चीन में इसके समान टॉप-एंड ट्राई-मोटर इलेक्ट्रिक वेरिएंट की कीमत 3,69,800 युआन यानी करीब 55,100 डॉलर है।

इस हिसाब से भारत में यह कार चीन के मुकाबले लगभग तीन गुना महंगी है। खास बात यह है कि दोनों देशों में मिलने वाले वेरिएंट के पावरट्रेन स्पेसिफिकेशंस काफी हद तक एक जैसे हैं।

सिर्फ 2.7 सेकंड में पकड़ेगी 100 की रफ्तार

Denza Z9 GT में तीन इलेक्ट्रिक मोटर और ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम दिया गया है। यह कार 1,156 PS की पावर और 1,210 Nm का टॉर्क जनरेट करती है।

कंपनी के दावे के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक कार महज 2.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसमें 122.49 kWh की सेकेंड जेनरेशन ब्लेड बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज करने पर 670 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करती है।

भारत में इतनी महंगी क्यों है कार?

भारत में Denza Z9 GT की ज्यादा कीमत की एक बड़ी वजह इंपोर्ट ड्यूटी है। BYD इस कार को पूरी तरह तैयार हालत में विदेश से आयात करती है। भारत में ऐसी आयातित कारों पर कीमत के आधार पर कस्टम ड्यूटी 100% तक हो सकती है।

दरअसल, साल 2023 में भारत सरकार ने BYD के करीब 1 अरब डॉलर के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी थी। यह फैसला Press Note 3 के नियमों के तहत लिया गया था।

Denza D9 भी भारत में महंगी

BYD ने भारत में सात सीटों वाली इलेक्ट्रिक MPV Denza D9 भी ₹90 लाख की एक्स-शोरूम कीमत पर पेश की है। यह चीन के मुकाबले करीब 80% महंगी है।

BYD ने 2022 में भारतीय पैसेंजर कार बाजार में कदम रखा था। फिलहाल कंपनी के देश के 40 शहरों में 48 शोरूम हैं। कंपनी भारत में Atto 3, Seal, Sealion 7 और eMax 7 जैसे मॉडल भी बेचती है।