जोजिला टनल में ऐतिहासिक सफलता! 14 किमी लंबे सुरंग का पूरा हुआ ब्रेकथ्रू- अब साल भर खुला रहेगा लद्दाख का रास्ता
जोजिला सुरंग में फाइनल ब्रेकथ्रू पूरा होने के साथ भारत ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अब श्रीनगर और लद्दाख के बीच सालभर सड़क संपर्क का सपना साकार होने के करीब है। जानिए कैसे 14 किलोमीटर लंबी यह सुरंग विकास, पर्यटन, सेना और स्थानीय लोगों के लिए गेमचेंजर साबित होगी।

Zojila Tunnel: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के बीच सालभर सड़क संपर्क का सपना अब सच होने के बेहद करीब पहुंच गया है। सोमवार को जोजिला टनल प्रोजेक्ट में एक बड़ा और ऐतिहासिक पड़ाव पूरा हो गया। सुरंग का अंतिम 'ब्रेकथ्रू' सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया, यानी पहाड़ के दोनों छोर अब आपस में पूरी तरह जुड़ गए हैं।
इस खास मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मौजूद रहे और इस उपलब्धि के गवाह बने।
लद्दाख को मिलेगी बड़ी राहत
इस प्रोजेक्ट का सबसे मुश्किल काम (ब्रेकथ्रू) पूरा होने के बाद एलजी मनोज सिन्हा ने इसे एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि लद्दाख के लोगों को ऑल-वेदर कनेक्टिविटी देने का सपना अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट से जुड़े सभी इंजीनियरों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि इतनी ऊंचाई और मुश्किल एनवायरमेंट में काम करना आसान नहीं था।
सिन्हा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के डेवलपमेंट की सबसे बड़ी कुंजी कनेक्टिविटी होती है और पिछले कुछ सालों में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में इस दिशा में बड़े काम हुए हैं।
भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर के इतिहास का सुनहरा दिन
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस उपलब्धि को भारतीय इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर के इतिहास का सुनहरा दिन बताया। उन्होंने कहा कि करीब 14 किलोमीटर लंबी यह सुरंग मॉडर्न टेक्नोलॉजी और ग्लोबल सेफ्टी स्टैंडर्ड के साथ बनाई जा रही है।
गडकरी ने कहा कि अब तक इसे एशिया की सबसे लंबी सुरंगों में गिना जा रहा था, लेकिन यह दुनिया के स्तर पर भी एक बड़ी उपलब्धि साबित होगी। उनके मुताबिक यह सुरंग लेह और लद्दाख के लोगों के लिए किसी लाइफलाइन से कम नहीं होगी।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: मनाली-मसूरी छोड़िए! आनंद महिंद्रा ने बताई ऐसी जगह, जहां आज भी मिलती है असली शांति
कड़ाके की ठंड में चला प्रोजेक्ट
इस प्रोजेक्ट को पूरा करना आसान नहीं था। लगभग 3,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस इलाके में सर्दियों के दौरान तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला जाता है।
गडकरी ने बताया कि कई बार -4°C या उससे भी कम तापमान में इंजीनियरों, मजदूरों, ठेकेदारों और मेडिकल टीमों ने लगातार काम किया। उनकी मेहनत और लगन की वजह से यह मुश्किल प्रोजेक्ट आज इस मुकाम तक पहुंच पाया है।
जोजिला टनल में अब आगे क्या होगा?
ब्रेकथ्रू पूरा होने का मतलब यह नहीं है कि सुरंग तुरंत शुरू हो जाएगी। अब सुरंग के अंदर सड़क निर्माण, लाइटिंग सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, वेंटिलेशन और अन्य आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं को लगाने का काम तेजी से किया जाएगा। इन कामों के पूरा होने के बाद सुरंग आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: अमेरिका में भारतीय महिला के बयान से मचा बवाल, बोलीं- अपने रेस्टोरेंट में भारतीयों को नौकरी नहीं देती
क्यों खास है यह सुरंग?
सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह हाईवे कई महीनों तक बंद हो जाता है, जिससे लद्दाख का सड़क संपर्क देश के बाकी हिस्सों से कट जाता है। लेकिन जोजिला सुरंग शुरू होने के बाद यह समस्या लगभग खत्म हो जाएगी। कश्मीर घाटी और लद्दाख के बीच सालभर आवाजाही संभव होगी।
इससे आम लोगों, पर्यटकों, ट्रेड और आर्मी सभी को फायदा मिलेगा। जोजिला सुरंग सिर्फ एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के लिए डेवलपमेंट, सेफ्टी और बेहतर कनेक्टिविटी का नया रास्ता साबित होने जा रही है।