scorecardresearch

ई-रिक्शा ऐप के बाद अब ATM कंट्रोल का दावा, वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता- जानिए कितना सच है दावा

सोशल मीडिया पर ATM से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मोबाइल ऐप की मदद से ATM मशीन को बंद और चालू करने जैसा दावा किया गया है। हालांकि एक्सपर्ट्स इस दावे पर सवाल उठा रहे हैं।

Advertisement
AI image

In Short

  • वायरल वीडियो में मोबाइल ऐप की मदद से ATM मशीन को बंद और चालू करने का दावा किया गया है।
  • ऐप का इंटरफेस BAT-BMS जैसा दिखने की वजह से इसे ई-रिक्शा वाले मामले से जोड़ा जा रहा है।
  • एक्सपर्ट्स के मुताबिक ATM बैंक के मजबूत सिस्टम और कई लेयर वाली सिक्योरिटी पर चलते हैं, इसलिए इन्हें ऐप से कंट्रोल करना बेहद मुश्किल है।

ATM viral video: इंटरनेट पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि मोबाइल ऐप की मदद से ATM मशीन को बंद और चालू किया जा सकता है। वीडियो में दो लोग फोन पर एक ऐप का इस्तेमाल करते दिखते हैं और उसी दौरान ATM मशीन बंद और फिर चालू होती नजर आती है।

advertisement

हालांकि, इस वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं की जा सकती। साथ ही एक्सपर्ट्स का कहना है कि ATM जैसी सुरक्षित मशीन को किसी सामान्य मोबाइल ऐप या ब्लूटूथ से चलाना मुमकिन नहीं है।

 वीडियो में आखिर क्या नजर आ रहा है?

वायरल वीडियो में फोन पर एक ऐप का इंटरफेस दिख रहा है, जो BAT-BMS जैसी ऐप से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। इसी ऐप की मदद से ATM मशीन को बंद और फिर चालू करने का दावा किया गया है।

वीडियो में ऐसा करने वालों के चेहरे साफ नहीं दिख रहे। यह भी साफ है कि वे बैंक या ATM मशीन को संभालने वाले स्टाफ नहीं है। इसी वजह से वीडियो को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या वाकई ऐसा हो सकता है या फिर यह सिर्फ दिखाने के लिए बनाया गया वीडियो है।

ई-रिक्शा वाले मामले से क्यों जोड़ा जा रहा वीडियो?

इस वीडियो को ई-रिक्शा वाले मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले दिनों BAT-BMS और Lossigy जैसे चीनी मोबाइल ऐप्स के गलत इस्तेमाल से चलते हुए ई-रिक्शा को दूर से बंद करने के मामले सामने आए थे।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: BRICS महिला मंत्रिस्तरीय बैठक आज से, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और डिजिटल पहुंच पर होगी चर्चा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ई-रिक्शा के BMS सिस्टम की कमजोरी की वजह से उन्हें ऐप के जरिए कंट्रोल किया जा सकता था। अब ATM से जुड़े वीडियो में भी ऐप का इंटरफेस BAT-BMS जैसा दिखने की वजह से यह चर्चा और तेज हो गई है।

क्या ATM को ऐप से कंट्रोल किया जा सकता है?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक ATM मशीनें आम डिवाइस की तरह काम नहीं करतीं। ये बैंक के सुरक्षित नेटवर्क, VPN और कई लेयर वाली सिक्योरिटी पर चलती हैं। ऐसे में किसी मोबाइल ऐप या ब्लूटूथ की मदद से ATM को बंद या चालू करना बेहद मुश्किल माना जा रहा है।

रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि हो सकता है ATM मशीन खुद ही रीबूट हो रही हो और वीडियो बनाने वालों ने सिर्फ टाइमिंग मिलाकर ऐसा दिखाने की कोशिश की हो कि मशीन ऐप से कंट्रोल हो रही है।

advertisement

सरकार ने पहले ऐप्स पर लिया था एक्शन

ई-रिक्शा वाले मामले सामने आने के बाद सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने गूगल प्ले स्टोर और ऐप स्टोर को कहा था कि ऐसे ऐप्स पर एक्शन लें। इसके बाद BAT-BMS जैसी ऐप्स को हटा दिया गया था।

लेकिन अभी भी गूगल प्ले स्टोर पर BAT-BMS नाम से कई नकली ऐप्स दिख रहे हैं, जिन्हें लोग डाउनलोड कर रहे हैं। ATM वाले इस वायरल वीडियो पर अभी तक किसी बैंक की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है।