दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी और तेज बारिश का अलर्ट! मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने तेज आंधी, बारिश और तेज हवाओं को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। आखिर मौसम इतना अचानक क्यों बदला और किन इलाकों पर सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है? पूरी जानकारी जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

Advertisement
दिल्ली NCR में धूल भरी आंधी और तेज बारिश का अलर्ट

In Short

  • दिल्ली-एनसीआर में तेज धूल भरी आंधी के बाद मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।
  • 80 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
  • दिल्ली के साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में भी मौसम खराब रहने का अलर्ट है।

By Gaurav Kumar:

Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर (Delhi NCR) में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली, जिससे कई इलाकों में आसमान धूल से भर गया। धूल इतनी ज्यादा थी कि लोगों को सड़क पर देखने और गाड़ी चलाने में भी परेशानी हुई।

इसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। IMD ने अगले कुछ घंटों में तेज आंधी, बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी दी है।

100km/h तक चल सकती हैं तेज हवाएं

IMD के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसी वजह से पूरे दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: मुंबई पहुंचा मानसून! तपती गर्मी से मिलेगी राहत; जानें अन्य राज्यों में कब देगा दस्तक

IMD ने यह चेतावनी जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग (Disaster Management Department) को भी भेज दी है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

अचानक क्यों बदला मौसम?

करीब दोपहर 2:30 बजे दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली। कुछ ही मिनटों में तेज हवाएं चलने लगीं और धूल का गुबार पूरे इलाके में फैल गया। सोशल मीडिया पर भी धूल भरी आंधी के कई वीडियो सामने आए, जिनमें सड़कों पर धूल का गुबार साफ दिखाई दिया।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: Monsoon 2026: Skymet का अनुमान, कमजोर पड़ सकता है मानसून, जुलाई में राहत की उम्मीद

IMD के मुताबिक, यह धूल भरी आंधी मानसून से पहले बनने वाले सामान्य मौसम बदलाव की वजह से आई। उत्तर-पश्चिम भारत में कई दिनों से तेज गर्मी पड़ रही थी। इसी बीच ऊपर की तरफ से ठंडी हवा पहुंची, जिससे मौसम अचानक बदल गया और बड़े-बड़े बादल बनने लगे।

इन बादलों के बनने के बाद तेज हवाओं ने जमीन की सूखी धूल को हवा में उड़ा दिया, जिससे धूल भरी आंधी चली। IMD का कहना है कि इसके बाद कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।

इन राज्यों में भी अलर्ट

दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में भी मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा के सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, भिवानी और चरखी दादरी, उत्तर प्रदेश के बागपत, खेकड़ा, पिलखुआ और सिकंदराबाद, जबकि राजस्थान के अलवर, भिवाड़ी, तिजारा और डीग में भी खराब मौसम की संभावना जताई गई है।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से कहा है कि तेज आंधी और हवाओं के दौरान घर के अंदर रहें। बहुत जरूरी न हो तो बाहर निकलने से बचें। साथ ही ऐसी चीजों को सुरक्षित रखें, जो तेज हवा में उड़ सकती हैं।

मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून जैसे-जैसे उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा, आने वाले दिनों में ऐसी आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Read more!
Advertisement